मौसम का हाल : उमस भरी प्रचंड गर्मी से जीना मुहाल, प्रदेश के इन जिलों में तेज आंधी के साथ वज्रपात का येलो अलर्ट
डेस्क : पिछले कुछ दिनों से पूरा बिहार प्रचंड गर्मी की चपेट में है। तेज धूप के साथ उमस भरी गर्मी ने जीना मुहाल कर रखा है। राजधानी पटना समेत प्रदेश के तकरीबन सभी जिलो में पारा 40 के पार पहुंच गया है। इसी बीच मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने मंगलवार को किशनगंज, अररिया और सुपौल जिले के एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं दक्षिण बिहार के साथ ही उत्तर-मध्य और उत्तर-पश्चिम भाग के जिलों में आर्द्रता अधिक रहने से लोगों को बेचैनी करने वाली गर्मी का अनुभव होगा। वहीं शुक्रवार से रविवार के बीच अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की क्रमिक गिरावट आने की संभावना है।
राजधानी पटना सहित राज्य में तापमान और नमी (आर्द्रता) के मिश्रण के कारण लोग बीते सोमवार को दिनभर उमस भरी गर्मी से परेशान रहे। हालांकि रात 11.30 बजे तेज हवा के साथ कुछ देर हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई। इसके पहले सोमवार को पटना का अधिकतम तापमान 39 डिग्री और आर्द्रता की मात्रा 90 प्रतिशत रहने के कारण लोगों को 10 से 12 डिग्री अधिक तापमान का अनुभव हुआ। इस कारण लोगों को बेचैन करने वाली गर्मी का अहसास हो रहा है।
वहीं पटना में आज मंगलवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। सोमवार को सूरज की तल्खी में कमी आई। इसी कारण अधिकतम तापमान में 1.7 डिग्री की गिरावट आई। लेकिन आर्द्रता की मात्रा 51 प्रतिशत रहने के करण लोगों को लगभग 50 डिग्री तक का अनुभव हुआ। न्यूनतम तापमान में 0.1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई। राजधानी का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियसऔर न्यूनतम पारा 29.5 डिग्री सेल्सियसरिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में सबसे अधिक 41 डिग्री सेल्सियस मोतिहारी और सबसे न्यूनतम पारा वाला शहर 24.1 डिग्री सेल्सियसके साथ मधेपुरा है।
May 13 2025, 12:58