सीएम नीतीश कुमार महिला संवाद कार्यक्रम का किया शुभारंभ, 50 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न प्रखंडों के लिए किया रवाना
![]()
डेस्क : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को महिला संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सीएम नीतीश कुमार ने आज एक अणे मार्ग से 'महिला संवाद रथ' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह विशेष संवाद रथ बिहार के अलग-अलग जिलों में जाकर महिलाओं के बीच नीतीश सरकार द्वारा अब तक किए गए कार्यों की जानकारी देगा। खासतौर पर महिला सशक्तिकरण, नौकरी, रोजगार और शिक्षा से जुड़ी योजनाओं को प्रमुखता से बताया जाएगा। इस रथ के माध्यम से महिलाओं को यह संदेश दिया जाएगा कि सरकार ने उनके हित में किस तरह से कार्य किया है।साथ ही मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम को लेकर अपने आवास से 50 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न प्रखंडों के लिए रवाना भी करेंगे।
महिला संवाद कार्यक्रम आज पहले दिन राज्य के 600 स्थानों पर एकसाथ आयोजित होगा। यह अभियान अगले दो महीनों तक चलेगा और इसका उद्देश्य महिलाओं को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना है। सरकार की योजना है कि इस दौरान करीब दो करोड़ महिलाओं तक संवाद पहुंचाया जाए। जिसमें 1.35 लाख जीविका दीदियां भी शामिल होंगी।
कार्यक्रम के तहत 38 जिलों में हर दिन औसतन 1200 स्थानों पर संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे। संवाद सुबह और शाम, दोनों समय आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए 600 प्रचार वाहनों को विशेष रूप से तैयार किया गया है, जो गांव-गांव जाकर जानकारी साझा करेंगे। केवल पटना जिले में ही 1,395 स्थानों पर महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित होने हैं। महिला संवाद अभियान के दौरान महिलाओं को राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं और नीतियों से अवगत कराया जाएगा, जिनमें शामिल हैं- महिला सशक्तिकरण नीति 2015, महिला आरक्षण योजना, नशामुक्ति अभियान, बाल विवाह एवं दहेज प्रथा उन्मूलन अभियान, जीविका योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, बालिका पोशाक योजना और अन्य सामाजिक-आर्थिक योजनाएं, महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम
सरकार का दावा है कि यह कार्यक्रम राज्य में महिलाओं के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा। संवाद के ज़रिए सरकार न केवल अपनी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएगी, बल्कि महिलाओं की भागीदारी और जागरूकता भी बढ़ाने का प्रयास करेगी।
Apr 18 2025, 16:46