/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/ajaydev/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png StreetBuzz स्वाइन फ्लू को लेकर सीएम योगी अलर्ट, अधिकारियों को निगरानी बढ़ाने के निर्देश lucknow
स्वाइन फ्लू को लेकर सीएम योगी अलर्ट, अधिकारियों को निगरानी बढ़ाने के निर्देश
- बोले- लक्षणों को नजरअंदाज न करें, समय पर जांच और इलाज कराएं; अस्पतालों में जरूरी तैयारियां पूरी रखने के आदेश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मामलों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से बीमारी की स्थिति पर लगातार नजर रखने और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि स्वाइन फ्लू के संभावित लक्षणों को हल्के में न लें। सर्दी-जुकाम, बुखार या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण सामने आने पर समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लेकर आवश्यक जांच कराएं।
सीएम योगी ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने जिलों में सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अस्पतालों में पर्याप्त तैयारियां रखने के साथ जरूरी दवाओं, उपकरणों और अन्य व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वाइन फ्लू की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। स्वास्थ्य विभाग को भी बीमारी की रोकथाम और मरीजों के उपचार से जुड़ी व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
रक्षाबंधन पर लखनऊ जेल में यह है खास इंतजाम
- मुलाकातियों के लिए हेल्प डेस्क, पानी-मिष्ठान और मेडिकल सुविधा की व्यवस्था; राखी, रोली और मिठाई भी उपलब्ध करा रहा जेल प्रशासन

लखनऊ। रक्षाबंधन के पर्व पर जिला कारागार लखनऊ में बंद भाइयों को राखी बांधने पहुंच रही बहनों की सुविधा के लिए जेल प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। कारागार के बाहर हेल्प डेस्क स्थापित की गई है, जहां बाहर से आने वाली बहनों और अन्य मुलाकातियों की सहायता की जा रही है।
मुलाकातियों के लिए पानी, मिष्ठान और कोल्ड ड्रिंक की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही किसी भी आकस्मिक स्वास्थ्य समस्या से निपटने के लिए मेडिकल डेस्क भी बनाई गई है, जहां जरूरत पड़ने पर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिन बहनों के पास राखी, रोली, अक्षत या मिठाई नहीं है, उन्हें जेल प्रशासन की ओर से ये सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपने भाइयों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मना सकें।
जिला कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक आरके जायसवाल, जेलर ऋत्विक प्रियदर्शी समेत कारागार के अधिकारी और कर्मचारी व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने में जुटे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि पर्व के दौरान आने वाले मुलाकातियों को किसी तरह की असुविधा न हो।
उत्तर प्रदेश की सभी जेलों में हर्षोल्लास से मनाया जा रहा रक्षाबंधन का पर्व
- कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने बंदियों को बहनों से राखी बंधवाने के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

लखनऊ, 28 अगस्त। कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने बताया कि आज प्रदेश की सभी कारागारों में भाई-बहन के पवित्र प्रेम और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में बहनें अपने भाइयों से मिलने के लिए कारागारों में पहुंच रही हैं और उनकी कलाई पर राखी बांधकर उनके सुखद एवं स्वस्थ जीवन की कामना कर रही हैं। कारागार मंत्री ने बताया कि रक्षाबंधन के पावन पर्व को देखते हुए प्रदेश की सभी कारागारों के जेल अधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देश दिए गए हैं कि बंदियों से मिलने के लिए आने वाली उनकी बहनों एवं अन्य परिजनों के लिए समुचित, सुचारू एवं सुविधाजनक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसी भी महिला अथवा परिजन को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि कारागारों में निरुद्ध बंदियों को भी अपने परिजनों एवं विशेषकर बहनों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाने का अवसर मिलना उनके भावनात्मक जुड़ाव और सामाजिक पुनर्वास की दिशा में महत्वपूर्ण है। इस दौरान कारागार प्रशासन द्वारा मुलाकात की प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं सुगम बनाए रखने के साथ-साथ आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य कारागारों को केवल दंड देने का स्थान न बनाकर सुधार, पुनर्वास और मानवीय संवेदनाओं का केंद्र बनाना है। त्योहारों के अवसर पर बंदियों को अपने परिवार से जुड़ने का अवसर देने से उनमें सकारात्मक सोच और समाज की मुख्यधारा में लौटने की भावना को बल मिलता है। कारागार मंत्री ने रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेश की सभी बहनों और भाइयों के सुख, समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
यूपी में थमेगी बारिश की रफ्तार, अगले तीन-चार दिन कमजोर रहेगा मानसून

