संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारम्भ
*डीएम ने शपथ दिलाकर प्रचार वाहन रैली को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना*
रिपोर्टर - नितेश श्रीवास्तव
भदोही। जनपद भदोही में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारम्भ बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट परिसर, सरपतहां से जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने आमजन को संचारी रोगों से बचाव एवं रोकथाम की शपथ दिलाकर तथा प्रचार वाहन रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 01 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक जनपद में संचालित किया जाएगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि “भदोही ने ठाना है, संचारी रोगों को हराना है।” उन्होंने कहा कि अपने गांव, ब्लॉक, जनपद एवं देश को रोगमुक्त बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। व्यक्तिगत साफ-सफाई के साथ घरों के आसपास तथा गांव एवं मोहल्लों के वातावरण को स्वच्छ रखना आवश्यक है। उन्होंने आमजन से स्वस्थ व्यवहार अपनाने तथा समुदाय के अन्य लोगों को भी स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी रोगों के कारण परिवारों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ सकता है। इसलिए यदि आसपास कोई व्यक्ति बुखार से पीड़ित हो तो उसे तत्काल उपचार के लिए सरकारी अस्पताल जाने हेतु प्रेरित किया जाए। उन्होंने मच्छरों से बचाव के लिए पूरी बांह की कमीज एवं पैंट पहनने, स्वच्छ पेयजल का सेवन करने तथा घरों एवं आसपास जल-जमाव न होने देने की अपील की। साथ ही कुपोषित बच्चों पर विशेष ध्यान देने एवं व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया।
उन्होंने नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों तथा ग्राम पंचायतों में जिला पंचायत राज अधिकारी को संचारी रोग नियंत्रण अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने एंटी लार्वा एवं फॉगिंग का प्रभावी एवं नियमित छिड़काव कराने तथा साफ-सफाई व्यवस्था की बेहतर निगरानी सुनिश्चित करने को कहा, जिससे वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम प्रभावी ढंग से की जा सके।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक, नोडल/एसीएमओ डॉ. ओपी शुक्ला तथा जिला मलेरिया अधिकारी राम आसरे ने बताया कि अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए जनपद में आवश्यक टीमें गठित की गई हैं। अभियान के प्रथम दिन जनपद के समस्त बेसिक विद्यालयों में ग्राम प्रधानों, आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, शिक्षकों एवं ग्रामवासियों की सहभागिता से जागरूकता रैली एवं संगोष्ठियां आयोजित कर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही सभी पीएचसी, सीएचसी, विकास खंड कार्यालयों एवं अधिशासी अधिकारी कार्यालयों में भी संगोष्ठियों का आयोजन किया गया।
12 से 31 अक्टूबर तक चलेगा दस्तक अभियान
अभियान के अंतर्गत 12 से 31 अक्टूबर 2026 तक दस्तक अभियान संचालित किया जाएगा। इस दौरान आशा कार्यकत्रियों द्वारा घर-घर भ्रमण कर डेंगू, फाइलेरिया, मलेरिया, दिमागी बुखार, क्षय रोग एवं कुष्ठ रोग आदि के लक्षण वाले रोगियों की पहचान कर जांच एवं उपचार हेतु सूची तैयार की जाएगी। साथ ही बुखार से पीड़ित रोगियों, आईईएलआई, क्षय रोग, कालाजार एवं फाइलेरिया के लक्षणयुक्त व्यक्तियों तथा कुपोषित बच्चों की सूची तैयार की जाएगी।
जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि ऐसे मकानों को भी चिह्नित किया जाएगा, जहां घरों के भीतर मच्छरों का प्रजनन पाया जाता है। चिह्नित क्षेत्रों एवं व्यक्तियों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट संबंधित उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाएगी।
“7 का वार, संचारी रोगों की होगी हार” के संदेश के तहत जनपदवासियों से पूरी बांह की कमीज एवं पैंट पहनने, स्वच्छ पेयजल का सेवन करने, आसपास जल-जमाव न होने देने, कुपोषित बच्चों पर विशेष ध्यान देने, व्यक्तिगत एवं आसपास की स्वच्छता बनाए रखने तथा बुखार होने पर बिना देरी किए सरकारी अस्पताल पहुंचकर उपचार कराने की अपील की गई।
संचारी रोगों से संबंधित अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन 1800-180-5145, टोल फ्री नंबर 104 तथा एम्बुलेंस सेवा के लिए 108 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि संचारी रोगों की रोकथाम में प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें, अपने घर एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार के बुखार अथवा बीमारी के लक्षण होने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार प्राप्त करें। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संतोष चक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय एवं संबंधित विभागों के अधिकारी वह आम जन उपस्थित रहे।
Oct 01 2026, 16:37
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1