/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png StreetBuzz नागपुरी-खोरठा गीतों और लोकनृत्य की प्रस्तुतियों से गूंजा सोहराय महोत्सव, भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ दो दिवसीय आयोजन का समापन Pintu Kumar
नागपुरी-खोरठा गीतों और लोकनृत्य की प्रस्तुतियों से गूंजा सोहराय महोत्सव, भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ दो दिवसीय आयोजन का समापन

हजारीबाग। संत कोलंबस फुटबॉल कॉलेज मैदान में आयोजित दो दिवसीय सोहराय महोत्सव का गुरुवार को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समापन हुआ। हो एंटरटेनमेंट कल्चरल टीम एवं सोहराय महोत्सव आयोजन समिति की ओर से आयोजित इस महोत्सव में झारखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरा और कला की शानदार झलक देखने को मिली। दो दिनों तक चले इस आयोजन में नागपुरी और खोरठा गीत-संगीत, लोकनृत्य, एकल एवं समूह गायन और फैशन शो ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। कलाकारों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों पर दर्शक झूमते नजर आए। पूरे मैदान में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

महोत्सव के पहले दिन समाजसेवी बुल्लू इमाम की उपस्थिति में कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद लगातार दो दिनों तक कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। एकल गायन प्रतियोगिता में भीम आर्या, आरती कुमारी, किरण देवी, नूतन, सृष्टि चंद्रवंशी, रीना लिंडा, लक्ष्मी कुमारी, काव्या राज और प्रतिमा यादव ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं समूह गायन में रेनबो म्यूजिकल ग्रुप एवं एमडी ग्रुप ऑफ थिएटर ने शानदार प्रस्तुति दी। महोत्सव में नागपुरी गायिका आरती देवी और ललिता देवी ने भी अपने गीतों से समां बांधा।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान एकल नृत्य में लायन पॉप और निवृत्ति गुप्ता की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा। समूह नृत्य में किंगडम ऑफ डांस, बीडीएस डांस ग्रुप और आशी डांस अकादमी के कलाकारों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। वहीं फैशन शो में प्रतिभागियों ने आकर्षक वेशभूषा और अपनी प्रस्तुति से लोगों का ध्यान खींचा। पूरे आयोजन के दौरान झारखंड की पारंपरिक कला और आधुनिक मंचीय प्रस्तुतियों का अनूठा संगम देखने को मिला।

1992 से नागपुरी गीतों के जरिए लोगों का मनोरंजन कर रहे इग्नेश कुमार

महोत्सव में पहुंचे झारखंड के चर्चित नागपुरी गीतकार एवं गायक इग्नेश कुमार ने अपने संगीत सफर के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि बचपन से ही उन्हें गाने का शौक था और वर्ष 1992 से उन्होंने गायन की शुरुआत की। उस समय संगीत के क्षेत्र में आगे बढ़ना काफी कठिन था। परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी, लेकिन संगीत के प्रति लगाव और लगातार मेहनत ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

उन्होंने अपने संगीत सफर में गुरु देवदास विश्वकर्मा और मुकुल के योगदान का विशेष उल्लेख किया। इग्नेश कुमार ने बताया कि दोनों से उन्हें काफी कुछ सीखने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि अब तक वह दस हजार से अधिक गाने गा चुके हैं। उनके लोकप्रिय गीतों में 'ओढ़नी में के ले गेल लूट के', 'जिया दीवाना दीवाना बन गेलो रे', 'नदिया करिया दोहक पार में कैसे मिले जाबो', 'फंस गलो गुड़िया तोरे प्यार में' और 'बेवफा सनम रे, तू देले धोखा रे' जैसे गीत शामिल हैं। उन्होंने हजारीबाग के वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि यहां आकर उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है।

नितेश कच्छप ने आयोजन समिति और गायक इग्नेश कुमार का जताया आभार

झारखंड के नागपुरी गायक नितेश कच्छप ने सोहराय महोत्सव में मिले सम्मान और मंच को लेकर खुशी जाहिर की। उन्होंने आयोजन समिति और पूरी टीम के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी हमेशा से इच्छा रही है कि हजारीबाग में भी इस तरह के बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम लगातार आयोजित हों। हजारीबाग उन्हें बेहद पसंद है और वह चाहते हैं कि यहां बार-बार आने तथा अपनी प्रस्तुति देने का अवसर मिले।

