कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ किया प्रदर्शन:जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे कार्यकर्ता, राष्ट्रपति को संबोधित डीएम को सौंप
नितेश श्रीवास्तव
भदोही । शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी भदोही के अध्यक्ष वसीम अंसारी के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट मुख्यालय के बाहर एकत्र हुए। हाथों में तख्तियां लेकर कार्यकर्ताओं ने “वोट चोर कहाँ मिलेंगे? भाजपा के दफ्तर में…” सहित जोरदार नारे लगाते हुए पैदल मार्च किया और जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर महामहिम राष्ट्रपति महोदया को संबोधित 9 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष वसीम अंसारी के हाथ में रखा पिंजरा आकर्षण का केंद्र रहा। पिंजरे के बाहर भाजपा कार्यालय का प्रतीकात्मक चित्र और अंदर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की तस्वीर लगाई गई थी। कांग्रेस ने इसके माध्यम से मुख्य चुनाव आयुक्त पर भाजपा के दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े गंभीर मामलों की निष्पक्ष जांच, मतदाता सूची में पारदर्शिता तथा मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा सहित 9 सूत्रीय मांगें रखी गईं।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोऑर्डिनेटर एवं भदोही प्रभारी दयाशंकर पांडेय ने कहा, “चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद है। मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो उन्हें पद से हटाकर कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।”
जिलाध्यक्ष वसीम अंसारी ने कहा, “आज देश में सबसे बड़ा सवाल जनता के वोट की सुरक्षा का है। निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे गंभीर सवालों की स्वतंत्र जांच जरूरी है। कांग्रेस का संघर्ष हर नागरिक के वोट और लोकतांत्रिक अधिकार की रक्षा के लिए है। वोट की ताकत से किसी को खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।”
उन्होंने कहा कि यदि मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने सहित कांग्रेस की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो कांग्रेसजन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और व्यापक करने के लिए बाध्य होंगे।
ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट के बाहर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के प्रतीकात्मक चित्र का दहन कर जोरदार नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन में मुख्य रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र कुमार दूबे ‘राजन’, माबूद खान, पंडित दीनानाथ दूबे, सुरेश चंद्र मिश्रा, राजेश्वर दूबे, सुरेश गौतम, त्रिलोकी नाथ बिंद, मुसीर इकबाल, सुरेश उपाध्याय, राजेश पांडेय, संजीव दूबे, अवधेश पाठक, सुरेश चौहान, रमाशंकर बिंद, अजय प्रजापति, महेश चंद मिश्रा, शिव पूजन मिश्रा, राजेन्द्र प्रसाद मौर्या, नाजिम अली,उपेंद्र कुमार भारती, संजय जायसवाल, गुलजारी उपाध्याय, शक्ति मिश्रा, शमसीर अहमद, सरफराज अहमद, जज लाल राय, अनीश शेख, राकेश पाल,सुमित शुक्ला चिंटू बंसीधर शुक्ला, कमलेश शुक्ला, ज्ञानी गौतम, विशाल गौतम, धीरज पाल, नितिन सिंह, राजकुमार गौतम, रामू गौतम, राम सजीवन गौतम, मखौइलाल बिंद, भगवान दास बिंद, मुनेंद्र बिंद, राम बाबू गुप्ता, मीना देवी, संतोष पाल, राजेश पाल, बिमलेश पाल, महेंद्र यादव, करण मौर्या, अलाउद्दीन, राजेश सरोज, संदीप गौतम, परवेश हाशमी, राजनाथ यादव, गुलाबधर प्रजापति, मुलायम यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
Sep 28 2026, 19:24
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.4k