मौसम का हाल : बिहार में 20 अप्रैल तक बनी रहेगी बारिश की गतिविधियां, इन जिलों में आज तेज आंधी-बारिश का अलर्ट
![]()
डेस्क : बिहार में प्री-मानसून का सीजन 1 मार्च से प्रारंभ होकर 31 मई तक रहता है। इस सीजन में अबतक राज्य में सामान्य से 185 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। वहीं सूबे में बारिश की छिटपुट गतिविधियां 20 अप्रैल तक बनी रहेगी। इस बीच कहीं कहीं तेज बारिश की आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी मध्यप्रदेश के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण छत्तीसगढ़, झारखंड होते हुए गंगीय पश्चिम बंगाल तक एक द्रोणिका का प्रभाव बना हुआ है। इनके प्रभाव से पटना व आसपास इलाकों में गुरुवार को बादल छाए रहने के साथ गरज-तड़क की संभावना है।
विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान ने गुरुवार को किशनगंज और अररिया जिले के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। पश्चिमी व मध्य बिहार के जिलों के एक या दो स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात और 40-50 किमी प्रतिघंटा की गति से हवा चलने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकतर जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ आंधी-पानी की चेतावनी है। सर्वाधिक वर्षा गया के डोभी में 8.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
बुधवार को पटना सहित प्रमुख शहरों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। पटना व गया के अधिकतम तापमान में 1.5 डिग्री, औरंगाबाद में 1.7 डिग्री, डेहरी में दो डिग्री, बक्सर में 3.7 डिग्री, भोजपुर में 2.2 डिग्री, नालंदा में 2.4 डिग्री, जमुई में 3.3 डिग्री, बांका में 2.5 डिग्री, कटिहार में तीन डिग्री, पूर्णिया में 1.8 डिग्री, वैशाली में 1.4, सुपौल में 3.3, मधुबनी में 1.7 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई।
Apr 17 2025, 10:31