/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1634728678748426.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1634728678748426.png StreetBuzz अजनारा सोसाइटी में झटके से रुकी लिफ्ट, 20 मिनट तक फंसे रहे 14 लोग, बच्चों को सांस लेने में हुई परेशानी lucknow
अजनारा सोसाइटी में झटके से रुकी लिफ्ट, 20 मिनट तक फंसे रहे 14 लोग, बच्चों को सांस लेने में हुई परेशानी
लखनऊ /नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोयडा में थाना बिसरख क्षेत्र के ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अजनारा होम्स सोसायटी के एम टावर में सोमवार की रात को बड़ा हादसा होते-होते बचा। ऊपर से नीचे आ रही लिफ्ट में पांच बच्चे, तीन महिलाओं समेत 14 लोग करीब 20 मिनट तक फंसे रहे। इस दौरान बच्चों को सांस लेने में तकलीफ हुई और एक बच्चा डर से रोने लगा। लिफ्ट में फंसे सोसायटी निवासी एसएस पांडे ने बताया कि रात को 14 लोग ऊपर से नीचे जा रहे थे। पहली मंजिल पर आते ही लिफ्ट झटका लेकर रुक गई। करीब 10 मिनट तक दरवाजा नहीं खुला तो लोगों ने गेट पीटकर मदद मांगी। शोर सुनकर अन्य निवासियों ने मेंटेनेंस और सुरक्षा टीम को बुलाया, तब जाकर सभी को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

निवासियों का आरोप है कि टावर में तीन लिफ्ट हैं, लेकिन मेंटेनेंस की लापरवाही से दो पहले से ही खराब थीं। एक सर्विस लिफ्ट सुबह से बंद थी, दूसरी दोपहर में खराब हो गई। शाम को पूरी बिल्डिंग एक ही लिफ्ट के भरोसे थी और वह भी अटक गई।

सोसायटी निवासी दिनकर पांडे ने आरोप लगाया कि लिफ्ट का रजिस्ट्रेशन तक नहीं है। लिफ्ट में अलार्म और इंटरकाॅम जैसी जरूरी सुरक्षा सुविधा भी नहीं है। अलार्म बजाने के बाद भी मदद देर से पहुंची।निवासियों में मेंटेनेंस प्रबंधन के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि हर महीने समय से मेंटेनेंस शुल्क लिया जाता है, लेकिन सुविधा नहीं दी जाती। पिछले सप्ताह कचरा उठान बंद करने और डिलीवरी ब्वाॅय, दूध-दवा वालों की एंट्री रोकने को लेकर भी विवाद हो चुका है।
आरोप : प्रेमी के उत्पीड़न के चलते युवती ने की आत्महत्या, मुकदमा दर्ज
लखनऊ /नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोयडा में थाना सूरजपुर व कस्बा सूरजपुर में एक युवती द्वारा 28 सितंबर को आत्महत्या करने के मामले में उसके पिता ने आज प्रेमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उसके उत्पीड़न के चलते उसकी बेटी ने आत्महत्या किया है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना सूरजपुर के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि केदार सिंह पुत्र नेत्रपाल सिंह निवासी जनपद अलीगढ़ ने आज सुबह को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि मेरी बेटी गीतेश (25 वर्ष) कस्बा सूरजपुर में किराए के मकान में रहती थी। इसी दौरान उसकी दोस्ती दीपक सोलंकी पुत्र मुकेश सोलंकी निवासी जनपद अलीगढ़ से हो गई। दोनों के बीच काफी दिनों तक प्रेम प्रसंग चला। पीड़ित का आरोप है कि दीपक सोलंकी ने उसकी बेटी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया, जिसकी वजह से 28 सितंबर की रात को उसने अपने घर पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया। उसकी छोटी बेटी जो कि अगस्त माह में उसकी बड़ी बेटी के पास रहने आई थी, उसने उसे बताया था कि गीतेश को दीपक सोलंकी मानसिक रूप से परेशान कर रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित का आरोप है कि मानसिक उत्पीड़न के चलते ही उसकी बेटी ने आत्महत्या किया है। पीड़ित के अनुसार उन्होंने अपनी बेटी का अंतिम संस्कार किया, उसके बाद आज नोएडा आकर थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर साइबर अपराधियों ने महिला से एक करोड ठगे
लखनऊ /नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित से सेक्टर 41 में रहने वाले एक 56 वर्षीय महिला को अपने जाल में फंसाकर साइबर अपराधियों ने शेयर मार्केट में निवेश कर मोटी रकम कमाने का झांसा देकर उनसे एक करोड रुपए की ठगी कर ली। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर साइबर क्राइम थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम प्रीति यादव ने बताया कि आज सुबह को पमिला वाकलीवल पत्नी अनुराग वाकलीवल निवासी सेक्टर 41 ने थाना साइबर क्राइम में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनसे फेसबुक के माध्यम से 25 अगस्त वर्ष 2026 को संपर्क किया, तथा उन्होंने एक फाइनेंस कंपनी के शेयर में इन्वेस्ट कर मोटी रकम कमाने का झांसा दिया। उन्होंने बताया कि उन्हें आरोपियों की बातों पर विश्वास हो गया, तथा उन्होंने धीरे-धीरे रकम लगानी शुरू कर दी। उनके अनुसार 25 अगस्त से 29 सितंबर 2026 के बीच उन्होंने उनके बताए गए विभिन्न खातों में एक करोड़ रुपया ट्रांसफर कर दिया। उनको पोर्टल पर अपनी रकम बढी हुई दिखाई दे रही थी।

