फसल मुआवजे को लेकर ग्रामीणों का धरना
बाढ़-बारिश से नुकसान पर महिलाओं ने भी जताया आक्रोश, विधायक ने दिया मदद का आश्वासन
कमलेश मेहरोत्रा लहरपुर (सीतापुर)। क्षेत्र में बाढ़ व बारिश के पानी से प्रभावित ग्रामीणों ने फसल नुकसान के मुआवजे की मांग को लेकर किया धरना प्रदर्शन, महिलाओं में भी दिखा भारी आक्रोश, धरना प्रदर्शन की सूचना पर मौके पर पहुंचे विधायक अनिल वर्मा ने ग्रामीणों को हर संभव मदद का दिया आश्वासन। तहसील क्षेत्र के ग्राम कल्ली, खजुरा, लखनियापुर समेत कई गांवों में बाढ़ और बारिश से हुए फसल नुकसान के मुआवजे की मांग को लेकर बुधवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों और महिलाओं ने ग्राम कल्ली में धरना-प्रदर्शन शुरू किया, ग्रामीणों का आरोप है कि, गांवों की सड़कों पर अब भी बाढ़ और बारिश का पानी भरा हुआ है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। वहीं खेतों में पानी भर जाने से धान समेत अन्य फसलों को भी भारी नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, सोमवार को तहसील में ज्ञापन देकर फसलों के नुकसान का सर्वे और मुआवजा दिलाने की मांग की गई थी, लेकिन आरोप है कि इसके बाद कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा और न ही फसल नुकसान का सत्यापन कराया गया इससे नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को धरना शुरू कर दिया। धरने के दौरान कल्ली गांव की महिलाओं में भी काफी आक्रोश दिखाई दिया, महिलाओं का कहना है कि, बाढ़ के कारण ग्रामीण परेशान हैं, लेकिन अभी तक कोई अधिकारी और जनप्रतिनिधि गांव की स्थिति देखने नहीं पहुंचा, महिलाओं ने कहा कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो उनका विरोध जारी रहेगा।ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मौके पर पहुंचकर बाढ़ प्रभावित गांवों का सर्वे कराने, फसल नुकसान का आकलन कराकर मुआवजा दिलाने और जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
इस सम्बंध में तहसीलदार मनीष त्रिपाठी ने बताया कि, प्रभावित किसानों का सर्वे कराया जा रहा है जल्द ही मुआवजा दिलाया जाएगा। धरना प्रदर्शन की सूचना मिलते ही न्यायिक तहसीलदार स्वाति सिंह ने मौके पर पहुँच कर धरना प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से वार्ता की और समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन देकर धरना प्रदर्शन समाप्त कराया।
Oct 07 2026, 20:12
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
2- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k