जमुई और बांका में लालू परिवार पर जमकर बरसे केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, दिया इस कहावत का उदाहरण

डेस्क : लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण का मतदान 19 अप्रैल को होना है। इधर बिहार में पहले चरण का चुनाव प्रचार अभियान अब अपने चरम पर पहुंच चुका है। सभी दल के बड़े नेताओं द्वारा अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष चुनाव प्रचार किया जा रहा है।
वहीं बिहार में पीएम मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री के बाद आज रविवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का बिहार दौरे पर पहुंचे। जहां उन्होंने जमुई और बांका में एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में दो चुनावी सभा को संबोधित किया और आम जनता को एनडीए के पक्ष में वोट देने की अपील की।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह पहले जमुई पहुंचे। जहां श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम में आयोजित जनसभा में एनडीए से चिराग रामविलास की पार्टी के उम्मीदवार अरुण भारती के पक्ष में वोट मांगे। राजनाथ सिंह ने जमुई की विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए वहां की जनता से चिराग पासवान बहनोई अरुण भारती को अपना आशीर्वाद देने की अपील की। कहा कि चिराग पासवान एनडीए की पिच के रन हिटर हैं। जितने रन बनाने की जरूरत होगी, उतनी रन बनाने की क्षमता चिराग पासवान रखते हैं। आज मैं पूरी तरह से आश्वस्त हूं कि श्रद्धेय रामविलास पासवान जी का जो सपना था, उसे वे निश्चित रूप से साकार करेंगे।
जमुई में जनसभा को संबोधित करने के बाद राजनाथ सिंह बांका के लिए रवाना हो गये। जहां शंभुगंज स्थित हाई स्कूल मैदान में दूसरी चुनावी जनसभा को संबोधित किया। दूसरे चरण में निर्धारित बांका लोकसभा सीट से एनडीए ने जदयू के गिरधारी यादव को उम्मीदवार बनाया है।
राजनाथ सिंह जमुई और बांका दोनो जगहों पर अपने संबोधन में में लालू परिवार पर जमकर निशाना साधा। राजनाथ सिंह ने पिछले दिनों लालू प्रसाद की बड़ी बेटी मीसा भारती द्वारा केन्द्र की महागठबंधन सरकार बनने पर पीएम मोदी और एनडीए नेताओं के जेल में होने के बयान का जिक्र करते हुए राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि न नौ मन तेल होगा न राधा नाचेगी। जो लोग खुद ही बेल पर जेल से हों, वह क्या मोदी जी को जेल में भेजेंगे?
उन्होंने कहा कि आरजेडी का अहंकार इस हद तक बढ़ गया है कि कहते हैं हमारी सरकार बनेगी तो PM मोदी को जेल में डाल देंगे। किसने मां का दूध पिया है जो मोदी जी को जेल में डालेगा।
वही तेजस्वी यादव के हेलीकॉप्टर में बैठक मछली खाने पर कहा कि आपको कुछ भी खाना हो, खाओ लेकिन दिखाने की क्या जरूरत है? मैं लालू यादव से कहूंगा कि ऐसे लोगों को संभालिए। रक्षामंत्री बांका में जनसभा को संबोधित करने के बाद देवघर होते हुए वापस दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
Apr 16 2024, 13:59