/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs1/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs4/1762763663868556.png/home/streetbuzz1/public_html/testnewsapp/system/../storage/avatars/thumbs5/1762763663868556.png StreetBuzz NEET में शानदार सफलता पर संजीत कुमार का सम्मान, मुन्ना सिंह ने घर पहुंचकर दी बधाई Pintu Kumar
NEET में शानदार सफलता पर संजीत कुमार का सम्मान, मुन्ना सिंह ने घर पहुंचकर दी बधाई

हजारीबाग जिले के सदर प्रखंड के नगवां निवासी स्वर्गीय मंटू प्रसाद मेहता के सुपुत्र संजीत कुमार ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर अपने परिवार, क्षेत्र एवं जिले का नाम गौरवान्वित किया है। संजीत कुमार की इस उपलब्धि पर पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह उनके आवास पहुंचकर उनसे एवं उनके परिजनों से मुलाकात की तथा अंग वस्त्र देकर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संजीत की सफलता कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। मुन्ना सिंह ने कहा कि संजीत कुमार ने अपनी मेहनत और लगन से न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे हजारीबाग जिले का मान बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संजीत चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएँ देकर समाज एवं देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने संजीत कुमार के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य, निरंतर प्रगति एवं सफलता के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर परिवार के सदस्यों सहित स्थानीय गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

हजारीबाग केंद्रीय कारागार में पुलिस का औचक छापा, सुरक्षा व्यवस्था और मानवाधिकारों पर दिया गया विशेष जोर

हजारीबाग: पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के नेतृत्व में दंडाधिकारी एवं जिले के पुलिस पदाधिकारियों की उपस्थिति में मंगलवार को लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारागार, हजारीबाग में औचक छापेमारी अभियान चलाया गया।

इस अभियान का उद्देश्य कारागार की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना, नशीले पदार्थों एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी पर रोक लगाना तथा संगठित अपराध से जुड़ी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना था।

निरीक्षण के दौरान जेल परिसर की गहन तलाशी ली गई। साथ ही यह सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया कि कारागार किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों का केंद्र न बने और वहां सुधार की इच्छा रखने वाले बंदियों के लिए सुरक्षित एवं अनुशासित वातावरण बना रहे। इस संबंध में कारागार में मौजूद पुलिस पदाधिकारियों के साथ आवश्यक विचार-विमर्श भी किया गया।

औचक निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित किया कि तलाशी की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष एवं मानवाधिकारों के अनुरूप हो। पुलिस अधीक्षक ने बंदियों के साथ गरिमापूर्ण व्यवहार, उनके मानसिक स्वास्थ्य की सुरक्षा तथा उन्हें आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कारागार की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और गैर-कानूनी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस प्रकार की औचक कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी।

SIR-2026: अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत संचालित कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के उद्देश्य से आज अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुबोध कुमार ने नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मत्स्य विभाग परिसर, इंदिरा गांधी बालिका विद्यालय, केबी हाई स्कूल,कोर्रा एवं दीपगढ़ा स्थित मतदान केंद्रों का भ्रमण कर एसआईआर-2026 के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल ऑफिसर एवं सुपरवाइजरों द्वारा प्रपत्रों के वितरण, प्रपत्रों की प्राप्ति, डिजिटाइजेशन की प्रगति तथा एएसडीडी सूची की अद्यतन स्थिति का विस्तृत अवलोकन किया।

अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी बीएलओ, सुपरवाइजर एवं संलग्न कर्मियों को निर्देश दिया कि वे बीएलए-2 के साथ बैठक सुनिश्चित करें तथा विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करें।

उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देशित किया कि प्रपत्रों के वितरण एवं प्राप्ति की अद्यतन जानकारी, डिजिटाइजेशन की प्रगति, मृत्यु, डुप्लीकेट एवं स्थानांतरण से संबंधित मामलों का पृथक एवं विस्तृत प्रतिवेदन तैयार करें। साथ ही एएसडीडी सूची का शीघ्र संकलन एवं अद्यतन करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री आदित्य पांडेय, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती वेदवंती कुमारी, सहायक नगर आयुक्त सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

