पीएम श्री विद्यालय में हुआ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी का आयोजन
फर्रुखाबाद।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशन में जिला विज्ञान क्लब द्वारा पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज फतेहगढ़ में जिला स्तरीय नव प्रवर्तन प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री धीरेंद्र वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया।
जिला समन्वयक दीपिका राजपूत ने बताया कि नवाचार केवल उच्च शैक्षिक स्तर वाले लोगों तक सीमित नहीं है। अनेक किसान, मैकेनिक, मजदूर और शिल्पकार अपने दैनिक कार्यों को सरल एवं सुविधाजनक बनाने के लिए अपने अनुभव और आवश्यकता के आधार पर नवीन प्रयोग करते हैं। ऐसे जमीनी नवप्रवर्तकों को प्रोत्साहित करने और उनके नवाचारों को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से इस प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
नवप्रवर्तकों के चयन के लिए गठित निर्णायक मंडल में डॉ. आदित्य किशोर, चिकित्सा अधिकारी, डॉ. विनायक पांडे, असिस्टेंट प्रोफेसर आर.पी. डिग्री कॉलेज, गुंजा जैन, पर्यावरण विशेषज्ञ हरेंद्र प्रताप सिंह, प्रवक्ता जीव विज्ञान शामिल रहे।
निर्णायक मंडल द्वारा किए गए मूल्यांकन में मोहित कुमार यादव के स्मार्ट ब्लाइंड स्टिक को प्रथम श्री कृष्ण के स्मार्ट मोटर स्टार्टर को द्वितीय तथा सलीना के ज्वेलरी मटेरियल नवाचार को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
साथ ही पांच नवप्रवर्तकों को सांत्वना पुरस्कार के लिए चयनित किया गया, जिनमें अभिषेक – एडजस्टेबल वेल्डिंग क्लैंप, लाडली – जर्दोजी, आदित्य माथुर – 3D मॉडल राम मंदिर, बालेंद्र – ईवी कंट्रोल तथा उदयवीर – वाटर लेवल इंडिकेटर शामिल रहे।
प्रथम स्थान प्राप्त नवप्रवर्तक को ₹8,000, द्वितीय स्थान को ₹5,000, तृतीय स्थान को ₹3,000 तथा सांत्वना पुरस्कार प्राप्त प्रत्येक नवप्रवर्तक को ₹2,000 की धनराशि प्रदान की जाएगी। सभी प्रतिभागी नवप्रवर्तकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि धीरेंद्र वर्मा ने प्रदर्शनी में प्रस्तुत विभिन्न नवाचारों का अवलोकन किया तथा नवप्रवर्तकों को अपने मॉडलों में निरंतर सुधार एवं नए प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया।
पर्यावरण विशेषज्ञ गुंजा जैन ने प्रकृति में मौजूद औषधीय गुणों की जानकारी देते हुए कहा कि हमारे आसपास मौजूद अनेक पेड़-पौधों और पत्तियों में उपयोगी औषधीय गुण पाए जाते हैं। आवश्यकता है कि हम इनके महत्व को पहचानें और प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनें।
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य अतिथियों एवं निर्णायक मंडल के सदस्यों ने भी नवप्रवर्तकों तथा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम का संचालन सरिता त्रिवेदी ने किया। आयोजन की सफलता में निर्मला सिंह, रीता, गीतांजलि राजपूत, मोनी चौहान, स्वालिया सहित अन्य शिक्षकों एवं सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
8 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1