उन्होंने बताया कि महिला के अनुसार जब उन्होंने अपनी रकम निकालने का प्रयास किया तो साइबर ठगों ने उनसे और रकम जमा करने की शर्त रख दी। तब उन्हें साइबर ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने आज साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। उन्होंने बताया कि पीड़िता की उम्र करीब 56 वर्ष है। डीसीपी ने बताया कि पुलिस उन बैंक खातों का पता लगा रही है जिसमें महिला से रकम ट्रांसफर करवाई गई है। पुलिस को आशंका है कि जिन खातों में रकम ट्रांसफर की गई है, वे म्यूल खाते हैं।
पिशाच बना ननदोई: साले की पत्नी की अस्मत लूटने का प्रयास
लखनऊ /नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित थाना एक्सप्रेसवे क्षेत्र स्थित जेपी क्लासिक सोसाइटी में एक महिला ने अपने ननदोई पर यौन उत्पीड़न के प्रयास, अश्लील हरकत और धमकी देने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी निरीक्षक अमित खारी के अनुसार, सेक्टर-134 स्थित सोसाइटी में रहने वाली महिला ने बीती रात शिकायत दर्ज कराई। महिला का आरोप है कि उसका ननदोई अरविंद राजन, निवासी छतरपुर दिल्ली, पिछले करीब एक वर्ष से उसे लगातार अश्लील संदेश भेज रहा था और दोस्ती करने का दबाव बना रहा था।

महिला के मुताबिक, आरोपी उसके घर पहुंचा और मौका पाकर उसे पीछे से पकड़ लिया। आरोप है कि उसने महिला के साथ अश्लील हरकत करते हुए उसके नाजुक अंगों से छेड़छाड़ की और उसे जबरन डबल बेड पर पटक दिया। इसके बाद उसने उसके साथ गलत काम करने का प्रयास किया।

महिला ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो आरोपी ने उसे कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी और वहां से चला गया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी इससे पहले भी उसके साथ कई बार अश्लील हरकत और छेड़छाड़ कर चुका है। घटना के बाद महिला काफी डरी हुई है।

थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गंगा का जलस्तर 25 सेंटीमीटर घटा, चेतावनी बिंदु से नीचे आया पानी
कानपुर। गंगा के जलस्तर में मंगलवार को गिरावट दर्ज की गई। कानपुर बैराज के अपस्ट्रीम में पानी का स्तर सोमवार के मुकाबले 25 सेंटीमीटर घटकर 113.980 मीटर पर पहुंच गया। इससे जलस्तर चेतावनी बिंदु 114 मीटर से दो सेंटीमीटर नीचे आ गया है। डाउनस्ट्रीम में भी 24 सेंटीमीटर की गिरावट दर्ज की गई। शुक्लागंज में गंगा का जलस्तर 23 सेंटीमीटर कम हुआ है। हालांकि, गंगा के जलस्तर में गिरावट के बावजूद प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

अपस्ट्रीम में सोमवार को गंगा का जलस्तर 114.230 मीटर दर्ज किया गया था, जो मंगलवार को घटकर 113.980 मीटर रह गया। सोमवार को पानी चेतावनी बिंदु से 23 सेंटीमीटर ऊपर था, जबकि मंगलवार को यह दो सेंटीमीटर नीचे पहुंच गया। डाउनस्ट्रीम में सोमवार को जलस्तर 113.820 मीटर था, जो मंगलवार को घटकर 113.580 मीटर हो गया। बैराज से पानी का बहाव भी कम हुआ है। सोमवार को 3,62,559 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था, जबकि मंगलवार को यह घटकर 3,34,710 क्यूसेक रह गया। इस तरह बहाव में 27,849 क्यूसेक की कमी दर्ज की गई।