15 अगस्त तक बिना निबंधन वाले वाहनों पर चलेगा विशेष अभियान, अवैध कोयला परिवहन व ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में परिवहन विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में वाहन निबंधन, कर वसूली, सड़क सुरक्षा, प्रदूषण नियंत्रण, अवैध परिवहन तथा प्रवर्तन कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले में अवैध कोयला परिवहन एवं ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध प्रभावी एवं निरंतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा संबंधित अधिकारी नियमित जांच अभियान चलाकर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करें।

उपायुक्त ने जिले में वाहनों के निबंधन की प्रगति की समीक्षा करते हुए अब तक पंजीकृत वाहनों की अद्यतन जानकारी प्राप्त की। उन्होंने 15 अगस्त तक बिना निबंधन वाले वाहनों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया तथा सभी वाहन स्वामियों से अपने वाहनों का समय पर निबंधन कराने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सभी वाहन स्वामी अपने वाहनों की फिटनेस समय पर कराएं तथा उन्हें सुरक्षित एवं नियमों के अनुरूप संचालित करें। सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए फिटनेस संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन आवश्यक है।

बैठक में प्रदूषण नियंत्रण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने जिले के सभी पेट्रोल पंपों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पेट्रोल पंप पर प्रदूषण जांच (पीयूसी) की सुविधा उपलब्ध होना अनिवार्य है। जिन पेट्रोल पंपों पर यह सुविधा उपलब्ध नहीं है, वे 15 अगस्त से पूर्व आवश्यक प्रदूषण नियंत्रण उपकरण स्थापित करें। साथ ही निर्देश दिया गया कि जिन वाहनों के पास वैध पीयूसी प्रमाण-पत्र नहीं है, उन्हें ईंधन उपलब्ध नहीं कराया जाए।

टैक्स डिफॉल्टर वाहनों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी बकायेदार वाहन स्वामियों को शीघ्र नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार के राजस्व की क्षति किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। निर्धारित समय तक कर जमा नहीं करने वाले वाहन स्वामियों के विरुद्ध नीलाम पत्र वाद दायर कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी एवं एमवीआई को नियमित रूप से जुर्माना वसूली अभियान चलाने तथा बिना फिटनेस एवं नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई जारी रखने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि विभिन्न माध्यमों से बरही क्षेत्र में एनडीपीएस से जुड़े मामलों एवं अवैध पशु परिवहन की सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं। उन्होंने परिवहन विभाग को ऐसे मामलों में अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सख्त कार्रवाई करने तथा प्रत्येक कार्रवाई की सूचना जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उपायुक्त ने रोड सेफ्टी टीम को जिले के दुर्घटना संभावित (ब्लैक स्पॉट) क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करने, सुरक्षा उपायों की समीक्षा करने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।

बैठक में संबंधित पदाधिकारियों को परिवहन नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने, राजस्व संग्रह बढ़ाने तथा सड़क सुरक्षा एवं प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े सभी निर्देशों का गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आम नागरिकों से भी वाहन निबंधन, फिटनेस, कर भुगतान एवं प्रदूषण नियंत्रण संबंधी सभी नियमों का पालन करने की अपील की गई।

राज्य स्तरीय जगन्नाथ महोत्सव में हो एंटरटेनमेंट की प्रस्तुति ने बढ़ाया हज़ारीबाग का मान

रांची, 21 जुलाई। कला, संस्कृति एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय जगन्नाथ महोत्सव–2026 में हो एंटरटेनमेंट कल्चरल टीम हज़ारीबाग ने अपनी भावपूर्ण नृत्य नाटिका की शानदार प्रस्तुति देकर हज़ारीबाग का गौरव बढ़ाया। प्रस्तुति ने कार्यक्रम में उपस्थित दर्शकों, अतिथियों एवं कला प्रेमियों का भरपूर ध्यान आकर्षित किया और कलाकारों को तालियों की गड़गड़ाहट के बीच खूब सराहना मिली।

नृत्य नाटिका में भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा और भक्ति भाव का सजीव एवं प्रभावशाली मंचन किया गया। आकर्षक वेशभूषा, सटीक नृत्य संयोजन, प्रभावशाली अभिनय और कलाकारों के बेहतरीन तालमेल ने प्रस्तुति को यादगार बना दिया। राज्य के विभिन्न जिलों से आए कलाकारों के बीच हो एंटरटेनमेंट की प्रस्तुति अपनी अलग पहचान बनाने में सफल रही।

