झारखंड में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज, मुख्य सचिव ने रांची और दुमका में समीक्षा बैठक की
रांची: झारखंड में 15 अगस्त को होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव श्रीमती अलका तिवारी ने आज संबंधित अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह की व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित कर ली जाएं। बारिश के मौसम को देखते हुए, उन्होंने विशेष रूप से झंडोत्तोलन निर्धारित समय पर संपन्न हो सके, इसके लिए सभी आवश्यक कार्य समय पर पूरे करने को कहा।
![]()
राज्य में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम रांची के मोरहाबादी मैदान में और दुमका के पुलिस लाइन में आयोजित होता है। रांची में मुख्यमंत्री झंडोत्तोलन करते हैं, जबकि दुमका में राज्यपाल ध्वजारोहण करते हैं। मुख्य सचिव ने यह भी निर्देश दिया कि समारोह के दौरान राष्ट्रीय गान के समय प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन सुनिश्चित किया जाए।
मोरहाबादी मैदान में भव्य तैयारियों पर जोर
मुख्य सचिव ने रांची के मोरहाबादी मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए बनने वाले अस्थायी मंच को पूर्व के मंच के आकार का बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने मंच की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान देने को कहा। मोरहाबादी में समारोह के प्रसारण के लिए लगाई जाने वाली एलइडी स्क्रीन पर तस्वीरें स्पष्ट आएं, इसे भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त, बैठक में कई अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं पर भी निर्देश दिए गए:
आमंत्रण कार्ड: छपाई और वितरण की व्यवस्था।
मूर्तियां: स्वतंत्रता सेनानियों और अन्य महापुरुषों की मूर्तियों की सफाई तथा माल्यार्पण की व्यवस्था।
बैठने की व्यवस्था: समारोह स्थल पर बैठने की उचित व्यवस्था।
अतिथियों का आवागमन: मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों को समारोह स्थल तक लाने-ले जाने की व्यवस्था।
बुनियादी सुविधाएं: चिकित्सा व्यवस्था, पेयजल एवं अस्थायी शौचालय की व्यवस्था।
स्थल रखरखाव: समारोह स्थल के सभी पहुंच पथ एवं फ्लैंक की मरम्मत और रंग-रोगन।
विद्युत आपूर्ति: समारोह स्थल पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था।
लाइव टेलीकास्ट, मीडिया कवरेज और सुरक्षा पर फोकस
मुख्य सचिव ने समारोह के लाइव टेलीकास्ट की व्यवस्था और मीडिया के लिए इनक्लोजर निर्माण का भी निर्देश दिया। ध्वनि विस्तारक यंत्र की व्यवस्था की जिम्मेदारी सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को दी गई है। समीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था, अग्निशमन, यातायात और पार्किंग आदि के लिए भी विस्तृत निर्देश दिए गए।
समारोह का मुख्य आकर्षण रहने वाले परेड के रिहर्सल को समन्वय के साथ समय पर पूरा करने को कहा गया। बताया गया कि मुख्य समारोह में सीआरपीएफ, जैप, आईआरबी, जिला पुलिस, फायर ब्रिगेड, होम गार्ड एवं एनसीसी के पुरुष व महिला बटालियन सम्मिलित होंगे। इसी तरह, जिलों में होने वाले कार्यक्रमों के लिए भी पूर्व की तरह व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है।
Jul 26 2025, 14:20