उधर, शुक्लागंज में भी गंगा का जलस्तर लगातार घट रहा है। सोमवार को यहां जलस्तर 112.790 मीटर दर्ज किया गया था, जो मंगलवार को घटकर 112.560 मीटर रह गया। यहां चेतावनी बिंदु 113 मीटर और खतरे का निशान 114 मीटर है। मौजूदा जलस्तर चेतावनी बिंदु से 44 सेंटीमीटर नीचे है। बाढ़ नियंत्रण कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार, कानपुर बैराज और शुक्लागंज दोनों जगह जलस्तर में गिरावट का रुख बना हुआ है।

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने गंगा के जलस्तर और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की प्राथमिकता निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा और जरूरत पड़ने पर राहत संबंधी इंतजाम सुनिश्चित करना है। जलस्तर में उतार-चढ़ाव को देखते हुए संबंधित विभागों को सतर्क रहने की जरूरत है।

वहीं, हरिद्वार बैराज से 36,245 क्यूसेक और नरौरा बैराज से 43,023 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया है।
शाहजहांपुर : चेन स्नैचिंग का खुलासा, आरोपी मुठभेड़ में घायल, किशोर अभिरक्षा में,
लखनऊ /शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में सदर बाजार थाना पुलिस ने चेन स्नैचिंग की घटना का खुलासा करते हुए एक अपचारी किशोर को पुलिस अभिरक्षा में लिया, जबकि उसके दूसरे साथी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के कब्जे से छीनी गई चेन के कुल 13 ग्राम हिस्से बरामद किए गए हैं।

क्षेत्राधिकारी नगर देवव्रत वाजपेयी ने मंगलवार को बताया कि सदर बाजार थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम को एनसीसी तिराहे के पास मऊ खालसा रोड से पीपल घाट जाने वाले कच्चे रास्ते पर दो अज्ञात व्यक्तियों ने श्रीप्रकाश नामक व्यक्ति से सोने की चेन छीन ली थी। मामले में सदर बाजार थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर दो संदिग्धों की पहचान की गई।

पुलिस ने तकनीकी माध्यम से एक बाल अपचारी किशोर की पहचान कर पांच-छह अक्टूबर की रात उसे अभिरक्षा में लिया। उसके कब्जे से चेन का छह ग्राम हिस्सा बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपने साथी प्रेमपाल के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया सूचना के आधार पर कैंट क्षेत्र के जंगल में कॉम्बिंग के दौरान प्रेमपाल ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसके कब्जे से चेन का शेष सात ग्राम हिस्सा बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।
मुजफ्फरनगर सड़क हादसे में चार लोगों की मौत, मुख्यमंत्री योगी ने जताया शाेक

लखनऊ/ मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुजफ्फरनगर में सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में चार लोगों की मौत पर शोक संवेदना प्रकट की है। उन्होंने अफसरों को मौके पर पहुंचकर घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश जारी किए है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के मुताबिक, पुरकाजी थाना क्षेत्र में लक्सर स्टेट हाइवे पर सोमवार देररात को डंपर और कार की भिडंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में सवार लोग बुरी तरह फंस गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को बमुश्किल बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चार लोगों की मौत हो गई है। मरने वाले की पहचान हरी नगर मोहल्ला निवासी लोहा कारोबारी आदेश गोयल (45) उनकी बहन निशा (35) राखी और निशा की बेटी श्रद्धा (14) के रूप में हुई है।

वहीं, आदेश की मां कुसुम देवी, पत्नी रुबी और राखी की बेटी वैष्णवी घायल है। कार में कुल सात लोग सवार थे, जो आदेश के मौसा राधेश्याम का 75वां जन्मदिन मनाकर रात को कार से वापस लौट रहे थे। पुरकाजी-लक्सर स्टेट हाइवे पर बढ़ीवाला में सोलानी नदी पुल के पास डंपर और कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हाइड्रा की मदद से स्कॉर्पियो में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, एसपी सिटी अमृत जैन, एसपी ट्रैफिक अतुल कुमार चौबे, क्षेत्राधिकारी सदर सुनील कुमार समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव अभियान की जानकारी ली। उन्होंने घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। डंपर और उसके चालक को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
लखनऊ के टाटा लेबर कैंप में भीषण आग, 352 श्रमिक सुरक्षित
सरोजनीनगर में गैस सिलेंडर से खाना बनाते समय भड़की आग, तीन मंजिला कैंप के 17 कमरे जलकर खाक; दो श्रमिकों को मामूली चोट

