सहायक आचार्य भर्ती: 21 जुलाई से शुरू होंगे साक्षात्कार, 910 पदों के लिए 3155 अभ्यर्थी होंगे शामिल
- 33 विषयों के इंटरव्यू 13 अगस्त तक चलेंगे, अभ्यर्थी आज से वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं साक्षात्कार पत्र
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने विज्ञापन संख्या-51 के तहत सहायक आचार्य के 33 विषयों में कुल 910 पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि लिखित परीक्षा में सफल घोषित 3155 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 21 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक निर्धारित तिथियों में आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन 18 एवं 19 अप्रैल 2026 को किया गया था, जबकि 9 जून 2026 को औपबंधिक परिणाम घोषित किया गया था। अब सफल अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया है।
आयोग के अनुसार, 21 जुलाई को अर्थशास्त्र, 22 जुलाई को वनस्पति विज्ञान एवं दर्शनशास्त्र, 23 जुलाई को रसायन विज्ञान, 24 जुलाई को अंग्रेजी, 28 जुलाई को कृषि अर्थशास्त्र, मानव विज्ञान एवं भूगोल, 29 जुलाई को भौतिक विज्ञान एवं मनोविज्ञान, 30 जुलाई को चित्रकला, संस्कृत एवं उर्दू तथा 31 जुलाई को प्राचीन इतिहास, सैन्य विज्ञान एवं संगीत (गायन) विषय के साक्षात्कार होंगे।
इसी प्रकार 4 अगस्त को शिक्षाशास्त्र एवं इतिहास, 5 अगस्त को पशुपालन एवं दुग्ध विज्ञान, संगीत (तबला), शारीरिक शिक्षा एवं जंतु विज्ञान, 6 अगस्त को विधि एवं राजनीति विज्ञान, 7 एवं 11 अगस्त को हिंदी, 7 अगस्त को गणित तथा 12 अगस्त को एशियन कल्चर, उद्यान विज्ञान, संगीत (सितार), समाजशास्त्र एवं सांख्यिकी विषय के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार होगा। 13 अगस्त को वाणिज्य एवं गृह विज्ञान विषय के साक्षात्कार के साथ प्रक्रिया संपन्न होगी।
आयोग के अध्यक्ष ने बताया कि सभी पात्र अभ्यर्थी 29 जून से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से अपना साक्षात्कार पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। वेबसाइट पर इंटरव्यू से संबंधित सभी आवश्यक दिशा-निर्देश भी उपलब्ध करा दिए गए हैं।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह चयन प्रक्रिया उच्च न्यायालय एवं उच्चतम न्यायालय में लंबित मामलों के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी।
10 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
3- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
18.2k