मऊ अपराधमुक्त समाज के लिए नैतिक शिक्षा जरूरी : भगवान भाई
मऊ। राजकीय किशोर संप्रेक्षणगृह में अपराधमुक्त समाज के निर्माण में नैतिक शिक्षा की भूमिका विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में माउंट आबू, राजस्थान से आए प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के राजयोगी ब्रह्माकुमार भगवान भाई ने किशोरों को नैतिक मूल्यों और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूक किया।
भगवान भाई ने कहा कि समाज में बढ़ती हिंसा और अपराध चिंताजनक हैं। नैतिक शिक्षा के अभाव में युवा कुसंग, व्यसन, नशे, मोबाइल और अन्य नकारात्मक प्रभावों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। काम, क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार, ईर्ष्या और नफरत जैसे मनोविकारों पर नियंत्रण के लिए नैतिक एवं आध्यात्मिक शिक्षा आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान युवा ही भावी समाज और देश की दिशा तय करेंगे। यदि युवाओं को संस्कार, सदाचार और सकारात्मक सोच से जोड़ा जाए तो समाज में रचनात्मक चेतना का विकास होगा। शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान प्राप्त करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, सद्गुणों का विकास तथा बुराइयों से मुक्त होना भी होना चाहिए।
कार्यक्रम में अधीक्षक संजय कुमार मिश्रा ने ब्रह्माकुमारीज संस्था के प्रयासों की सराहना की। राजयोग शिक्षिका पूजा बहन ने भगवान भाई का परिचय देते हुए बताया कि उन्होंने अनेक स्कूल-कॉलेजों और कारागारों में नैतिक शिक्षा के कार्यक्रम किए हैं।
पूनम बहन ने संस्था का परिचय दिया, जबकि शिक्षक मणिकांत शर्मा ने स्वागत किया। डॉ. सुभाषिनी तिवारी, कुशाग्र कुशवाह, प्रिंस एवं बीके जितेंद्र सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे। अंत में भगवान भाई ने किशोरों को राजयोग मेडिटेशन कराया।
Oct 01 2026, 11:58
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k