नितेश कच्छप ने अपने संगीत सफर के संघर्ष के दिनों को भी याद किया। उन्होंने बताया कि उनके आगे बढ़ने में परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कठिन परिस्थितियों में भी परिवार ने उनका साथ दिया और संगीत के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपने गुरु इग्नेश कुमार का विशेष आभार जताते हुए कहा कि गुरु ने बचपन से ही उन्हें संगीत की कई बारीकियां सिखाईं और समय-समय पर मार्गदर्शन किया।

विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया गया सम्मानित

महोत्सव के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। एकल गायन में भीम आर्या, प्रतिमा यादव और काव्या राज को सम्मान मिला। समूह गायन में रेनबो म्यूजिकल ग्रुप एवं एमडी ग्रुप ऑफ थिएटर को सम्मानित किया गया। एकल नृत्य प्रतियोगिता में लायन पॉप और निवृत्ति गुप्ता को सम्मान मिला।

समूह नृत्य प्रतियोगिता में किंगडम ऑफ डांस ने प्रथम, बीडीएस डांस ग्रुप ने द्वितीय और आशी डांस अकादमी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं फैशन शो के मिस्टर वर्ग में प्रतिभागी संख्या 12 को विजेता घोषित किया गया, जबकि मिस वर्ग में प्रतिभागी संख्या 01 ने जीत हासिल की। इसके अलावा प्रतिभागी संख्या 06 को जर्सी एवं क्राउन देकर सम्मानित किया गया।

महोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ झारखंडी लोककला, पारंपरिक वेशभूषा, हस्तशिल्प और स्थानीय व्यंजनों के माध्यम से राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी प्रदर्शित किया गया। विभिन्न स्टॉल और प्रदर्शनी के जरिए स्थानीय कला एवं परंपराओं को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय कलाकारों को एक बेहतर मंच प्रदान करना और झारखंड की लोकसंस्कृति को नई पहचान दिलाना था।

आयोजन समिति ने सहयोगियों के प्रति जताया आभार

महोत्सव के सफल आयोजन पर समिति की ओर से कलाकारों, अतिथियों, पत्रकारों और शहरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में हो एंटरटेनमेंट कल्चरल टीम के संरक्षक चंदन सिंह, निर्देशक रोहित वर्मा और मंच संचालक शशिकांत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इसके अलावा झामुमो के वरिष्ठ नेता रामा सोनी, युवा नेता विक्की कुमार धान, समाजसेवी विजय भोक्ता, धनंजय डीके, पवन रजक, सौरव, राहुल, मनीषा, सनाया, प्रीतिश, सानू, सनोज, अमित वर्मा, शानू, बादल राज, गुड्डू, साहिल, शशि, मनोज पांडे, सूरज वर्मा, प्रीतिश प्रियांश, कौशिक राज और मीडिया प्रभारी रोहन कुमार का सहयोग सराहनीय रहा। आयोजन में एनएसएस टीम, हजारीबाग बाउंसर एवं शहर के कई युवाओं ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। दो दिनों तक चले इस महोत्सव का समापन झारखंड की लोकसंस्कृति, संगीत और कला को आगे बढ़ाने के संदेश के साथ हुआ।

1148 विद्यार्थियों की प्रतिभा से सजा ‘पैरेंट्स नाइट-2026’, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

हजारीबाग। गुलाबी ठंड की खुशनुमा शाम में हजारीबाग का डीपीएस स्कूल मैदान गुरुवार को संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गुलजार रहा। एंजल्स हाई स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), शंकरपुर और लिटिल एंजल्स स्कूल, इमलीकोठी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘पैरेंट्स नाइट-2026’ में तीनों विद्यालयों के 1148 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। करीब चार घंटे तक चले इस कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति, देशभक्ति, सामाजिक जागरूकता और अंतरराष्ट्रीय नृत्य शैलियों की झलक देखने को मिली।

