सेवानिवृत्ति के बाद भी सेवा का जज़्बा जीवित रहता है : डीजीपी कैलाश मकवाणा
* भोपाल में 41वां वरिष्ठ सदस्य एवं मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह आयोजित
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस राज्य सेवा संवर्ग के सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों के संगठन द्वारा भोपाल के नर्मदापुरम रोड स्थित वृंदावन गार्डन में 41वां वरिष्ठ सदस्य एवं मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए डीजीपी श्री मकवाणा ने कहा कि सेवा निवृत्ति के बाद भी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समाजसेवा की भावना हमेशा जीवित रहती है। सेवानिवृत्त अधिकारी विभाग की मजबूत नींव हैं और उनके अनुभवों से नई पीढ़ी लगातार प्रेरणा ले रही है। उन्होंने कहा कि विभाग पेंशनर्स के अनुभवों का संस्थागत उपयोग करने की दिशा में कार्य कर रहा है। इसके तहत डिजिटल पोर्टल के माध्यम से सेवानिवृत्त अधिकारियों को पुनः रोजगार, सुरक्षा सेवाओं और परामर्शदात्री भूमिकाओं से जोड़ने की पहल की जा रही है।
डीजीपी ने बताया कि पेंशनर्स के लिए बैंकिंग लाभ, दुर्घटना सहायता, स्वास्थ्य योजनाओं और त्वरित समस्या समाधान हेतु बेहतर समन्वय तंत्र विकसित किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस वेलफेयर को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि पुलिस परिवारों के स्वास्थ्य, शिक्षा, छात्रवृत्ति, आकस्मिक सहायता और सामाजिक सुरक्षा के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
श्री मकवाणा ने कहा कि विभाग में ई-गवर्नेंस, डिजिटल सेवा रिकॉर्ड, ऑनलाइन सेवाओं और डेटा आधारित निर्णय प्रणाली को मजबूत किया जा रहा है। साइबर अपराधों से निपटने के लिए ई-एफआईआर व्यवस्था लागू की गई है तथा तकनीकी क्षमता बढ़ाई जा रही है।
उन्होंने “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस जनजागरूकता अभियान में लाखों युवाओं और विद्यार्थियों ने भागीदारी की है। कार्यक्रम में राज्य सेवा संवर्ग के सेवानिवृत्त अधिकारियों का सम्मान किया गया तथा पुलिस परिवार के मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर विशेष पुलिस महानिदेशक श्री अनिल कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, पेंशनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी, पुलिस परिवारों के सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।























Apr 26 2026, 18:33
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.5k