मोदी तीसरी बार बने पीएम, शाह और शिवराज समेत अन्य ने ली मंत्री पद की शपथ
#narendra_modi_swearing_in_ceremony
![]()
नरेंद्र मोदी ने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके बाद राजनाथ सिंह और अमित शाह ने शपथ ली। अमित शाह के बाद नितिन गडकरी और जेपी नड्डा को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शपथ दिलाई।
मोदी 2.0 में वित्त मंत्री का पद संभालने वालीं निर्मला सीतारमण ने फिर से केंद्रीय मंत्री के तौर पर पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। उनके बाद एस. जयशंकर ने शपथ ली। उनसे पहले शिवराज सिंह चौहान ने शपथ ली थी।
मध्य प्रदेश में बीजेपी का झंडा बुलंद करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पहली बार बतौर केंद्रीय मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। शिवराज के बाद एक और पूर्व मुख्यमंत्री ने केंद्र में मंत्री के तौर पर शपथ ली है। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
शिवराज और मनोहर लाल खट्टर के बाद कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारास्वामी ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। कुमारस्वामी 2 बार सीएम रह चुके हैं। इस बार वह कर्नाटक की मांड्या सीट जीतकर सांसद बने हैं। कुमारस्वामी की वोक्कालिगा वोट बैंक पर पकड़ मजबूत मानी जाती है।
उनके बाद पीयूष गोयल ने भी शपथ ली।पीयूष गोयल की आर्थिक मामलों पर अच्छी पकड़ मानी जाती है, पिछली सरकार में यह वाणिज्य और उद्योगमंत्री रह चुके हैं। इस बार पीयूष गोयल ने मुंबई नॉर्थ से चुनाव लड़ा और जीता था।
मोदी 2.0 में कैबिनेट मंत्री रहे धर्मेंद्र प्रधान ने एक बार फिर से मंत्री पद की शपथ ली।पिछली मोदी कैबिनेट में धर्मेंद्र प्रधान ने शिक्षा कौशल और विकास मंत्री का दायित्व संभाला था।
हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी और जेडीयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह ने बतौर केंद्रीय मंत्री पद की शपथ ली।
Jun 09 2024, 20:20