एनवीडिया चीफ़ जेनसन हुआंग विवादों में, कथित चीनी जासूस से रिश्ते का आरोप, क्या है पूरा मामला
#chinanvidiaceojensenhuangalicehuangchinaspy_allegations
![]()
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) इंडस्ट्री की सबसे अहम हस्तियों में शामिल एक व्यक्ति विवादों में घिर गया है। हम बात कर रहे हैं दुनिया की सबसे बड़ी चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के CEO जेन्सन हुआंग की। जेन्सन हुआंग पर चीन की संदिग्ध जासूस के साथ संबंध रखने का आरोप लगा है। इस मामले में जांच शुरू हो गई है।
चीनी महिला पर जासूसी में शामिल होने का शक
जिस महिला के साथ जेन्सन के संबंधों की बात आई है, उसका नाम एलिस हुआंग है। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को शक है कि वह चीन के खुफिया विभाग के लिए काम कर रही थीं। यह जानकारी न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट में सामने आई। अधिकारियों का मानना है कि एलिस के एनवीडिया के सीईओ और सह-संस्थापक जेनसन हुआंग के साथ करीबी संबंध थे। एलिस हुआंग चीन की नागरिक हैं। वे सिंगापुर की डेटा सेंटर कंपनी 'मेगास्पीड' में सीनियर एग्जीक्यूटिव के पद पर काम कर चुकी हैं। रिपोर्ट्स बताती हैं कि एलिस टेक और डेटा सेंटर बिजनेस में आने से पहले टीवी रिपोर्टर थीं। उनके निजी जीवन की ज्यादा डिटेल्स मौजूद नहीं हैं।
एनवीडिया की चिप्स को चीन भेजने में मदद का शक
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक़, अमेरिकी अधिकारियों का मानना था कि एलिस हुआंग को चीन की शीर्ष खुफ़िया एजेंसी ने जासूसी के लिए भर्ती किया था। फिलहाल उनके ठिकाने के बारे में जानकारी नहीं है। एलिस हुआंग का जेनसन हुआंग से कोई पारिवारिक संबंध नहीं है। वह मार्च से नवंबर 2023 के बीच सिंगापुर की डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड में वरिष्ठ पद पर थीं। इस कंपनी पर एनवीडिया की चिप्स को चीन भेजने में मदद करने का संदेह था। हालांकि, एनवीडिया का कहना है कि इस मामले की जांच हुई थी और आरोप गलत साबित हुए थे।
हुआंग ने पत्नी से बेवफाई की बात स्वीकारी
इससे पहले रविवार को हुआंग ने अपनी पत्नी से बेवफाई करने की बात स्वीकार की। जेन्सन ने 8 नवंबर को एक चीनी महिला के साथ अफेयर की बात मानी थी। उन्होंने अपनी पत्नी और बच्चों को दुख पहुंचाने के लिए माफ़ी भी मांगी। जेन्सन हुआंग ने रविवार को एनवीडिया के सभी कर्मचारियों को एक इंटरनल मैसेज भेजा। इसमें उन्होंने स्वीकार किया कि वे अपनी पत्नी के प्रति वफादार नहीं रहे। हुआंग ने लिखा, मेरे इस कदम से मेरी पत्नी और बच्चों को गहरा दुख पहुंचा है। मुझे इसका पछतावा है। मेरी जिम्मेदारी आप सभी का भरोसा बनाए रखने की थी, लेकिन मैं इसमें नाकाम रहा। हालांकि, अपने इस संदेश में उन्होंने किसी महिला का नाम नहीं लिया।
क्यों बेहद गंभीर माना जा रहा ये मामला?
यह मामला इसलिए बेहद गंभीर माना जा रहा है, क्योंकि एनवीडिया दुनिया के सबसे आधुनिक एआई चिप्स बनाने वाली कंपनी है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में इन चिप्स के बिना कुछ नहीं हो सकता। कंपनी की वैल्यूएशन करीब 4.5 ट्रिलियन डॉलर बताई गई है। ऐसे में उसके CEO के किसी कथित विदेशी जासूसी नेटवर्क के निशाने पर होने की खबर ने अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों से लेकर टेक जगत तक हलचल बढ़ा दी है।
जेन्सन की संपत्ति 6.92 लाख करोड़ तक घटी
इस खबर के आने के बाद कंपनी के शेयरों में कुछ गिरावट भी देखी गई। एलिस-जेन्सन के संबंधों और जासूसी मामले की जांच शुरू होने के बाद से एनवीडिया के शेयर 5% तक गिर चुके हैं। जेन्सन की संपत्ति 6.92 लाख करोड़ रु. तक घट चुकी है। जेन्सन फोर्ब्स की अमीरों की सूची में दो स्थान खिसककर 10वें पर आ गए हैं। इस उथल-पुथल के बीच निवेशक 17 नवंबर को आने वाले कंपनी के तिमाही नतीजों पर नजर टिकाए हुए हैं।





2 hours and 3 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1.5k