कल्पनाथ राय की पुण्यतिथि पर 5 मेगावाट सोलर पार्क का शिलान्यास प्रतिमा का अनावरण
ए.के. शर्मा बोले—सोलर पार्क से करीब 5 हजार घरों को मिलेगी बिजली, मऊ विकास की राह पर तेजी से बढ़ रहा
मऊ, 8 अगस्त। स्वर्गीय कल्पनाथ राय की पुण्यतिथि के अवसर पर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने शनिवार को मऊ में 5 मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा पार्क का शिलान्यास किया।
इस दौरान उन्होंने स्वर्गीय कल्पनाथ राय की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मंत्री ने घोषणा की कि इस सौर ऊर्जा पार्क का नाम स्वर्गीय कल्पनाथ राय के नाम पर रखा जाएगा।
करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से दिल्ली की मैसर्स नेक्सजन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा स्थापित किए जा रहे सोलर पावर प्लांट से स्वच्छ एवं सस्ती बिजली की उपलब्धता बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। ए.के. शर्मा के अनुसार, परियोजना से करीब 5 हजार घरों को बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि स्वर्गीय कल्पनाथ राय ने मऊ के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए और जिले के विकास को लेकर उनका स्पष्ट विजन था। वर्तमान सरकार उनके सपनों के मऊ को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है।
ए.के. शर्मा ने कहा कि मऊ में सड़क, बिजली, परिवहन, रेलवे और सौर ऊर्जा समेत विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने लोगों से विकास की दिशा में आगे बढ़ने और किसी के बहकावे में न आने की अपील की।
राजनीतिक भविष्य पर बोले ए.के. शर्मा—फैसला महादेव या मोदी जी करेंगे
कार्यक्रम के दौरान ए.के. शर्मा ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वह किसी का रास्ता रोकने के लिए मऊ नहीं आए हैं। यदि स्वर्गीय कल्पनाथ राय के पुत्र सिद्धार्थ राय कहीं से चुनाव लड़ते हैं तो वह उनके कार्यकर्ता के रूप में काम करेंगे। उन्होंने कहा कि उनके राजनीतिक भविष्य का फैसला महादेव या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।
इस अवसर पर सिद्धार्थ राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के पास देश को आगे ले जाने का स्पष्ट विजन है और स्वयं को मोदीभक्त बताते हुए उनके नेतृत्व की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय, पूर्व विधायक घोसी विजय राजभर, एमएलसी बिच्छे लाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री नारद राय, पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह, पूर्व विधायक संजय यादव, पूर्व विधायक बैरिया सुरेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, प्रदेश मंत्री सहजानंद राय, ऋषिकांत राय सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में करीब 3 हजार लोगों ने हिस्सा लिया।
8 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1