दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संस्कार भोज में उमड़ा जनसैलाब, लाखों लोगों ने दी श्रद्धांजलि

नेमरा, रामगढ़, 16 अगस्त 2025: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संस्कार भोज में आज लाखों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। राज्य के कोने-कोने से आए लोगों ने अपने महानायक को नमन करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लोगों का जताया आभार
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संस्कार भोज में शामिल हुए सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता जब दिल्ली के अस्पताल में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहे थे, उस मुश्किल घड़ी में राज्य के लोगों ने उनके परिवार को जो संबल दिया, उसे वे कभी नहीं भूल सकते।

उन्होंने कहा, "बाबा भले ही हमें छोड़कर चले गए हैं, लेकिन लाखों लोगों का हमारे साथ खड़े रहना यह बताता है कि उनका बाबा से कितना गहरा लगाव था।"
दिग्गजों समेत लाखों लोग हुए शामिल
इस संस्कार भोज में झारखंड के राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार, केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, तेलंगाना के मुख्यमंत्री श्री रेवंत रेड्डी और कई मंत्री, सांसद, विधायक शामिल हुए। सभी ने शिबू सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

'संघर्ष और त्याग की मिसाल थे बाबा'
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने शिबू सोरेन के जीवन को संघर्ष और त्याग की मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन का जीवन इस राज्य की खातिर समर्पित रहा और वे आदिवासी चेतना के वाहक थे। लोगों ने कहा, "उन्हें हम ना कभी भूले थे, ना भूले हैं और ना ही भूलेंगे।"
प्रशासनिक व्यवस्था रही चाक-चौबंद
इस विशाल आयोजन के लिए प्रशासनिक व्यवस्था मुकम्मल थी। सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पार्किंग से लेकर कार्यक्रम स्थल तक लोगों को लाने-ले जाने के लिए ऑटो की व्यवस्था थी। भोजन और अन्य सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया था, ताकि किसी को कोई असुविधा न हो। मुख्यमंत्री स्वयं सभी व्यवस्थाओं पर नजर रखे हुए थे।
Aug 17 2025, 20:04