दिशोम गुरु शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर रांची पहुंचा, पैतृक गांव नेमरा में होगा अंतिम संस्कार
रांची: झारखंड की राजनीति के दिग्गज और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संरक्षक शिबू सोरेन का सोमवार (4 अगस्त) को निधन हो गया। 81 वर्ष की उम्र में उन्होंने दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में अपनी अंतिम सांस ली, जहां पिछले डेढ़ महीने से उनका इलाज चल रहा था। उनके बेटे और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस दुखद खबर की पुष्टि की।
शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर सोमवार शाम एक विशेष विमान से दिल्ली से रांची लाया गया। विमान में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी, विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद थीं। दिशोम गुरु के अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में उनके समर्थक और नेता बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के बाहर और सड़कों के किनारे घंटों से इंतजार कर रहे थे। 'दिशोम गुरु अमर रहें' के नारे लगाते हुए, कार्यकर्ताओं और नेताओं ने अपने प्रिय नेता को श्रद्धांजलि दी। एयरपोर्ट से पार्थिव शरीर को मोरहाबादी स्थित उनके आवास पर ले जाया गया, जहां भारी भीड़ मौजूद थी।
पैतृक गांव में अंतिम संस्कार
शिबू सोरेन का अंतिम संस्कार मंगलवार को रामगढ़ जिले में स्थित उनके पैतृक गांव नेमरा में दोपहर 12 बजे किया जाएगा। बताया जा रहा है कि उनके छोटे बेटे बसंत सोरेन उन्हें मुखाग्नि देंगे।
अंतिम संस्कार में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी समेत कई बड़े राजनेता शामिल होंगे। दिल्ली में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गंगाराम अस्पताल पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की थी। इसके अलावा, कांग्रेस अध्यक्ष खरगे, मीसा भारती, मनोज झा, राहुल गांधी और राजद के कई नेताओं ने भी अस्पताल में उनके परिवार से मुलाकात की थी।
शिबू सोरेन के निधन पर झारखंड सरकार ने तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। वह पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे और एक महीने से लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर थे।
Aug 07 2025, 19:13