राजद विधायक सुरेश पासवान की तबीयत बिगड़ी, दिल्ली के मैक्स अस्पताल में भर्ती
#deogharrjdmlasureshpaswanisunwelladmittedtomaxhospitalindelhi
झारखंड के देवघर से राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के विधायक सुरेश पासवान की तबीयत शुक्रवार को अचानक बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें दिल्ली के मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें फिलहाल आईसीयू में भर्ती कर डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में रखा गया है।
विधायक सुरेश पासवान को गुर्दे और यकृत में संक्रमण का पता चलने के बाद शुक्रवार दोपहर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनका ब्लडप्रेशर और शुगर का स्तर भी थोड़ा बढ़ा हुआ है। विधायक के करीबी सहयोगी और उनके साथ मौजूद आरजेडी नेता सुमन कुमार देव ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ पासवान पूरी मेडिकल जांच के लिए दिल्ली गए हैं। डॉक्टरों ने बताया कि उनकी हालत में सुधार के संकेत दिख रहे हैं और अगले कुछ दिनों में उनकी सेहत और बेहतर होने की उम्मीद है। यदि सब कुछ ठीक रहा, तो उन्हें जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।
सुरेश पासवान बोले- जल्द लौटूंगा देवघर
सुरेश पासवान ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के जरिए भी अपनी सेहत की जानकारी दी। विधायक ने एक्स हैंडल पर ट्वीट कर बताया कि मेरी तबीयत अस्वस्थ होने के कारण मेरा इलाज दिल्ली के मैक्स अस्पताल में चल रहा है, जहां कुछ समय के लिए भर्ती हूं। आप सभी से दुआओं की दरख़्वास्त है, ताकि जल्द ही स्वस्थ होकर फिर से आप सबके बीच लौट सकूं। बाबा धाम का आशीर्वाद मिलेगा और बहुत जल्द स्वस्थ होकर देवघर वापस लौटूंगा।
हाल में कई नेताओं की बिगड़ी सेहत
बता दें कि बीते कुछ दिनों में झारखंड के कई नेताओं की सेहत बिगड़ने की खबरें सामने आई हैं। लगभग एक सप्ताह पहले अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजउल हसन अंसारी की तबीयत खराब हो गई थी। उन्हें पहले रांची के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली स्थित अपोलो अस्पताल शिफ्ट किया गया। वहां अभी भी उनका इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
अगस्त में झारखंड के दो बड़े नेताओं का निधन
वहीं, पिछले महीने अगस्त में झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री का निधन हो गया था। उनका इलाज दिल्ली में चल रहा था। वहीं प्रदेश के शिक्षा मंत्री सोरेन की तबीयत खराब होने के चलते दिल्ली में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान अगस्त में उनकी भी मौत हो गई थी।
8 hours ago