- एक सितंबर तक भारी बारिश का अलर्ट नहीं, तराई समेत कुछ इलाकों में हल्की बारिश के आसार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से जारी बारिश के दौर पर अब विराम लगने के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से प्रदेश में मानसून की सक्रियता धीरे-धीरे कम होगी और अगले तीन से चार दिनों तक बारिश का जोर अपेक्षाकृत कमजोर रह सकता है। एक सितंबर तक प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में कहीं भी भारी बारिश की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
हालांकि तराई क्षेत्र के साथ ही कुछ अन्य जिलों में स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश का सिलसिला बना रह सकता है। शुक्रवार को प्रदेश के 19 जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

- बुंदेलखंड समेत कई जिलों में जमकर बरसे बादल
इससे पहले बृहस्पतिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहा। बुंदेलखंड के अलावा पश्चिमी और मध्य यूपी के कुछ जिलों में भी मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। मुरादाबाद में सबसे अधिक 161 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा महोबा में 155 मिमी, बदायूं में 154 मिमी, गोंडा में 133 मिमी और बांदा में 101.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक शुक्रवार से मानसून की गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं। अगले कुछ दिनों में बारिश की तीव्रता घटने के साथ मौसम में उमस बढ़ सकती है। बारिश थमने के बाद तापमान में बढ़ोतरी और उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
सीएम योगी ने प्रदेशवासियों को दी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं


- बोले- भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक है यह पावन पर्व, सनातन विरासत और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने का लें संकल्प

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन स्नेह, विश्वास और संस्कारों से जुड़ा पर्व है, जो भाई-बहन के अटूट प्रेम और आत्मीय रिश्ते का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों का आह्वान करते हुए कहा कि इस पवित्र अवसर पर हम सभी को अपनी सनातन विरासत को और मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए। साथ ही परिवार और समाज में प्रेम, सौहार्द तथा आपसी विश्वास को बढ़ावा देने के लिए पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में भी प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व भारतीय संस्कृति में भाई-बहन के रिश्ते की गरिमा और पारिवारिक एकता की भावना को मजबूत करता है। मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
डीरेगुलेशन 2.0 में यूपी के सुधारों की समीक्षा, मंजूरी प्रक्रिया तेज करने पर जोर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कारोबार और नागरिक सेवाओं से जुड़े नियमों को आसान बनाने की दिशा में डीरेगुलेशन 2.0 के तहत सुधारों की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इन्वेस्ट यूपी में हुई केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों की समीक्षा बैठक में अनुपालन का बोझ कम करने, नियमों को सरल बनाने और विभिन्न मंजूरियों की प्रक्रिया को अधिक तेज व सुगम बनाने पर जोर दिया गया।
कैबिनेट सचिवालय के विशेष सचिव के.के. पाठक की अध्यक्षता में हुई बैठक में कैबिनेट सचिवालय के अतिरिक्त सचिव राहुल शर्मा समेत केंद्र और प्रदेश सरकार के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में खाद्य कारोबार के लिए एफएसएसएआई लाइसेंस, श्रम कानून, जीएसटी प्रक्रियाएं, फायर लाइसेंस, अग्नि सुरक्षा मानक, यूपीबीबीएल के तहत भवन स्वीकृति, एमएसएमई से जुड़ी सुविधाओं और यूपीपीसीएल के बिजली कनेक्शन की प्रक्रियाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने प्रमुख क्षेत्रों में मंजूरी से जुड़ी अड़चनों की पहचान करते हुए उन्हें दूर करने के लिए प्राथमिकता वाले सुधारों पर चर्चा की। नगर नियोजन और आवास संबंधी नियमों को सरल बनाने, एफएआर में अधिक लचीलापन देने तथा नए विद्यालयों की स्थापना की प्रक्रिया आसान करने के प्रस्तावों पर भी विचार किया गया। इसके अलावा राजस्व विभाग से जुड़ी कुछ प्रक्रियाओं में सरलीकरण और शिथिलीकरण की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

