बरसात में दीवार गिरने से हुई सुंदर लाल की मौत, विधायक रामपाल वर्मा ने घर पहुंचकर बंधाया ढांढस; 4 लाख रुपये का चेक सौंपा
Sb न्यूज़ ब्यूरो रितेश मिश्रा
कछौना, हरदोई:* विकास खण्ड कछौना की ग्राम पंचायत गाजू के मजरा फत्तेपुर में भारी बारिश के कारण बीते दिनों दीवार गिरने से सुंदर लाल गौतम की हुई थीं। आकस्मिक व दुःखद मृत्यु पर क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा ने उनके निवास स्थान पर पहुंचकर गहरा शोक व्यक्त किया। विधायक ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और ढांढस बंधाया। इस अत्यंत दुःखद घड़ी में सरकार की ओर से त्वरित सहायता प्रदान करते हुए विधायक रामपाल वर्मा ने मृतक सुंदर लाल की पत्नी व परिजनों को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा। इसके साथ ही पीड़ित परिवार के सिर से छत का साया न हटे, इसके लिए उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के कड़े निर्देश दिए। सुंदर लाल के बच्चों की पढ़ाई-लिखाई पर कोई आंच न आए, इसके लिए विधायक ने संवेदनशीलता दिखाते हुए बाल सेवा योजना का लाभ दिलाने हेतु तत्काल फॉर्म भरवाकर प्रक्रिया शुरू कराई। शोक संतप्त परिवार और वहां उपस्थित ग्रामीणों को ढांढस बंधाते हुए विधायक रामपाल वर्मा ने कहा, "यह अत्यंत हृदयविदारक घटना है, जिसने हम सभी को झकझोर कर रख दिया है। सुंदर लाल का इस तरह असमय चले जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूँ। मैं पीड़ित परिवार को यह विश्वास दिलाना चाहता हूँ कि संकट के इस समय में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली हमारी सरकार आपके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। आर्थिक सहायता के साथ-साथ परिवार को पक्का मकान और बच्चों की उच्च शिक्षा की पूरी व्यवस्था सरकार द्वारा की जाएगी। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दे दिए गए हैं कि किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुंदर लाल के बच्चों का भविष्य अंधकारमय नहीं होने दिया जाएगा।" इस दुःखद अवसर पर नायब तहसीलदार, लेखपाल मुकेश कुमार सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजय शुक्ला, मण्डल अध्यक्ष मयंक सिंह, निवर्तमान मण्डल अध्यक्ष नवीन पटेल, मण्डल महामंत्री अजय बाजपेई, शिवम मिश्रा, असर्फी लाल वर्मा, ग्राम प्रधान सुधीर वर्मा सहित राजस्व विभाग तथा ग्राम विकास विभाग के तमाम अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
Sep 30 2026, 18:51
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1