इस अवसर पर संस्था के प्रतिनिधियों ने कहा कि राज्य स्तरीय मंच पर हज़ारीबाग का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कला, संस्कृति एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार तथा आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था भविष्य में भी झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाने और स्थानीय प्रतिभाओं को बड़े मंच उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी।

उल्लेखनीय है कि हो एंटरटेनमेंट हज़ारीबाग पिछले कई वर्षों से सांस्कृतिक, सामाजिक एवं कलात्मक गतिविधियों के माध्यम से युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रहा है। राज्य स्तरीय जगन्नाथ महोत्सव में मिली यह सराहना संस्था के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। संस्था के निर्देशक रोहित वर्मा, पवन रजक, भीम आर्य, कृष्णा कुमार, संतोष कुमार, प्रिया कुमारी, राकेश राम, रिया कुमारी, नीतू राज, कंचन कुमारी, बबलू यादव, कौशल्या कुमारी कलाकार मौजूद थे

मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा, 22 जुलाई को सभी बूथों पर होगी बीएलओ-बीएलए-2 की बैठक

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री हेमन्त सती की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR)-2026 के तहत मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा एवं आगामी गतिविधियों के संबंध में जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता गणना प्रपत्रों के वितरण एवं डिजिटाइजेशन की अद्यतन स्थिति साझा की गई।

बैठक में उपायुक्त ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 22 जुलाई 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ एवं बीएलए-2 की तृतीय बैठक तथा निर्वाचन पाठशाला का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रारूप मतदाता सूची एवं ASDDF सूची का सत्यापन कर उसे अंतिम रूप देने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

उपायुक्त ने राजनीतिक दलों से अपने-अपने बीएलए-2 को बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ASDD सूची में डुप्लीकेट, मृत,स्थायी रूप से स्थानांतरित,अनुपलब्ध तथा गणना प्रपत्र पर हस्ताक्षर से इनकार करने वाले मतदाताओं से संबंधित प्रविष्टियों का गंभीरता से सत्यापन किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा अपात्र व्यक्तियों के नाम चिन्हित किए जा सकें।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मतदान केंद्र स्तर पर आयोजित बैठक में 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने तथा दावे एवं आपत्तियों के समयबद्ध निष्पादन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं संबंधित हितधारकों से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।

बैठक में राजनीतिक दलों में आम आदमी पार्टी से श्री शशि कुमार सिंह, बहुजन समाज पार्टी से श्रीमती शीला देवी,भारतीय जनता पार्टी से श्री जयनारायण मेहता, कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया(माo) से श्री गणेश कुमार सीटू, इंडियन नेशनल कांग्रेस से श्री निसार खान, आजसू से श्री शुभम राणा, झारखण्ड मुक्ति मोर्चा से श्री सुनील कुमार शर्मा, तथा राष्ट्रीय जनता दल से श्री प्रदीप कुमार मेहता उपस्थित थे।

बारिश में ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक जवानों को मिला सुरक्षा कवच, हजारीबाग यूथ विंग ने बांटे रेनकोट

हजारीबाग। बारिश के दौरान ट्रैफिक पुलिस जवानों को सुरक्षित रखने और उनकी ड्यूटी को अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से रविवार, 20 जुलाई 2026 को सीसीआर कंट्रोल रूम, हजारीबाग में रेनकोट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर हजारीबाग यूथ विंग द्वारा पुलिस अधीक्षक हजारीबाग की उपस्थिति में ट्रैफिक पुलिस के जवानों के बीच रेनकोट वितरित किए गए।

कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर), पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी यातायात थाना तथा पुलिस केंद्र हजारीबाग के परिचारी प्रवर सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बारिश के मौसम में ट्रैफिक पुलिस के जवान लगातार सड़क पर रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्यक्षमता को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है।

यह कार्यक्रम शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में तैनात पुलिस बल का मनोबल बढ़ाने, उन्हें प्रतिकूल मौसम में सुरक्षित रखने तथा बेहतर यातायात प्रबंधन को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

