बाइक टक्कर के बाद दो गुटों में मारपीट,दबंगों ने गला पकड़कर पीटा
*पुलिस ने मामले की शुरू की जांच
गोंडा।जिले के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रामलीला मैदान के पास दो बाइकों की टक्कर के बाद दो गुटों में जमकर मारपीट हुई।घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, करनैलगंज कस्बा निवासी आरिफ अली अपनी मोटरसाइकिल से जा रहा था कि तभी सामने से आ रहे अज्ञात बाइक सवार से उसकी टक्कर हो गई।
इस मामूली हादसे के बाद दोनों के बीच पहले कहासुनी और गाली गलौज हुई जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।विवाद बढ़ने पर आरिफ के पक्ष के कई लोग मौके पर पहुंच गए,इसी दौरान दूसरे पक्ष के व्यक्ति द्वारा गाली गलौज जारी रखने पर दोनों गुटों में जमकर हाथापाई शुरू हो गई।मारपीट में एक व्यक्ति को मोटरसाइकिल की चाभी लगने से हल्की चोट आई,जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज में प्राथमिक उपचार दिया गया।
घटना के दौरान राहगीर मौके पर रुककर पूरा घटनाक्रम देखते रहे,जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।करनैलगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि घटना गुरूवार शाम लगभग छ: बजे की है।आरिफ की पहचान कर ली गई है,जबकि दूसरे बाइक सवार की पहचान के लिए वीडियो के आधार पर प्रयास किये जा रहे हैं।पुलिस के अनुसार, आपसी विवाद के चलते यह मारपीट हुई।मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Mar 20 2026, 18:27
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
2.2k