- अनावश्यक बाधा न बनें नियम
बैठक में के.के. पाठक ने कहा कि नियमों का मूल उद्देश्य पूरा होना चाहिए, लेकिन वे व्यवसायों और नागरिकों के लिए अनावश्यक बाधा नहीं बनने चाहिए। अग्नि सुरक्षा के संबंध में उन्होंने कहा कि व्यवस्था का केंद्र लोगों की जान की सुरक्षा होनी चाहिए। केवल अनापत्ति प्रमाण पत्र हासिल करने तक अग्नि सुरक्षा को सीमित नहीं किया जाना चाहिए।
उत्तर प्रदेश ने नियामकीय सुधारों और अनुपालन बोझ कम करने के पहले चरण में मंजूरी से जुड़ी बाधाओं को दूर करने तथा प्रक्रियाओं को सरल बनाने के मामले में राज्यों में अग्रणी प्रदर्शन किया था। अधिकारियों के अनुसार, डीरेगुलेशन 2.0 इसी सुधार प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का अगला चरण है।
बैठक में इन्वेस्ट यूपी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विजय किरण आनंद, माध्यमिक शिक्षा विभाग की सचिव किंजल सिंह, राजस्व विभाग की सचिव दिव्या मित्तल, इन्वेस्ट यूपी की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रेरणा शर्मा समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सरकार का मानना है कि अनुपालन संबंधी प्रक्रियाओं को आसान और समयबद्ध बनाने से निवेशकों, उद्यमियों और आम नागरिकों को लाभ मिलेगा। इससे उद्योग, एमएसएमई, शिक्षा, आवास और अन्य क्षेत्रों में परियोजनाओं की मंजूरी और क्रियान्वयन में तेजी आने की उम्मीद है। राज्य सरकार निवेश, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को गति देने के साथ प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी और सरल बनाने पर भी जोर दे रही है।
नेपाल की आपदा में फंसे यूपी के नागरिकों को निकालने के लिए योगी सरकार ने संभाला मोर्चा
-मुख्यमंत्री योगी की सक्रियता से राहत-बचाव का कार्य तेजी पर, नेपाल पहुंची एसडीआरएफ, पीएसी

लखनऊ। नेपाल में बाढ़ व प्राकृतिक आपदा के बीच उत्तर प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश सरकार ने मोर्चा संभाल लिया है। नेपाल में फंसे यूपी के नागरिकों को सुरक्षित निकालने और उन्हें तत्काल राहत पहुंचाने के लिए सरकार ने संसाधनों के साथ राहत-बचाव टीमों को सक्रिय किया है। राहत आयुक्त कार्यालय के कंट्रोल रूम से नेपाल सीमावर्ती जिलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

योगी सरकार ने नेपाल में राहत-बचाव अभियान के लिए एसडीआरएफ की एक प्लाटून भेजी है। इसमें 32 जवान शामिल हैं। इसके अलावा पीएसी की 26वीं बटालियन के 22 जवानों को भी नेपाल भेजा गया है। सरकार ने जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त बल और संसाधन उपलब्ध कराने की तैयारी की है, जिससे प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने में किसी तरह की कमी न रहे।

मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रेस्क्यू अभियान को प्रभावी बनाने के लिए मौके पर चार रबर बोट मौजूद हैं। अतिरिक्त एसडीआरएफ प्लाटून के साथ एल्युमिनियम बोट भी नेपाल भेजी जा रही है। सिंधुरिया क्षेत्र में राहत-बचाव अभियान की तैयारियां की जा रही हैं। सरकार का पूरा फोकस फंसे हुए नागरिकों को सुरक्षित निकालने और जरूरतमंदों तक तत्काल सहायता पहुंचाने पर है। नेपाल की बाढ़ और वहां की स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। नेपाल में फंसे यूपी के नागरिकों के परिजन किसी भी सूचना या सहायता के लिए 1070 पर संपर्क कर सकते हैं।
कानपुर में प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त, प्रशिक्षक समेत दो पायलटों की मौत

चकेरी से उड़ान भरने के करीब 20 मिनट बाद खेत में गिरा डुअल इंजन विमान, मौके पर पहुंचीं रेस्क्यू टीमें

लखनऊ। यूपी के कानपुर में ग्वालटोली थाना क्षेत्र अंतर्गत नत्थापुरवा गांव के बाहरी इलाके में गुरुवार दोपहर एक प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हाे गया। इस हादसे में प्रशिक्षु पायलट और प्रशिक्षक की मौत हो गई। रेस्क्यू टीमें मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि चकेरी स्थित गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर से चार सीट वाले डुअल इंजन टेकनम विमान ने सुबह करीब 11:30 बजे उड़ान भरी थी। ट्रेनिंग सेंटर के प्रशिक्षक सचिन भाटिया निवासी गुजरात और ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी निवासी कर्नाटक विमान काे लेकर करीब 20 मिनट उड़ान के बाद चकेरी से गंगा बैराज क्षेत्र के पास नत्थापुरवां गांव पहुंचे ही थे कि तभी अचानक विमान ऊंचाई से खेत में जा गिरा। विमान के गिरते ही तेज आवाज से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में ग्रामीण की भीड़ घटनास्थल जमा हाे गई।

स्थानीय लाेगाें की सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पहुंची और राहत-बचाव कार्य में जुट गई। इस दाैरान रेस्क्यू कर विमान में फंसे दाेनाें पायलट काे निकालते हुए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती तौर पर मौत की वजह ऊंचाई से गिरने के कारण लगी गंभीर चोट बताई गई हैं।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि एविएशन से जानकारी में पता चला कि सचिन भाटिया के पास करीब 3000 घंटे की उड़ान का अनुभव था। उन्हाेंने बताया कि दुर्घटना के बाद विमान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है और उसके हिस्से खेत में बिखर गए हैं।

उन्हाेंने बताया कि विमान के मलबे और आसपास मौजूद अन्य साक्ष्यों को सुरक्षित कर लिया गया। हादसे की सूचना नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) को दे दी गई है। विमान दुर्घटना की तकनीकी और अन्य विस्तृत जांच डीजीसीए की टीम करेगी।

पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विमान का इस्तेमाल प्रशिक्षण के लिए किया जा रहा था। कंपनी की ओर से शुरुआती तौर पर दावा किया गया है कि वर्ष 2023 से गर्ग एविएशन के पास मौजूद इस विमान में रखरखाव से जुड़ी कोई कमी नहीं थी। हालांकि, दुर्घटना के कारण को लेकर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। विमान की तकनीकी स्थिति और रखरखाव से जुड़े रिकॉर्ड की जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस मुख्यालय में डीजीपी समेत वरिष्ठ अधिकारियों को बालिकाओं ने बांधी राखी
रक्षाबंधन पर 20 बालिकाओं ने अपने हाथों से तैयार राखियों से मनाया पर्व, डीजीपी ने उज्ज्वल भविष्य के लिए किया प्रोत्साहित

लखनऊ। रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर 27 अगस्त 2026 को पुलिस मुख्यालय, उत्तर प्रदेश में भावनात्मक एवं सौहार्दपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान राजभवन परिसर स्थित आदर्श माध्यमिक विद्यालय में अध्ययनरत 20 बालिकाओं ने पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण समेत उपस्थित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया।