शाम पांच बजे दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। मुख्य अतिथि हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल, राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक एवं डीएवी के पूर्व प्राचार्य अशोक कुमार तथा एंजल्स हाई स्कूल की निदेशिका निशा जायसवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित किया। इसके बाद गणेश वंदना की प्रस्तुति हुई।

करीब 96×44 फीट के विशाल मंच पर आधुनिक लाइटिंग, डिजिटल तकनीक और बेहतर साउंड सिस्टम की व्यवस्था की गई थी। तीनों विद्यालयों के विद्यार्थियों ने कुल 14 सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला और रचनात्मकता दिखाई।

कार्यक्रम में ‘लिटिल ग्रोवर्स’ के तहत नर्सरी से दूसरी कक्षा तक के बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं ‘ग्रेस ऑफ इंडिया- क्लासिकल’ में कथक सहित भारतीय शास्त्रीय नृत्य की सुंदर झलक देखने को मिली। ‘फ्रॉम साइलेंस टू स्ट्रेंथ- नारी सम्मान’ के जरिए महिलाओं के संघर्ष, आत्मसम्मान और सशक्तीकरण का संदेश दिया गया। ‘बैक टू द 80ज- रेट्रो फीवर’ ने पुराने दौर के लोकप्रिय गीतों की यादें ताजा कीं।

‘कृष्णा- द डिवाइन मेलोडी’ में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, गोवर्धन पर्वत धारण करने और रासलीला का मंचन किया गया। वहीं ‘सुर-संगम’ में विद्यार्थियों ने विभिन्न वाद्ययंत्रों के साथ संगीत की प्रस्तुति दी। ‘शौर्य संभाजी’ के माध्यम से छत्रपति शिवाजी महाराज और मुगल शासक औरंगजेब के बीच हुए ऐतिहासिक संघर्ष को नाट्य रूप में दर्शाया गया।

‘दिव्य शक्ति’ में मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों का चित्रण किया गया, जबकि ‘वंदे मातरम्- देश की शान’ ने राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया। अंतरराष्ट्रीय नृत्य शैलियों पर आधारित ‘डांस विद डिफरेंस- अक्रॉस बॉर्डर्स’ में सालसा और स्ट्रीट जैज की प्रस्तुति हुई। ‘अनहर्ड वॉयस’ के माध्यम से मानसिक एवं बौद्धिक चुनौतियों का सामना कर रहे लोगों के प्रति संवेदनशीलता और समानता का संदेश दिया गया।

वहीं ‘देसी बीट्स- बॉलीवुड ब्लास्ट’ में तीनों विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। रंग-बिरंगी वेशभूषा और लोकप्रिय गीतों पर बच्चों की प्रस्तुतियों को दर्शकों की खूब सराहना मिली।

300 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने की आयोजन की तैयारी

इस आयोजन को सफल बनाने में तीनों विद्यालयों के करीब 300 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रस्तुतियों की पटकथा लेखन, नृत्य संयोजन, ध्वनि रिकॉर्डिंग और संगीत मिश्रण का काम विद्यालय के प्रशिक्षकों ने किया। मंच को एलईडी स्क्रीन, आकर्षक सजावट और आधुनिक दृश्य-श्रव्य उपकरणों से तैयार किया गया था। दर्शकों की सुविधा के लिए बैठने की व्यवस्था के साथ बड़े एलईडी पर्दे भी लगाए गए थे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में निदेशिका निशा जायसवाल, एंजल्स हाई स्कूल की प्राचार्या शिखा अग्रवाल, लिटिल एंजल्स स्कूल की प्राचार्या एकता होर्रा और डीपीएस शंकरपुर के प्राचार्य राजकमल सहित तीनों विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों का योगदान रहा।

रात नौ बजे तक चले इस आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देने के साथ शिक्षा में सांस्कृतिक गतिविधियों और रचनात्मक विकास के महत्व को भी सामने रखा।

हजारीबाग में आवासीय बालिका बैडमिंटन प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ, 25 खिलाड़ियों को मिलेगी प्रशिक्षण की सुविधा

