दिल्ली की महिलाओं का इंतजार खत्म, 2500 रुपये वाली योजना को कैबिनेट की मंजूरी
#mahila_samriddhi_yojana_rs_2500_monthly_for_women
![]()
महिला दिवस के मौके पर दिल्ली की महिलाओं को बड़ी सौगात मिली है। दिल्ली में महिला समृद्धि योजना लागू हो गई है। इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये मिलेंगे। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने यह योजना लागू किए जाने का ऐलान किया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बीजेपी ने दिल्ली जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में एक कार्यक्रम का आयोजन किया जिसमें बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, सीएम रेखा गुप्ता और दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा मौजूद रहे। इस दौरान महिला समृद्धि योजना को लेकर घोषणा की गई।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, पीएम मोदी ने कहा कि हम महिला समृद्धि योजना लाएंगे। हम दिल्ली में महिलाओं को 2500 रुपये देने का वादा पूरा करने का ऐलान करते हैं। पीएम मोदी ने 5100 करोड़ रुपये का प्रबंधन किया है। ताकि महिला समृद्धि योजना का वादा पूरा किया जा सके। महिला समृद्धि योजना तुरंत लागू होगी। इसका फैसला कैबिनेट ने कर दिया है।
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने इस दौरान उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता से किए वो हर वादे पूरे करेंगे। पीएम मोदी जो कहते हैं वो करके दिखाते हैं। इतना बड़ा फैसला बीजेपी ही कर सकती है। उन्होंने कहा कि केवल बीजेपी में ही महिलाओं का सम्मान है। आम आदमी पार्टी ने महिला सांसद का अपमान किया।
दिल्ली में इस योजना का लाभ प्रत्येक परिवार से एक महिला को मिलेगा। अप्रैल से पात्र महिलाओं को यह सहायता राशि मिलनी शुरू हो सकती है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा तैयार प्रस्ताव के अनुसार दिल्ली में करीब 17-18 लाख महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा। योजना को कैबिनेट से मंजूरी मिल चुकी है।
महिला समृद्धि योजना के लाभार्थी की न्यूनतम उम्र 21 साल और अधिकतम सालाना इनकम 2.50 लाख रुपये होनी चाहिए। इसके साथ ही जिन महिलाओं को विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, सरकारी पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ पहले से मिल रहा है। उन्हें इस योजना में शामिल नहीं किया गया है। महिला समृद्धि योजना के लिए रजिस्ट्रेशन के लिए दिल्ली का वोटर कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खाता, आय प्रमाण पत्र, आधार और बैंक खाते से मोबाइल नंबर लिंक होना जरूरी है। सरकार ने महिला समृद्धि योजना के तहत रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू करने के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल भी लॉन्च करने की योजना बनाई है। सूत्रों की मानें तो दिल्ली में महिला समृद्धि योजना का लाभ गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाली महिलाओं को दिया जाएगा। इसके लिए उनके पास बीपीएल कार्ड होना अनिवार्य है।
Mar 08 2025, 15:49