नवरात्रि,श्रीदुर्गा पूजा,श्रीरामलीला व दशहरा पर्व की तैयारियों को लेकर बैठक सम्पन्न।
सदर विधायक पल्टूराम व नगर पालिका अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने व्यवस्थाओं को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।
बलरामपुर। आगामी नवरात्रि पर्व,श्रीदुर्गा पूजा,श्रीरामलीला एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण,सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को एम.एल.के.पी.जी. कॉलेज के ऑडिटोरियम में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ द्वारा किया गया। इसमें पर्व से संबंधित विभिन्न दुर्गा पूजा,रामलीला समितियों के अध्यक्ष,महामंत्री,जनप्रतिनिधि,प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों सहित जनपद के गणमान्य नागरिकों ने प्रतिभाग किया। बैठक में आगामी पर्वों के दौरान नगर में साफ-सफाई,पेयजल,प्रकाश व्यवस्था,यातायात,सुरक्षा व्यवस्था,जुलूस एवं शोभायात्रा के मार्ग,रामलीला एवं दुर्गा पूजा स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं सहित अन्य बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विभिन्न पूजा समितियों एवं रामलीला कमेटियों के पदाधिकारियों से उनकी आवश्यकताओं,समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली गई तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता राज कुमार श्रीवास्तव ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उदासीन संगत गेल्हापुर के महंत बृजानंद जी महाराज,सदर विधायक पलटू राम रहे। कार्यक्रम के दौरान उपजिलाधिकारी मनोज कुमार,क्षेत्राधिकारी नगर पुलिस अभिषेक सिंह,केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष अविनाश मिश्रा,डॉ.कौशल्या गुप्ता, रासविहारी शुक्ल,हरिवंश सिंह,डॉ.कुलदीप विश्वकर्मा,प्रीत पाल सिंह,रामनरेश त्रिपाठी,लड्डू सिंह,हरिवंश सिंह, विजय अग्रवाल,सुनील गुप्ता,डॉ तुलसीश दुबे,डॉ देवेश श्रीवास्तव,डीपी सिंह वैस सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, सभासदगण तथा सभी संबंधित समितियों के अध्यक्ष एवं महामंत्री मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन संजय शुक्ला ने किया।
पर्व हमारी आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक : पल्टूराम
मुख्य अतिथि सदर विधायक पल्टूराम ने कहा कि नवरात्रि,श्रीदुर्गा पूजा, श्रीरामलीला एवं दशहरा हमारे धार्मिक एवं सांस्कृतिक जीवन के महत्वपूर्ण पर्व हैं। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। इसलिए सभी आयोजक समितियां प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर पूरा सहयोग दिया जाएगा। सभी लोग आपसी भाईचारे,सद्भाव और सामाजिक समरसता की भावना के साथ पर्व मनाएं।
व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी : डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने कहा कि नगर में नवरात्रि,दुर्गा पूजा,श्रीरामलीला एवं दशहरा पर्व को लेकर नगर पालिका द्वारा आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएंगी। पूजा पंडालों एवं प्रमुख आयोजन स्थलों के आसपास साफ-सफाई,पेयजल,प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो,इसके लिए नगर पालिका प्रशासन संबंधित विभागों एवं आयोजन समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करेगा। उन्होंने सभी समितियों से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण एवं मर्यादित ढंग से आयोजन सम्पन्न कराएं। डॉ.‘धीरू’ ने कहा कि बलरामपुर की पहचान आपसी भाईचारे,गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द से है। सभी पर्व एवं धार्मिक आयोजन इसी भावना के साथ सम्पन्न हों,यही हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका की ओर से पर्व को सफल बनाने में हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। बैठक में उपस्थित समिति पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने अपने-अपने सुझाव एवं समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने सभी आवश्यक बिंदुओं पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। बैठक का उद्देश्य आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण,सुरक्षित,स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न कराना रहा।
Oct 05 2026, 15:13
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1