दिशोम गुरु शिबू सोरेन का श्राद्ध कर्म: 16 अगस्त को 5 लाख लोगों के लिए होगा श्राद्ध भोज
रामगढ़: झारखंड के दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन का श्राद्ध कर्म उनके पैतृक गांव नेमरा में चल रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को अपने परिजनों के साथ पारंपरिक विधि-विधान से सातवां श्राद्ध कर्म पूरा कर चुके हैं। आज मंगलवार को आठवां और बुधवार को नौवां विधि-विधान किया जाएगा। दशकर्म 15 अगस्त को होगा, जबकि 16 अगस्त को 11वां श्राद्ध कर्म और भव्य श्राद्ध भोज का आयोजन किया जाएगा।
![]()
5 लाख लोगों के लिए व्यवस्था, गुरुजी का पसंदीदा साग भी मेन्यू में
नेमरा गांव के मुखिया जीतलाल टुडू ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गांव के संताल समाज के लोगों के साथ मिलकर सभी रीति-रिवाजों और श्राद्ध भोज की व्यवस्था पर चर्चा कर रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि लगभग 5 लाख लोगों के लिए श्राद्ध भोज की व्यवस्था की गई है। इसके लिए चार विशाल पंडाल बनाए गए हैं, जिनके पास ही रसोईघर होंगे। खास मेहमानों के लिए मुख्यमंत्री के पैतृक आवास की बाड़ी में अलग से भोजन की व्यवस्था की गई है।
जीतलाल टुड्डू ने बताया कि मेन्यू में शिबू सोरेन का पसंदीदा साग भी विशेष रूप से शामिल किया गया है।
सुरक्षा और सुविधाओं का इंतजाम
आयोजन में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं:
पार्किंग: वाहनों की पार्किंग के लिए लुकैयाटांड और अन्य कई स्थलों को चिह्नित किया गया है।
हेलीपैड: लुकैयाटांड में तीन हेलीपैड और पैतृक आवास के सामने एक और हेलीपैड तैयार किया गया है।
स्वच्छता: सभी मार्गों पर बिजली की व्यवस्था और साफ-सफाई सुनिश्चित की जा रही है।
स्नान: तालाब के पास एक साथ कई लोगों के नहाने के लिए शॉवर भी लगाए गए हैं।
Aug 12 2025, 12:55