बड़कागांव में स्कूली बच्चों को यातायात नियमों का दिया गया पाठ, पुलिस ने किया जागरूक

पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर रविवार, 20 जुलाई 2026 को बड़कागांव थाना प्रभारी ने उत्क्रमित उच्च विद्यालय, शिवाडीह में सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षकों की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में बच्चों को ड्राइविंग लाइसेंस के महत्व, वाहन चलाते समय सभी यातायात नियमों का पालन करने तथा 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों द्वारा वाहन नहीं चलाने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

रातभर चला हजारीबाग पुलिस का विशेष अभियान, 17 अपराधी गिरफ्तार

हजारीबाग: पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर 18/19 जुलाई 2026 की रात जिलेभर में फरार अपराधियों, वारंटियों और विभिन्न मामलों के अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष समकालीन छापामारी अभियान चलाया गया।

इस अभियान का नेतृत्व जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों एवं पुलिस निरीक्षकों ने किया। अभियान के तहत जिलेभर में थाना प्रभारियों के नेतृत्व में कुल 28 टीमों का गठन किया गया, जिनमें 91 पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी शामिल थे।

रातभर चले इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर 17 फरार अपराधियों एवं अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि उनके क्षेत्र में कोई फरार अपराधी या गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपा हुआ व्यक्ति मौजूद हो, तो इसकी सूचना तुरंत अपने नजदीकी थाना को दें। सूचना प्राप्त होने पर उसका सत्यापन कर तत्काल आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लावारिस शव नहीं, हमारी संवेदनाओं का मौन आईना

आधुनिक युग में जहां पाश्चात्य संस्कृति हावी है वही समाज में मानवीय वेदना, संवेदना और इंसानियत के भाव का भी आभाव दिखता है। हजारीबाग जिसे अमन-चैन और सौहार्दपूर्ण वातावरण के लिए जाना जाता रहा है लेकिन कुछ ऐसी घटनाएं घटती है जो इस सामाजिक सौहार्द के लिए भविष्य में चिंता का सबब बन जाती है। ताजा उदाहरण है हजारीबाग शहर और आसपास के विभिन्न थाना क्षेत्रों से बीते एक सप्ताह के दौरान 7 शव लावारिश अवस्था में बरामद हुए। इन घटनाओं ने पूरे हजारीबाग को झकझोर कर रख दिया है। सबसे अधिक चिंतनीय बात यह है कि इनमें से 5 शव अब भी अज्ञात है और उनके पहचान के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में मोर्चुरी पर रखा गया है। अबतक इनकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिसिया जाँच के साथ ये समाज के सामने एक अत्यंत ही गंभीर और ज्वलंत सामाजिक प्रश्न खड़े करता है कि आखिर इन शवों का पहचान हो पाएगा भी या नहीं? या कई लावारिश शवों की तरह ही इनका भी अंतिम संस्कार हो जाएगा और ये काल के गाल में हमेशा के लिए लुप्त हो जाएंगे ।

ऐसे इन सभी शवों को पुलिस की मौजूदगी में मुक्तिधाम सेवा संस्थान के सचिव सह वार्ड पार्षद प्रतिनिधि नीरज कुमार ने बड़े मशक्कत के बाद सम्मानपूर्वक उठाकर फिलवक्त पहचान के लिए रखवाया है। हीराबाग चौक के समीप गहरे दलदल के एक नाली से एक शव को निकालने के क्रम में वे हादसा के शिकार भी हो सकते थे लेकिन उन्होंने डंडे के सहारे पहले दलदल की गहराई नापी फिर शव को निकाला। ऐसे कई दिनों से पड़े शवों के दुर्गंध को सहकर उन्होंने इस सेवा क्षेत्र में जो मिसाल पेश किया है वह सराहनीय है। नीरज कुमार और उनकी टीम का कार्य निसंदेह मानवीय संवेदनाओं का उत्कृष्ट उदाहरण है। जब सबों की पहचान नहीं हो पाएगी तब इनके द्वारा ही सम्मानपूर्वक इनका अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा। अब सवाल यह उठता है कि इनका अंतिम संस्कार करके क्या हम अपने सामाजिक दायित्व से मुक्त हो सकते हैं? या फिर हमें उन कारणों की तलाश भी करनी चाहिए, जिसकी वजह से लोग इस स्थिति तक पहुंच रहे हैं?

