मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त डॉक्टरों को सौंपा नियुक्ति पत्र, स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने का दिया मंत्र
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुर्गा पूजा के अवसर पर राज्य के स्वास्थ्य विभाग में 160 नव-नियुक्त सहायक प्राध्यापकों, दंत चिकित्सकों और चिकित्सा पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपा। झारखंड मंत्रालय में आयोजित एक समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि ये नियुक्तियां राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम हैं।
![]()
![]()
"आप धरती पर भगवान के रूप में नियुक्त हो रहे हैं"
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त डॉक्टरों को संबोधित करते हुए कहा, "आप धरती पर भगवान के रूप में नियुक्त हो रहे हैं।" उन्होंने कहा कि राज्य की गरीब और कमजोर जनता को उनसे बहुत उम्मीदें हैं। उन्होंने डॉक्टरों से अपनी सेवा भावना और मानवीय संवेदनाओं को धरातल पर दिखाने का आह्वान किया, ताकि इसका सीधा लाभ जरूरतमंदों तक पहुंच सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि भले ही हमारे पास सीमित संसाधन हों, लेकिन अगर जुनून हो तो बहुत कुछ किया जा सकता है।
![]()
बेहतर काम करने वाले डॉक्टरों को मिलेगा सम्मान
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि जो डॉक्टर और चिकित्साकर्मी राज्य के विभिन्न हिस्सों में बेहतर काम कर रहे हैं, उन्हें सम्मानित करने की परंपरा शुरू की जाए। इससे उनका मनोबल बढ़ेगा और वे और अधिक समर्पण के साथ काम करने के लिए प्रेरित होंगे।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। जिन 160 डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र मिले, उनमें जेपीएससी द्वारा नियुक्त 54 सहायक प्राध्यापक, एनएचएम के तहत 55 विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारी, 38 चिकित्सा पदाधिकारी और 13 दंत चिकित्सक शामिल थे।
Sep 25 2025, 20:56