कार्यक्रम में बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खास बात यह रही कि बालिकाओं ने पुलिस अधिकारियों को जो राखियां बांधीं, उन्हें उन्होंने स्वयं अपने हाथों से तैयार किया था। बालिकाओं द्वारा बनाई गई राखियों ने कार्यक्रम में आत्मीयता और अपनत्व का भाव और बढ़ा दिया।

इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने बालिकाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन जैसे पवित्र पर्व पर बहनों और बच्चों के साथ बैठकर राखी बंधवाने तथा उनके साथ पर्व की खुशियां साझा करने का अवसर उनके लिए अत्यंत विशेष, भावनात्मक और सुखद अनुभव है। उन्होंने कहा कि बालिकाओं का पुलिस मुख्यालय में आगमन सभी के लिए प्रसन्नता और सौभाग्य का विषय है।

डीजीपी ने इस विशेष कार्यक्रम के आयोजन के लिए राज्यपाल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से पुलिस परिवार को बालिकाओं के साथ रक्षाबंधन जैसे पवित्र पर्व को आत्मीयता के साथ मनाने का अवसर मिला है। उन्होंने बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि प्रत्येक बालिका के अपने सपने और लक्ष्य होते हैं।

उन्होंने कहा कि कोई बालिका पुलिस अधिकारी बनना चाहती है, तो कोई खिलाड़ी, जबकि कुछ बालिकाएं शिक्षा अथवा अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने का सपना देखती हैं। डीजीपी ने बालिकाओं से अपने सपनों को पूरे आत्मविश्वास, लगन और परिश्रम के साथ साकार करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी बालिकाएं जीवन में अपने निर्धारित लक्ष्यों को अवश्य प्राप्त करेंगी।

कार्यक्रम के अंत में पुलिस महानिदेशक ने सभी बालिकाओं तथा उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के स्वस्थ, सुरक्षित, प्रसन्न एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर पुलिस मुख्यालय में उपस्थित पुलिस महानिदेशक साइबर अपराध/रेलवे/ईओडब्ल्यू/फायर सर्विसेज, अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन/मानवाधिकार, पुलिस महानिरीक्षक कानून-व्यवस्था/भ्रष्टाचार निवारण संगठन, पुलिस महानिरीक्षक तथा पुलिस महानिदेशक के जीएसओ समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया।

रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम पुलिस और समाज के बीच विश्वास, अपनत्व एवं संवेदनशीलता के संबंधों को और अधिक मजबूत करने वाला रहा। बालिकाओं के साथ पुलिस अधिकारियों ने पर्व की खुशियां साझा कर सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनाओं का संदेश दिया।
नेपाल की भोटेकोशी नदी में भीषण बाढ़ से सीएम योगी चिंतित, महाराजगंज- कुशीनगर में अलर्ट


लखनऊ। नेपाल में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ और उससे पैदा हुए हालात को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चिंता जताई है। उन्होंने भगवान पशुपतिनाथ से नेपाल में प्रभावित सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना की है।
नेपाल में बाढ़ के असर को देखते हुए उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों महाराजगंज और कुशीनगर में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रशासन को आशंका है कि नेपाल से आने वाले पानी के चलते गंडक-नारायणी नदी का जलस्तर बढ़ सकता है, जिससे दोनों जिलों के कुछ इलाकों में बाढ़ का खतरा पैदा हो सकता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए महाराजगंज और कुशीनगर के स्थानीय प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने, संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा है।

- नेपाल में फंसे यूपी के नागरिकों के लिए हेल्पलाइन
नेपाल में आई बाढ़ अथवा अन्य आपदा के कारण यदि उत्तर प्रदेश का कोई नागरिक वहां फंसा हुआ है या उसे सहायता की आवश्यकता है, तो उसके परिजन तत्काल 1070 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं और किसी भी आपात स्थिति में संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचना दें।