हजारीबाग में पिछले एक सप्ताह के दौरान इन शवों की लावारिश हालत में झील के मत्स्य विभाग के समीप से मिलना, हीराबाग स्थित बिजली विभाग के सामने के नाले से मिलना, नगवां- चुरचू के पत्थर एक माइंस से मिलना, रेलवे स्टेशन के बोगी से मिलना तो रहस्यमय है ही लेकिन शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के भीतर से दो शवों का बरामद होना बेहद ही चिंतनीय और गंभीर सवाल खड़ा करता है। यहां लोग जीवन बचाने की आस लेकर पहुंचते हैं लेकिन बीते एक सप्ताह के भीतर वार्ड से एक शव और एक शव ट्रामा सेंटर के बाहर से बरामद होना व्यवस्था और सामाजिक संवेदनशीलता दोनों पर सवाल खड़े करती है। 

वर्तमान समाज में मानसिक तनाव, अवसाद, आर्थिक दबाव, नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और आपसी विवाद लगातार बढ़ रहे हैं। कई बार लोग किसी दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को देखकर मुँह मोड़ लेते हैं तो कई बार अस्पताल के बाहर छोड़कर चंपत हो जाते हैं। ऐसे लोग कौन हैं? उनकी जिम्मेवारी कैसे तय होगी और कौन तय करेगा? क्या हमारी संवेदनाएं इतनी कमजोर हो गई है कि हम किसी जरूरतमंद को मदद नहीं कर सके या किसी जरूरतमंद को अस्पताल पहुंचाकर यहां भर्ती कराने या उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाने का भी प्रयास नहीं कर सकते?

अब समय सिर्फ शासन- प्रशासन को दोष देने का नहीं है। समाज को ऐसे विषयों पर सामाजिक रूप से मिलकर चिंतक- मंथन करना होगा। हमें आत्म मंथन करना होगा। परिवारों में संवाद कम हो रहे हैं, सामाजिक रिश्ते कमजोर पड़ रहे हैं और अकेलापन बढ़ता जा रहा है। मानसिक स्वास्थ्य पर खुलकर बात करने की जरूरत है। समाज में नशा मुक्ति अभियान को सामाजिक आंदोलन बनाना होगा। मानसिक अवसाद में जीने वाले लोगों को सामाजिक रूप से संबल देने की आवश्यकता है। हम सभी को अपने अंदर संवेदना के भाव को जागृत रखना होगा और इसे मानवीय कर्तव्य समझकर इसे अपने दैनिक जीवन में चरितार्थ करना होगा । 

प्रशासन को भी शहर के ऐसे सुनसान जगहों के साथ-साथ अस्पताल जैसे संवेदनशील जगहों पर सीसीटीवी निगरानी रखनी होगी ताकि बेसहारा एवं अज्ञात लोगों की पहचान और पुनर्वास की व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके। राजनीतिक और सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों और आम नागरिकों को भी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन ईमानदारी पूर्वक करना होगा। 

हजारीबाग अपनी सामाजिक चेतना और मानवीय मूल्यों के प्रति संवेदना के लिए जाना जाता रहा है। ऐसी असामाजिक और अमानवीय घटनाओं पर अगर इसे महज खबर समझकर इग्नोर करते रहें तो भविष्य में यह स्थिति और व्यापक हो सकती है। लावारिस अवस्था में मिले इन शवों की भी अपनी मौत की कहानी होते हैं जो समाज की असंवेदनाओं, व्यवस्था की कमियों और टूटते सामाजिक रिश्तों का मौन आईना होते है। पिछले एक सप्ताह में हजारीबाग में मिले इन शवों में से कई शवों को करीब से देखा तो यह एहसास मन में हुआ कि इसे शेयर किया जाय और इस पर सामाजिक रूप से चर्चा की जरूरत है अन्यथा आने वाले समय में हम इंसान तो होंगे लेकिन समाज में वेदना, संवेदना और इंसानियत का भाव का घोर आभाव हो जायेगा और हम इंसान और जानवरों में कोई अंतर नहीं रह जाएगा।

✍️ रंजन चौधरी,

सांसद मीडिया प्रतिनिधि, हजारीबाग संसदीय क्षेत्र।