जनपद मऊ-: 'ऑपरेशन प्रहार' का बड़ा प्रहार, डुगडुगी बजाकर 50.69 लाख की गैंगस्टर संपत्ति कुर्क, मऊ में अपराधियों में मचा हड़कंप
प्रदेश सरकार के 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) मऊ आनंद वर्धन द्वारा अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने की मुहिम अब और तेज की गई है। डीएम के इसी क्रम में जिले में एक नामी गैंगस्टर गिरोह की करीब 50.69 लाख रुपये मूल्य की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति को पुलिस और राजस्व विभाग ने डुगडुगी बजाकर मुनादी कराते हुए कुर्क कर लिया। कार्रवाई के बाद जिले के अपराध जगत में खलबली मच गई है और अपराधियों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि अब अगली बारी किसकी होगी।
मऊ, प्रदेशव्यापी 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत मऊ में गैंगस्टर और माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक परमेंद्र सिंह की मौजूदगी में राजस्व विभाग की टीम ने थाना सरायलखंसी क्षेत्र के जयसिंहपुर गांव में पहुंचकर डुगडुगी बजवाकर मुनादी कराई और गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क की गई संपत्ति पर प्रशासनिक सूचना बोर्ड भी लगा दिया।
सूचना बोर्ड के अनुसार, जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) मऊ आनंद वर्धन द्वारा वाद संख्या 2122/2026 में पारित आदेश के अनुपालन में अभियुक्त सतीश सिंह उर्फ बबलू, अवनीश सिंह उर्फ मिन्टू एवं मनीष सिंह उर्फ पिन्टू, निवासी जयसिंहपुर, थाना सरायलखंसी की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति को उत्तर प्रदेश गिरोहबन्द एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 की धारा 14(1) के तहत राज्य सरकार के पक्ष में कुर्क किया गया।
कुर्क की गई संपत्ति में गाटा संख्या 667 स्थित एक दो मंजिला तथा दो एक-एक मंजिला भवन (कुल तीन भवन) शामिल हैं, जिनकी संयुक्त अनुमानित कीमत 50,69,444.51 रुपये आंकी गई है। प्रशासन ने भवनों पर कुर्की संबंधी नोटिस चस्पा कर स्पष्ट किया कि यह संपत्ति अब विधिक रूप से कुर्क है।
स्थाई बोर्ड लगाकर जिला प्रशासन ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि कुर्क की गई संपत्ति का क्रय-विक्रय, हस्तांतरण, कब्जा परिवर्तन, उपयोग अथवा किसी भी प्रकार का अनाधिकृत प्रवेश या हस्तक्षेप दंडनीय अपराध होगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश सरकार, पुलिस और जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क पर सीधा प्रहार माना जा रहा है। पुलिस प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि अपराध से अर्जित संपत्ति अब सुरक्षित नहीं रहेगी और ऐसे तत्वों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
8 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1