1148 विद्यार्थियों की प्रतिभा से सजा ‘पैरेंट्स नाइट-2026’, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
हजारीबाग। गुलाबी ठंड की खुशनुमा शाम में हजारीबाग का डीपीएस स्कूल मैदान गुरुवार को संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गुलजार रहा। एंजल्स हाई स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), शंकरपुर और लिटिल एंजल्स स्कूल, इमलीकोठी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘पैरेंट्स नाइट-2026’ में तीनों विद्यालयों के 1148 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। करीब चार घंटे तक चले इस कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति, देशभक्ति, सामाजिक जागरूकता और अंतरराष्ट्रीय नृत्य शैलियों की झलक देखने को मिली।
शाम पांच बजे दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। मुख्य अतिथि हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल, राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक एवं डीएवी के पूर्व प्राचार्य अशोक कुमार तथा एंजल्स हाई स्कूल की निदेशिका निशा जायसवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित किया। इसके बाद गणेश वंदना की प्रस्तुति हुई।
करीब 96×44 फीट के विशाल मंच पर आधुनिक लाइटिंग, डिजिटल तकनीक और बेहतर साउंड सिस्टम की व्यवस्था की गई थी। तीनों विद्यालयों के विद्यार्थियों ने कुल 14 सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला और रचनात्मकता दिखाई।
कार्यक्रम में ‘लिटिल ग्रोवर्स’ के तहत नर्सरी से दूसरी कक्षा तक के बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं ‘ग्रेस ऑफ इंडिया- क्लासिकल’ में कथक सहित भारतीय शास्त्रीय नृत्य की सुंदर झलक देखने को मिली। ‘फ्रॉम साइलेंस टू स्ट्रेंथ- नारी सम्मान’ के जरिए महिलाओं के संघर्ष, आत्मसम्मान और सशक्तीकरण का संदेश दिया गया। ‘बैक टू द 80ज- रेट्रो फीवर’ ने पुराने दौर के लोकप्रिय गीतों की यादें ताजा कीं।
‘कृष्णा- द डिवाइन मेलोडी’ में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, गोवर्धन पर्वत धारण करने और रासलीला का मंचन किया गया। वहीं ‘सुर-संगम’ में विद्यार्थियों ने विभिन्न वाद्ययंत्रों के साथ संगीत की प्रस्तुति दी। ‘शौर्य संभाजी’ के माध्यम से छत्रपति शिवाजी महाराज और मुगल शासक औरंगजेब के बीच हुए ऐतिहासिक संघर्ष को नाट्य रूप में दर्शाया गया।
‘दिव्य शक्ति’ में मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों का चित्रण किया गया, जबकि ‘वंदे मातरम्- देश की शान’ ने राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया। अंतरराष्ट्रीय नृत्य शैलियों पर आधारित ‘डांस विद डिफरेंस- अक्रॉस बॉर्डर्स’ में सालसा और स्ट्रीट जैज की प्रस्तुति हुई। ‘अनहर्ड वॉयस’ के माध्यम से मानसिक एवं बौद्धिक चुनौतियों का सामना कर रहे लोगों के प्रति संवेदनशीलता और समानता का संदेश दिया गया।
वहीं ‘देसी बीट्स- बॉलीवुड ब्लास्ट’ में तीनों विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। रंग-बिरंगी वेशभूषा और लोकप्रिय गीतों पर बच्चों की प्रस्तुतियों को दर्शकों की खूब सराहना मिली।
300 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने की आयोजन की तैयारी
इस आयोजन को सफल बनाने में तीनों विद्यालयों के करीब 300 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रस्तुतियों की पटकथा लेखन, नृत्य संयोजन, ध्वनि रिकॉर्डिंग और संगीत मिश्रण का काम विद्यालय के प्रशिक्षकों ने किया। मंच को एलईडी स्क्रीन, आकर्षक सजावट और आधुनिक दृश्य-श्रव्य उपकरणों से तैयार किया गया था। दर्शकों की सुविधा के लिए बैठने की व्यवस्था के साथ बड़े एलईडी पर्दे भी लगाए गए थे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में निदेशिका निशा जायसवाल, एंजल्स हाई स्कूल की प्राचार्या शिखा अग्रवाल, लिटिल एंजल्स स्कूल की प्राचार्या एकता होर्रा और डीपीएस शंकरपुर के प्राचार्य राजकमल सहित तीनों विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों का योगदान रहा।
रात नौ बजे तक चले इस आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देने के साथ शिक्षा में सांस्कृतिक गतिविधियों और रचनात्मक विकास के महत्व को भी सामने रखा।
Nov 05 2026, 18:31
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.5k