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र स्थित टाटा लेबर कैंप में मंगलवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सुबह करीब 6:42 बजे आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव का काम शुरू कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि श्रमिकों द्वारा गैस सिलेंडर से खाना बनाते समय आग लगी, जिसने देखते ही देखते पूरे कैंप को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना के समय लेबर कैंप में करीब 352 श्रमिक मौजूद थे। आग तेजी से फैलने के बावजूद पुलिस और फायर सर्विस की तत्परता से सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी भी व्यक्ति की मौत नहीं हुई है।

कई कमरों में फैली आग, सामान जलकर क्षतिग्रस्त

पुलिस के मुताबिक टाटा लेबर कैंप तीन मंजिला है। प्रत्येक मंजिल पर 11-11 कमरे बने हुए हैं। आग की चपेट में आने से कुल 17 कमरे प्रभावित होकर जल गए। इन कमरों में रखा श्रमिकों का सामान भी आग की वजह से क्षतिग्रस्त हुआ है।

आग लगने की सूचना मिलते ही सरोजनीनगर और आलमबाग फायर स्टेशन की टीमें मौके पर पहुंचीं। एसीपी, थाना प्रभारी, एफएसओ सरोजनीनगर और एफएसओ आलमबाग के नेतृत्व में फायर सर्विस के टैंकरों से आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।

तेजी से फैली आग, समय रहते पाया गया काबू

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, खाना बनाते समय लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। कैंप में बड़ी संख्या में श्रमिकों के मौजूद होने के कारण पुलिस और दमकल कर्मियों ने तत्काल लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने पर ध्यान केंद्रित किया।

फायर सर्विस की टीमों ने लगातार प्रयास करते हुए आग पर जल्द ही काबू पा लिया। आग बुझने के बाद मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया।

सामान निकालने में दो श्रमिकों को आई खरोंच

आग के दौरान श्रमिकों ने अपने जरूरी सामान को बाहर निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान ओमप्रकाश पाल और पवन कुमार को हल्की खरोंचें आईं। दोनों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार घटना में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।

श्रमिकों को दूसरे कैंप में किया जा रहा शिफ्ट

आग से प्रभावित कमरों में रहने वाले श्रमिकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सभी श्रमिकों को पास स्थित दूसरे लेबर कैंप में शिफ्ट कराया जा रहा है, ताकि उन्हें किसी तरह का खतरा न रहे।

पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और प्रभावित श्रमिकों की सुरक्षा तथा उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।

मौके पर स्थिति सामान्य

पुलिस के मुताबिक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और फिलहाल मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। एहतियात के तौर पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

प्रारंभिक जांच में गैस सिलेंडर से खाना बनाते समय आग लगने की बात सामने आई है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों और इससे हुए नुकसान का विस्तृत आकलन संबंधित टीमों द्वारा किया जा रहा है।

सबसे राहत की बात यह रही कि इतनी बड़ी संख्या में श्रमिकों के मौजूद होने के बावजूद घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। समय पर पुलिस और फायर सर्विस की टीमों के पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया।
950 स्थानों पर स्थापित होंगी मां की प्रतिमाएं


*अभी तक प्रशासन से केवल 50 पंडालों को अनुमति मिली*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिले में 11 अक्तूबर से शुरू होने वाले शारदीय नवरात्र की तैयारी तेजी से चल रही है। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक जगह-जगह पूजा पंडाल स्थापित कर आदिशक्ति मां दुर्गा की आराधना की जाएगी। पिछले साल जिले में करीब 950 छोटे-बड़े पूजा पंडाल स्थापित किए गए थे। अभी तक प्रशासन की तरफ से केवल 50 पंडालों को अनुमति मिली है। हालांकि अनुमति मिलने की प्रकिया चल रही है। इस बार भी 950 जगहों पर मां की प्रतिमाएं स्थापित होने की उम्मीद है। गोपीगंज में 75 लाख रुपये की लागत से 100 फीट ऊंचा पंडाल तैयार किया जा रहा है।



