भारत को मिल सकती है कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की मेजबानी, इस शहर में होगा आयोजन
#indiawillhostthe2030commonwealthgames
भारतीय के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। भारत को अब कॉमनवेल्थ 2030 की मेजबानी मिलने वाली है। जिसका आयोजन गुजरात के अहमदाबाद में किया जाएगा। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक्स पर यह बड़ा ऐलान किया। एस जयशंकर ने इसे भारत के लिए गौरव का पल करार दिया।
एस जयशंकर ने अपनी पोस्ट में लिखा- भारत कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी अहमदाबाद में करेगा, जो भारत और गुजरात के लिए गौरव का क्षण है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विश्वस्तरीय बुनियादी ढाँचे और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के दृष्टिकोण का प्रमाण है। कॉमनवेल्थ गेम्स के आयोजन से भारत को ओलंपिक की मेजबानी हासिल करने में काफी मदद मिलेगी। भारत का अगला बड़ा लक्ष्य ओलंपिक गेम्स का पहली बार अपने यहां आयोजित करना है।
26 नवंबर को आखिरी फैसला
कॉमनवेल्थ स्पोर्ट के एग्जीक्यूटिव बोर्ड ने 15 अक्टूबर को ये बताया कि भारत को बिडिंग प्रोसेस में शामिल किया जाता है। भारत की तरफ से राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन के लिए अहमदाबाद का नाम दिया गया था।कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स की कार्यकारी समिति ने इस पर अपनी सहमति दे दी है और इसका औपचारिक अनुमोदन 26 नवंबर को किया जाएगा। 26 नवंबर को ही आखिरी फैसला आएगा कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 कौन सा देश होस्ट करेगा।
भारत के साथ नाइजीरिया भी मेजबानी की दौड़ में
2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी के लिए दुनिया भर के शहरों को 31 मार्च 2025 तक अपनी रुचि दर्ज करनी थी। इसके बाद, उन्हें अगले पांच महीनों में, यानी 31 अगस्त 2025 तक अपना विस्तृत 'बिड डॉक्युमेंट' या 'बिड डोजियर' जमा करना था। इस दस्तावेज में हर शहर को यह विस्तार से बताना था कि वह गेम्स के आयोजन के लिए क्या रणनीति अपनाएगा। साथ ही खेल सुविधाएं, खेल गांव, सुरक्षा व्यवस्था और आयोजन के बाद के प्लान जानकारी भी देनी थी। इसके बाद, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स फेडरेशन (CGF) को इन सभी प्रस्तावों का मूल्यांकन कर नवंबर के अंत तक अंतिम निर्णय लेना था। समय सीमा से पहले केवल दो देशों, भारत (अहमदाबाद) और नाइजीरिया (अबुजा) ने 2030 सेंचुरी कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी के लिए अपनी बोली प्रस्तुत की।
6 hours ago