जनपद मऊ -: कोटेदारों के लाभांश में ₹35 की बढ़ोतरी, संघ ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
₹90 से बढ़कर ₹125 प्रति कुंतल हुआ लाभांश, जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा धन्यवाद ज्ञापन
मऊ। उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) के लाभांश में शासन द्वारा ₹35 प्रति कुंतल की वृद्धि किए जाने पर जनपद के कोटेदारों में खुशी की लहर है। लाभांश ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति कुंतल किए जाने के निर्णय पर ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय के प्रति आभार जताया।
बुधवार को संघ के जिलाध्यक्ष सत्यपाल और उपाध्यक्ष अरविन्द कुमार सिंह (गुड्डु) के नेतृत्व में विभिन्न विकासखंडों एवं नगर क्षेत्र के उचित दर विक्रेताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं खाद्य एवं रसद मंत्री को संबोधित धन्यवाद एवं आभार ज्ञापन सौंपा।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि लाभांश में ₹35 प्रति कुंतल की वृद्धि कोटेदारों के आर्थिक हितों की दिशा में महत्वपूर्ण और सराहनीय निर्णय है। इससे प्रदेश के हजारों उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक मजबूती मिलेगी और वे सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत गरीब, जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाने की जिम्मेदारी और बेहतर ढंग से निभा सकेंगे।
कोटेदार संघ ने कहा कि लाभांश बढ़ाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। शासन के सकारात्मक निर्णय से कोटेदारों में संतोष और उत्साह का माहौल है। संघ ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए खाद्य एवं रसद मंत्री को विशेष धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर अरविन्द सिंह, शैलेष राजभर, मीरा देवी, फतेहबहादुर सिंह, अशोक कुमार सिंह, अतिकुर्रहमान, मुसाफिर यादव, देवेन्द्र कुमार, सुभाष चन्द्र पटेल सहित विभिन्न क्षेत्रों के उचित दर विक्रेता मौजूद रहे।
Sep 02 2026, 20:11
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1