अभी जेल में ही रहेंगे बाहुबली पूर्व विधायक अनंत सिंह, जानिए जमानत देने की अर्जी पर कोर्ट ने क्या कहा...
डेस्क : मोकामा में हुए गोलीकांड मामले में पटना के बेउर जेल में बंद मोकामा के पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह फिलहाल जेल में रहेंगे। आज पटना के सिविल कोर्ट में उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई हुई। जिसमें कोर्ट ने फिलहाल उन्हें जमानत देने से मना कर दिया है।
![]()
मिली जानकारी के अनुसार, आज मोकामा में हुए गोलीकांड मामले में पटना के सिविल कोर्ट में इस मामले की सुनवाई कर रहे जज ने पुलिस से इस पूरे घटनाक्रम की केस डायरी मांगी। पुलिस के तरफ से आज जज के सामने इस मामले की केस डायरी पेश नहीं की गई। इसके बाद जज ने कहा कि बिना केस डायरी देखे हुए इस मामले में जमानत नहीं दी जा सकती है। ऐसे में मोकामा के पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह की बेल याचिका को कोर्ट ने खारिज कर दिया है। ऐसे में फिलहाल अनंत सिंह को जेल में ही रहना होगा।
आपको बता दें कि बुधवार(22 जनवरी) की शाम हुए मोकामा गोलीबारी में लगभग 10 से 20 राउंड गोलियां चली। बताया जा रहा है कि सोनू मोनू ने अपने मुंशी मुकेश सिंह के घर पर ताला लगा दिया था जिसके बाद मुंशी ने बाहुबली नेता और पूर्व विधायक अनंत सिंह से मदद मांगी। अनंत सिंह ने पहले अपने समर्थकों को मुंशी के घर पर ताला खुलवाने भेजे इसके बाद वो खुद भी वहां पहुंच गए। इस दौरान दोनों पक्षों में गोलीबारी हुई। इस गोलीबारी में अनंत सिंह के एक समर्थक को गोली भी लगी। इसके बाद से ही मोकामा में तनावपूर्ण माहौल था। वहीं शुक्रवार (24 जनवरी ) की सुबह सोनू ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया था। जिसके बाद बाहुबली नेता अनंत सिंह ने भी बाढ़ कोर्ट में सरेंडर कर दिया था।
Jan 30 2025, 15:12