वर्ल्ड फूड इंडिया 2025: झारखंड के सुपरफूड्स में निवेश की असीम संभावनाएं
नई दिल्ली: दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे वर्ल्ड फूड इंडिया 2025 एक्सपो में झारखंड पवेलियन निवेशकों और उद्यमियों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहाँ बड़ी संख्या में लोग झारखंड की खाद्य उद्योग क्षमता और पारंपरिक सुपरफूड्स के बारे में जानकारी लेने पहुँच रहे हैं।
झारखंड के सुपरफूड्स पर नॉलेज सेशन
झारखंड सरकार के उद्योग विभाग ने "झारखंड इंडिजिनियस सुपरफूड: फ्रॉम लोकल हेरिटेज टू ग्लोबल हेल्थ" विषय पर एक नॉलेज सेशन का आयोजन किया।
![]()
उद्योग सचिव अरवा राजकमल ने कहा कि झारखंड की भौगोलिक विविधता के कारण यहाँ महुआ, चिरौंजी, शहद सहित कई प्राकृतिक और स्वास्थ्यवर्द्धक सुपरफूड प्रचुर मात्रा में उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा, "झारखंड के पास कच्चा माल, कुशल कार्यबल और सुगम उद्यम नीति—तीनों ही मौजूद हैं।" उन्होंने इन उत्पादों के सही प्रसंस्करण और विपणन की आवश्यकता पर जोर दिया।
कृषि सचिव अबूबकर सिद्दीकी ने बताया कि राज्य 3.8% की वार्षिक वृद्धि दर से आगे बढ़ रहा है और यहाँ की बड़ी महिला कार्यबल कृषि व खाद्य क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रही है।
जियाडा के प्रबंध निदेशक वरुण रंजन ने निवेशकों को आश्वस्त किया कि राज्य 'प्लग-एंड-प्ले' मॉडल और वर्ल्ड ट्रेड सेंटर जैसी सुविधाओं के साथ एक मजबूत औद्योगिक इकोसिस्टम तैयार कर रहा है।
उद्योग निदेशक विशाल सागर ने बताया कि झारखंड की निवेश नीति सभी क्षेत्रों के लिए सुविधाएं देती है, लेकिन फूड प्रोसेसिंग पॉलिसी में विशेष प्रोत्साहन दिए गए हैं।
उद्यमी कुमार अभिषेक उरांव ने भी अपने अनुभव साझा किए कि कैसे उन्होंने महुआ के प्रसंस्करण के माध्यम से रोजगार पैदा किया और स्थानीय उत्पादों के लिए नए बाजार खोले। इस एक्सपो से राज्य को सकारात्मक निवेश परिणामों की उम्मीद है।
Sep 27 2025, 10:31