हजारीबाग के कर्जन ग्राउंड स्थित आवासीय बालिका बैडमिंटन प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ दिनांक 02 नवंबर 2026 को उपायुक्त श्री हेमन्त सती ने फीता काटकर किया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने संपूर्ण परिसर का निरीक्षण करते हुए हॉस्टल, किचेन, बेड, बिजली व्यवस्था सहित खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध आवासीय एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण के साथ सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि इस केंद्र के माध्यम से राज्यभर की प्रतिभाशाली बालिका खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण बैडमिंटन प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर बालिका खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए हजारीबाग जिला एवं झारखंड राज्य का नाम रोशन करेंगी।

उल्लेखनीय है कि झारखंड सरकार के खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय के अंतर्गत संचालित इस आवासीय प्रशिक्षण केंद्र में 25 बालिका खिलाड़ियों के प्रशिक्षण एवं आवासन की व्यवस्था है। राज्यस्तरीय ट्रायल एवं टैलेंट हंट के माध्यम से चयनित बालिकाओं को आवास, भोजन एवं खेल प्रशिक्षण सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी श्री कैलाश राम सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

बहेरी पंचायत पैक्स चुनाव में अशोक कुमार महतो ने 22 मतों से दर्ज की जीत, बने नए अध्यक्ष

हजारीबाग के बहेरी पंचायत में आज प्राथमिक कृषि साख समिति (पैक्स) का चुनाव शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। झारखंड सहकारिता विभाग के अधिकारी नीरज कुमार श्रीवास्तव, अनूप कुमार एवं गोपाल कुमार की उपस्थिति में चुनाव की पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई। चुनाव में अशोक कुमार महतो ने 22 मतों के अंतर से जीत हासिल कर पैक्स अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।

नवनिर्वाचित पैक्स अध्यक्ष अशोक कुमार महतो की जीत पर कांग्रेस नेता मुन्ना सिंह ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अशोक कुमार महतो अपने कार्यकाल में किसानों के हितों को प्राथमिकता देंगे और उनके विकास एवं कल्याण के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।

इस अवसर पर पंचायत के मुखिया पवन कुमार यादव, उप प्रमुख रविकांत सिंह, पूर्व पैक्स अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार, पूर्व जिला परिषद सदस्य अशोक कुमार महतो, राजकिशोर दास, इलियास अंसारी, शंकर राम, उमेश ठाकुर, रविंद्र कुशवाहा, अमन साव, अरुण सिंह, श्याम प्रसाद, दिलचंद राम, रोशन राम, अमित सिन्हा, रॉकी सिन्हा, प्रीतम कुमार, प्रमोद पासवान, विक्की कुमार, जितेंद्र कुमार राम, सुधीर कुमार दास, गौतम कुमार एवं मनोज पासवान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हजारीबाग में ‘टेक सखी’ अभियान का समापन, 19 बेटियों को मिले लैपटॉप

हजारीबाग: बेटियों को डिजिटल रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में तरंग ग्रुप हजारीबाग एवं आदित्य विजन की ओर से चलाए जा रहे ‘डिजिटल बेटी शक्ति महाअभियान’ के तहत ‘टेक सखी’ कार्यक्रम की अंतिम कार्यशाला आयोजित की गई। 2 नवंबर को मटवारी स्थित सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स के सभागार में आयोजित इस कार्यशाला में तीन महीने के प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 19 छात्राओं को लैपटॉप प्रदान किए गए।

आदित्य विजन की कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) पहल के तहत छात्राओं को ये लैपटॉप दिए गए, ताकि वे डिजिटल शिक्षा और आधुनिक तकनीक का बेहतर उपयोग कर सकें।

कार्यशाला में छात्राओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग, पढ़ाई में नई तकनीक की भूमिका, ऑनलाइन शिक्षा और भविष्य में रोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव के लिए विशेष जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया। छात्राओं को फर्जी लिंक, संदिग्ध कॉल, OTP साझा करने के खतरे और व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा के बारे में बताया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड स्वतंत्रता सेनानी विचार मंच के केंद्रीय अध्यक्ष बटेश्वर प्रसाद मेहता, लायंस क्लब ऑफ हजारीबाग के जोनल चेयरपर्सन राजीव आनंद, पूर्व शिक्षिका रूसी खान तथा सद्भावना विकास मंच के सचिव एवं पत्रकार दीपक कुमार उपस्थित रहे।

अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज के दौर में AI और डिजिटल तकनीक शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में नई संभावनाएं खोल रही हैं। बेटियों को तकनीकी शिक्षा और संसाधनों से जोड़ना उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इस दौरान तरंग ग्रुप की ओर से सभी अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। लैपटॉप प्राप्त करने वाली छात्राओं ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह लैपटॉप उनकी पढ़ाई, डिजिटल कौशल और भविष्य के सपनों को पूरा करने में मददगार साबित होगा।

संस्था के निदेशक अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि आदित्य विजन के सहयोग से इससे पहले हजारीबाग और चतरा जिले की 200 छात्राओं को स्मार्टफोन उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इसके अलावा 50 विद्यालयों में स्मार्ट टीवी की सुविधा भी दी गई है। उन्होंने कहा कि ‘टेक सखी’ कार्यक्रम बेटियों को तकनीकी ज्ञान, डिजिटल शिक्षा और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने के अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी है।

चरही से अपहृत CCL मैनेजर भास्कर कुमार सकुशल बरामद, 5 आरोपी गिरफ्तार, दो वाहन जब्त

हजारीबाग: चरही थाना क्षेत्र में CCL परियोजना में कार्यरत एक मैनेजर के अपहरण का मामला सामने आने के बाद हजारीबाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत भास्कर कुमार को सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई काली स्कॉर्पियो और क्रेटा कार को भी जब्त किया गया है।

हजारीबाग पुलिस की ओर से 1 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बीती रात करीब 8:30 बजे टापिन साउथ CCL परियोजना में NIPL आउटसोर्सिंग कंपनी के मैनेजर भास्कर कुमार (35 वर्ष) का अपहरण कर लिया गया था। भास्कर कुमार मूल रूप से धनबाद के रहने वाले हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान), हजारीबाग और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, विष्णुगढ़ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और तकनीकी तथा परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में इस्तेमाल किए गए वाहनों की पहचान की।

पुलिस के अनुसार, अपहरण की घटना में एक काली क्रेटा कार और दो स्कॉर्पियो के शामिल होने की जानकारी मिली थी। छापेमारी के दौरान काली स्कॉर्पियो को मुफस्सिल थाना क्षेत्र और काली क्रेटा कार को चंदवारा थाना क्षेत्र से बरामद किया गया। इसके बाद अपहृत भास्कर कुमार को भी चंदवारा थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया।

इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश यादव, विक्की कुमार, आनंद कुमार मेहता, दिलीप प्रसाद मेहता और मनीष कुमार के रूप में हुई है। सभी हजारीबाग जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई एक काली स्कॉर्पियो, एक काली क्रेटा कार और एक पेन ड्राइव बरामद की है।

इस संबंध में चरही थाना कांड संख्या 88/26, दिनांक 1 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3)/3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

हजारीबाग में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव, तीन प्रमुख मार्गों पर लागू हुआ वन-वे सिस्टम

हजारीबाग शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने तीन प्रमुख मार्गों पर वन-वे यातायात व्यवस्था लागू की है।

पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (CCR) की उपस्थिति में शहर के बुढ़वा महादेव चौक, गाड़ीखाना चौक और बंशीलाल चौक पर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुराने बस स्टैंड से झंडा चौक जाने वाले मार्ग पर ट्रैफिक को व्यवस्थित करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

नई व्यवस्था के तहत निर्धारित मार्गों पर विपरीत दिशा से वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

वन-वे यातायात के लिए निर्धारित मार्ग इस प्रकार हैं:

1. बंशीलाल चौक से गाड़ीखाना चौक: इस दिशा में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चालक बुढ़वा महादेव चौक होकर जा सकेंगे।

