बिहार में आसमान से बरसी मौत, ठनका की चपेट मे आने से सात की मौत
![]()
डेस्क : बिहार में भीषण गर्मी के साथ आंधी-पानी के साथ आसमानी बिजली का प्रकोप शुरु हो गया है। 2 जिलों में बिजली गिरने से 7 लोगों की मौत हो गई है। बेगूसराय और मधुबनी में कुल 7 लोगों की मौत हुई है, जिनमें बेगूसराय में 4 और मधुबनी में 3 लोग शामिल हैं। तेज बारिश और ठनका की चपेट में आने से ये मौतें हुई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार बेगूसराय में बीते मंगलवार की देर रात मौसम बदलने के बाद तेज बारिश हुई। इसी दौरान ठनका की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई।
भगवानपुर प्रखंड क्षेत्र की मोख्तियारपुर पंचायत के मानोपुर गांव स्थित वार्ड संख्या 01 निवासी 13 वर्षीय अंशु कुमारी पिता रामकुमार सदा की मौत हो गई। बलिया थाना क्षेत्र के भगतपुर में ठनका गिरने से वृद्ध कामगार की मौत हो गई। उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतक भगतपुर के 60 वर्षीय बिरल पासवान है। दोनों भूसा ढोने के लिए बहियार जा रहे थे।
वहीं साहेबपुरकमाल के सनहा नवटोलिया की एक अधेड़ महिला इंदिरा देवी की भी ठनका से मौत की सूचना है। मशुदनपुर दियारा पथ के मोहनपुर ढाब के समीप की घटना बताई जा रही है।
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कोला बहियार में फसल देखकर लौट रहे एक किसान ठनका के चपेट में आकर उसकी मौत हो गई है।मृत्तक सूजा निवासी स्वर्गीय कामो महतो के 45 वर्षीय पुत्र पंकज महतो बताया जा रहा है।
वही मधुबनी में आज बुधवार की सुबह ठनका (वज्रपात) गिरने से पिता-पुत्री समेत 3 की मौत हो गई। पहली घटना झंझारपुर के पिपरौलिया में हुई। ठनके की चपेट में आने से खेत की ओर गई एक महिला की मौत हो गई। वह रेवन महतो की पत्नी रेखा थी। वहीं, अंधराठाढ़ी के रुद्रपुर के अलपुरा गांव में ठनका गिरने से बाप-बेटी की मौत हो गई। 62 वर्षीय जाकिर 18 वर्षीया पुत्री आयशा को लेकर खेत में जमा गेहूं के बोझे को ढकने के लिए तिरपाल लेकर जा रहे थे। इसी दौरान हादसा हुआ।
Apr 09 2025, 17:19