मऊ के इंटर कॉलेज में 11वीं के छात्र को चाकू मारने का आरोप, क्लासमेट पर हमला करने का आरोप
![]()
मऊ के नोमानी इंटर कॉलेज में बुधवार को 11वीं कक्षा के एक छात्र को चाकू मारकर घायल करने का मामला सामने आया है। घायल छात्र की पहचान रैनी गांव निवासी 17 वर्षीय आदित्य कुमार के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आदित्य ने अपने ही क्लासमेट गुलशन सोनकर पर चाकू से वार करने का आरोप लगाया है। छात्र के मुताबिक, दोनों 11वीं कक्षा में पढ़ते हैं। उसका कहना है कि बुधवार दोपहर लंच के बाद करीब 12 बजे गुलशन ने उससे सिगरेट मांगी। पैसे नहीं होने की बात कहने पर कथित तौर पर दोनों के बीच विवाद हुआ।
आदित्य के अनुसार, गुलशन ने उसे धमकी देते हुए चाकू निकाल लिया। उसे लगा कि वह मजाक कर रहा है। लंच खत्म होने के बाद जब वह गुलशन के पास बैठा था, तभी चाकू को लेकर मजाक के दौरान कथित तौर पर उसके हाथ पर वार कर दिया गया।
घायल छात्र ने यह भी आरोप लगाया कि गुलशन कई दिनों से कॉलेज में चाकू लेकर आ रहा था। उसका कहना है कि वह विवाद में नहीं पड़ना चाहता था, इसलिए पहले इसकी शिकायत नहीं की।
घटना के बाद परिजन आदित्य को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। छात्र के मुताबिक, पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे और उसका बयान दर्ज किया। परिजनों ने थाने में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने की बात कही है।
दक्षिण टोला थाना अध्यक्ष बसंत लाल ने बताया कि 11वीं कक्षा के दो छात्रों के बीच बहस के दौरान घटना हुई है। अभी परिजनों की शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।






Sep 18 2026, 12:57
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k