सेवा संकल्प अभियान से जन-जन तक पहुंचेगी 25 वर्षों की जनसेवा की उपलब्धियां*
*17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होगा सेवा संकल्प अभियान, सेवा-सुशासन और गरीब कल्याण को मिलेगा व्यापक विस्तार*
रिपोर्टर - नितेश श्रीवास्तव
भदोही। नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन तथा ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत मंत्री ए.के. शर्मा की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, विधायक औराई दीनानाथ भास्कर, विधायक ज्ञानपुर विपुल दुबे, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि संजय बिन्द, पूर्व विधायक रविन्द्रनाथ त्रिपाठी, जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी सहित जनपद के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का व्यापक अभियान है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल में देश में हुए ऐतिहासिक विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों को प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने के साथ ही विकसित भारत-2047 के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। विभिन्न विभागों की कल्याणकारी योजनाओं में यदि कोई पात्र व्यक्ति अभी तक लाभ से वंचित है तो उसका चिन्हांकन कर उसे योजना से जोड़ा जाए। सेवा का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब पात्र व्यक्ति को बिना किसी कठिनाई के शासन की योजनाओं का लाभ उसके द्वार तक मिले। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसमें जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जाए। ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक कार्यक्रमों की प्रभावी मॉनिटरिंग करते हुए प्रत्येक गतिविधि का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा तथा प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत-2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान में ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ एवं ‘सुशासन सेवा संवाद’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनके माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, लाभार्थियों के अनुभव, सेवा गतिविधियों, नवाचारों और विकसित भारत-2047 के संकल्प को व्यापक जनभागीदारी से आगे बढ़ाया जाएगा। अभियान के दौरान प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सेवा गतिविधियां, श्रमदान, रक्तदान, स्वच्छता, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जांच, जल संरक्षण, गौशाला एवं अमृत सरोवर में सेवा कार्य, महिला स्वास्थ्य एवं पोषण जागरूकता, दिव्यांगजन सहयोग, मतदाता जागरूकता, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा सहित विभिन्न जनोपयोगी गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत विकासखंड एवं नगरीय निकाय स्तर पर बहुउद्देशीय सेवा शिविर आयोजित कर पात्र लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। वंचित पात्र व्यक्तियों का मौके पर आवेदन, सत्यापन एवं आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर उन्हें योजनाओं से आच्छादित करने पर विशेष जोर रहेगा। बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अभियान की प्रत्येक गतिविधि के लिए माइक्रो लेवल पर कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समय में उपलब्ध कराई जाए तथा कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने जनपदवासियों से अपील की कि 17 सितम्बर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के अंतर्गत पूरे जनपद में व्यापक स्तर पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारीगण एवं मा. जनप्रतिनिधिगण अपने-अपने क्षेत्रों में सरकारी भवनों, कार्यालयों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर दीप जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। इसके साथ ही जिन-जिन योजनाओं के जितने लाभार्थी हैं, उन्हें भी इस अभियान से जोड़ते हुए उनके घरों पर दीप प्रज्ज्वलित कराया जाए।
उन्होंने कहा कि व्यापारी प्रतिष्ठानों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं, नगर पंचायतों, नगर निकायों तथा उनके भवनों पर भी दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का संदेश दिया जाए। 17 सितम्बर को पूरा जनपद दीपों से जगमगाते हुए प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के निरंतर जनसेवा काल के प्रति आभार व्यक्त करे तथा विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प में सहभागी बने।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि यह दीप केवल प्रकाश का प्रतीक नहीं, बल्कि जनसेवा, विकास, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक होगा। उन्होंने सभी जनपदवासियों से अपील की कि 17 सितम्बर को अपने घर, प्रतिष्ठान एवं संस्थान पर दीप जलाकर इस जनभागीदारी अभियान को सफल बनाएं।
प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने निर्देशित किया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद में स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ा जाए। उन्होंने नगर पालिकाओं एवं नगर निकायों के अधिकारियों तथा जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि विशेष निर्धारित तिथियों पर नगर क्षेत्रों के साथ-साथ सभी ग्राम पंचायतों एवं गांवों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों, सरकारी भवनों, प्रमुख मार्गों, बाजारों एवं धार्मिक स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता भी बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर जनपद के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने पशुओं में लम्पी रोग की रोकथाम के लिए प्रभावी टीकाकरण अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधानों से समन्वय स्थापित कर गांव-गांव पशुपालकों से संपर्क करते हुए पात्र पशुओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही संचारी रोगों की रोकथाम के लिए ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाते हुए आवश्यक स्थानों पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जाए। जलभराव वाले क्षेत्रों की नियमित सफाई एवं निगरानी सुनिश्चित करते हुए जनसामान्य को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाए।
प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद में महायज्ञ एवं प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया जाएगा। प्रमुख ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण स्मारकों पर लेजर शो के माध्यम से सेवा, सुशासन, जनकल्याण और विकसित भारत-2047 की संकल्पना को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही गांव-गांव ग्राम चौपाल एवं सीधा संवाद कार्यक्रम आयोजित कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनपद में 102 डिजिटल लाइब्रेरी के लोकार्पण के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं को आधुनिक डिजिटल शिक्षा संसाधनों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जाएगी।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि संजय बिन्द, पूर्व जिलाध्यक्ष विनय श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ला, अपर जिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला, डीईएसटीओ अनिल कुमार सिंह, एसीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित सभी जनपदीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Sep 12 2026, 19:38
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0