नवरात्र में नौ दिनों तक देवी के विभिन्न स्वरूपों की पूजा की जाती है। इस दौरान श्रद्धालु गांव से लेकर शहर तक मां की प्रतिमाएं स्थापित करते हैं। पंडालों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। कारीगर दिन-रात इसमें जुटे हैं। लोहा, लकड़ी, कपड़े, थर्माकोल की मदद से पंडाल बनाए जा रहे हैं। गोपीगंज में 36 साल पुराने दुर्गा पूजा आयोजन की तैयारियां खास हैं। मां सिंह वाहिनी शृंगार समिति इस साल गुजरात के सोमनाथ मंदिर की तर्ज पर पंडाल बना रही है। करीब 75 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस पंडाल की ऊंचाई और लंबाई 110 फीट है, जबकि चौड़ाई 80 फीट है। पश्चिम बंगाल के 30 कारीगर प्रशांत दादा की देखरेख में एक महीने से इसे बनाने में लगे हैं। भदोही, औराई, गोपीगंज, सुरियावां, सुजातपुर,कौलापुर, अभोली, चौरी, महराजगंज आदि सहित 950 स्थानों पर पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं। प्रशासन की तरफ से 50 को अनुमति मिल गई है। बाकी पंडाल के सत्यापन के बाद अनुमति मिलेगी।

अनुमति के नियम :
जिला अग्निशमन अधिकारी ओम प्रकाश ने बताया कि बड़े पंडालों में अग्निशमन यंत्र होना जरूरी है, जहां सैकड़ों की संख्या में भीड़ होती है। पंडाल बनाने में फायर रिटार्डेट सूती कपड़ों का ही उपयोग करना चाहिए, सिंथेटिक कपड़े या रस्सी का प्रयोग करने से बचें। कहा किपंडाल के अंदर या पास हैलोजन लैंप, मोमबत्ती, दीया या खुला हवन कुंड न बनाएं। मुख्य पंडाल से कम से कम 200 मीटर की दूरी पर रसोई बनाएं। विद्युत सुरक्षा, वायरिंग और पंडाल तक पहुंचने के लिए रास्ता होने चाहिए।



पंडालों में मां दुर्गा प्रतिमा स्थापित करने के लिए प्रशासन से अनुमति मिल रही है। पुलिस टीम मौके पर जाकर सत्यापन के बाद अनुमति देती है। अनुमति की प्रक्रिया 10 अक्तूबर तक चलेगी। पंडालों में सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। - शुभम अग्रवाल, एएसपी भदोही।
सुल्तानपुर में बेटियों का जन्मोत्सव

करौंदीकला में बालिका शिशुओं के परिजनों को उपहार देकर किया सम्मानित, बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर जोर

सुल्तानपुर जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह के कुशल निर्देशन में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र करौंदीकला सुलतानपुर में सेवा संकल्प अभियान एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनान्तर्गत कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम श्री सर्वेश मिश्रा ब्लाॅक प्रमुख करौंदीकला की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बालिका शिशुओं के परिजनों के साथ कन्या जन्मोत्सव मनाया गया, साथ ही उपहार देकर बालिका शिशुओं के परिजनों को सम्मानित किया गया।
        ब्लाक प्रमुख द्वारा कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम की सराहना करते हुए बताया गया कि बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाना समाज में सकारात्मक बदलाव का महत्वपूर्ण माध्यम है। बेटियों के सम्मान, शिक्षा के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का आभार व्यक्त किया तथा सभी बेटियो को समान्य अवसर प्रदान करने और उन्हंे शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करने हेतु आवाह्न किया गया।
         वी0पी0 वर्मा जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा उपस्थित परिजनों को सम्बोधित करते हुए बताया गया कि बेटी का जन्म किसी उत्सव से कम नही है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं योजना के माध्यम से समाज की सोच मे बदलाव आया है। कन्या जन्मोत्सव मना कर हम यही संदेश देते है कि ’’बेटी है तो कल है।’’ महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित समस्त योजनाओं जैसे-मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, वन स्टाप सेन्टर, चाइलड हेल्प लाइन आदि के बारे में विस्तार पूर्वक बताया गया।
     अनिल वर्मा चिकित्सा अधीक्षक, द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित परिजनों को सम्बोधित करते हुए कहा गया कि बालिकाओं के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने, समाज में बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने तथा बालक-बालिका में समानता की भावना को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
     रेखा गुप्ता जिला मिशन समन्वयक द्वारा यह कहा गया कि बेटियां समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है। बेटियांे कि शिक्षा, सुरक्षा एवं सर्वागींण विकास के लिये सरकार द्वारा विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित है। पात्र बालिकाओं के परिवारो से यह अपील है कि आप सभी जन कल्याणकारी योजनाओ का लाभ उठाये।
     उक्त के कार्यक्रम में ओ0 पी0 सिंह खण्ड विकास अधिकारी, प्राची एडीओ समाज कल्याण, सीता सिंह केन्द्र प्रबधंक, नीलम वर्मा प्रबंधक, राजकीय विषेशज्ञ दत्तक ग्रहण इकाई, तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के अन्य स्टाफ व बालिका शिशुओं के परिजन एवं जनमानस उपस्थित रहें।