उन्नाव में पुलिस मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश ढेर, हत्या का था आरोपी
- पुलिस पर की फायरिंग, एक उपनिरीक्षक की जैकेट पर लगी गोली और एसओजी सिपाही घायल; मौके से तमंचा व चाकू बरामद
उन्नाव। उन्नाव जिले के बांगरमऊ थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। मृतक की पहचान इसराइल उर्फ इजराइल पुत्र शकूर, निवासी पूर्विया टोला, बांगरमऊ के रूप में हुई है। वह हाल ही में हुए चर्चित बाबा मिलनदास हत्याकांड में वांछित था।
पुलिस के अनुसार तड़के करीब 3:40 बजे थाना बांगरमऊ पुलिस और एसओजी टीम आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी सर्विस रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक लाख रुपये का इनामी अपराधी इसराइल उर्फ इजराइल ग्राम ताजपुर अंडरपास के पास अपने साथी का इंतजार कर रहा है।

सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली उपनिरीक्षक न्यूटन कुमार सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जबकि एसओजी के आरक्षी विकास भदौरिया के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए। पुलिस के अनुसार आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में इसराइल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक बदमाश के खिलाफ थाना बांगरमऊ में दर्ज बाबा मिलनदास हत्याकांड में मुकदमा संख्या 168/2026 के तहत मामला दर्ज था। उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। घटनास्थल से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बताए जा रहे एक चाकू, एक तमंचा 315 बोर तथा दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और अन्य वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं घायल पुलिसकर्मी का उपचार कराया जा रहा है।

Jun 16 2026, 19:23
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1.0k