2. बुढ़वा महादेव चौक से बंशीलाल चौक: इस मार्ग पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चालक गाड़ीखाना चौक होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।

3. गाड़ीखाना चौक से बुढ़वा महादेव चौक: इस दिशा में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चालक बंशीलाल चौक होकर जा सकेंगे।

पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे नई यातायात व्यवस्था का पालन करें। साथ ही मौके पर तैनात यातायात पुलिस और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का अनुपालन करें, ताकि शहर में जाम की समस्या कम हो और यातायात सुचारू बना रहे।

हजारीबाग पहुंचने पर भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज का शेफाली गुप्ता ने किया स्वागत

हजारीबाग में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज के आगमन पर भाजपा नेत्री शेफाली गुप्ता ने उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। शशांक राज यहां लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत पहुंचे थे।

इस दौरान शेफाली गुप्ता ने लगातार दूसरी बार भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व मिलने पर शशांक राज को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि शशांक राज के नेतृत्व और मार्गदर्शन में झारखंड युवा मोर्चा संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाएगा और युवाओं की भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में काम करेगा।

दारू थाना पुलिस ने स्कूली बच्चों को साइबर अपराध और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक

हजारीबाग जिले के दारू थाना क्षेत्र में पुलिस की ओर से स्कूली बच्चों को जागरूक करने के उद्देश्य से अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देशानुसार थाना प्रभारी दारू ने स्वामी विवेकानंद स्कूल में कक्षा 8वीं से 10वीं तक के विद्यार्थियों को जागरूक किया।

इस दौरान बच्चों को साइबर अपराध से बचने के तरीके बताए गए। साथ ही सोशल मीडिया नेटवर्क के दुष्प्रभाव, भ्रामक सूचनाओं और दुष्प्रचार से बचने की जानकारी दी गई। पुलिस ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और इसके दुष्परिणामों के प्रति सतर्क रहने की अपील की।

इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य बच्चों को साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल और नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूक बनाना था।

हजारीबाग में पेयजल योजनाओं की मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने की समीक्षा, लापरवाह संवेदकों पर होगी कार्रवाई

हजारीबाग। झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने शुक्रवार को हजारीबाग समाहरणालय सभागार में जल जीवन मिशन के तहत संचालित पेयजलापूर्ति योजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में हजारीबाग, रामगढ़, चतरा और कोडरमा जिले की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

इस दौरान मंत्री ने योजनाओं में हो रही देरी और कई जगहों पर पेयजलापूर्ति योजनाओं का काम सुचारू रूप से नहीं चलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों और संवेदकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आम जनता को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के काम में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में सिंगल विलेज स्कीम, रॉ वाटर राइजिंग, क्लीन वाटर राइजिंग, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और पेयजलापूर्ति से जुड़ी आधारभूत संरचनाओं की समीक्षा की गई।

विभागीय सचिव अबु इमरान ने बंद पड़ी योजनाओं और अधूरे निर्माण कार्यों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित संवेदकों को लीगल नोटिस जारी करने और नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांच और योजनाओं की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया।

वहीं, अभियान निदेशक शशि रंजन ने अधिकारियों को अपने क्षेत्र की लंबित योजनाओं की नियमित समीक्षा कर समय पर पूरा कराने का निर्देश दिया।

मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि शुद्ध पेयजल प्रत्येक व्यक्ति की मूलभूत आवश्यकता है। विभाग की प्राथमिकता लोगों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को पूरी जवाबदेही और पारदर्शिता के साथ काम करने का निर्देश दिया।

बैठक के अंत में मंत्री ने जिला प्रशासन को योजनाओं की नियमित समीक्षा करने को कहा। साथ ही, आज दिए गए निर्देशों के अनुपालन और कार्यों की प्रगति की समीक्षा तीन महीने बाद फिर से बैठक आयोजित कर की जाएगी।

बैठक में विभागीय सचिव अबु इमरान, अभियान निदेशक शशि रंजन, हजारीबाग के नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, अभियंता प्रमुख, मुख्य अभियंता समेत चारों जिलों के वरीय अधिकारी और संबंधित संवेदक उपस्थित रहे।