*अज्ञात नकाबपोश युवक ने मारी गोली, वाराणसी रेफर*

मीरजापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के सोहता का अड्डा इलाके में एक 58 व्यक्ति को अज्ञात नकाबपोश युवक गोली मारकर फरार हो गया। दिनदहाड़े गोली चलने की घटना से इलाके में जहां सनसनी फैल गई है वहीं मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन करने में जुटी हुई है।
गोली लगने से घायल हुए व्यक्ति को आनन फानन में ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी भेजा गया है। मामला भूमी विवाद से जुड़ा होना बताया जा रहा है। गोली मारने का आरोप पूर्व भाजपा विधायक सुचिस्मिता मौर्या के पति पर लगाया जा रहा है।
बहरहाल पुलिस जांच पड़ताल में लगी हुई है।
जानकारी के अनुसार कटरा कोतवाली क्षेत्र के सोहता का अड़डा इलाके में पुरानी अंजही निवासी उदयनारायण मालवीय 58 वर्ष कुछ लोगों के साथ सोहता का अड्डा निवासी विनीत तिवारी लेखपाल के दरवाजे पर बैठे हुए थे कि तकरीबन 3 बजे एक अज्ञात 25 वर्षीय नकाबपोश युवक अचानक से आकर पीछे से गोली मार देता है।
गोली पीछे से कंधे से होते हुए गले को छिलते हुए पार कर गई। गोली चलने की आवाज सुनकर दौड़े लोगों ने पैदल ही भाग रहे नकाबपोश को पकड़ने का प्रयास किया तो वह असलहा तान भाग निकला। आनन फानन में गोली लगने से घायल को मंडलीय अस्पताल स्थित ट्रामा सेंटर लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल को बेहतर उपचार के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया है।
गोली चलने की जानकारी होने पर मौके पर सीटी मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर नीतेश सिंह सहित क्षेत्राधिकारी नगर भी दलबल के साथ पहुंच गए थे। घटना के बारे में जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ है, राजस्व कोर्ट में मामला चल रहा है। जांज की जा रही है जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब हो कि गोली लगने से घायल हुए उदयनारायण मालवीय जिले के मझवां विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के पूर्व विधायक रहे स्वर्गीय रामचन्द्र मौर्या के करीबी रहे हैं। जिनके निधन के बाद पूर्व विधायक के एकमात्र बेटे संजय मौर्य के साथ काम कर रहे थे। संजय मौर्य मझवां की पूर्व भाजपा विधायक सुचिस्मिता मौर्या के पति हैं। बताया जा रहा है कि कुछ वर्षों से उदयनारायण मालवीय को संजय मौर्या के यहां से काम छोड़कर पूर्व विधायक स्वर्गीय रामचंद्र मौर्या के भाई रामसजीवन मौर्या के साथ जुड़ गए थे। इस प्रकार से देखा जाए तो संजय, रामसजीवन आपस में सगे चाचा भतीजे है।
गोली लगने से घायल हुए उदयनारायण मालवीय पहले संजय के यहां काम करते थे, अब रामसजीवन के यहां कर रहे हैं। इस मामले में पूर्व विधायक मझवां सुचिस्मिता मौर्या के पति संजय मौर्या से विवाद का होना जोड़ कर देखा जा रहा है, तो वहीं घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी है। सोहता का अड्डा में साढे दस बीघा जमीन का होना बताया जा रहा है जिसपर दोनों संजय, रामसजीवन चाचा भतीजे का विवाद चला आ रहा है मामला कोर्ट में लंबित है।
Jan 19 2024, 16:30
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.5k