प्रभु श्रीराम मंदिर में कथित वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में मऊ में कांग्रेस की पदयात्रा
मऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के आह्वान पर मंगलवार को मऊ में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रभु श्रीराम मंदिर में कथित वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में शांतिपूर्ण पदयात्रा निकाली गई। जिला अध्यक्ष राजमंगल यादव के नेतृत्व में आजमगढ़ मोड़ से रोडवेज तक निकाली गई इस पदयात्रा में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया।
पदयात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे और वित्तीय लेन-देन को लेकर सामने आई खबरों से करोड़ों रामभक्तों की आस्था आहत हुई है। उन्होंने इस मामले में निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
कांग्रेस ने इस अवसर पर तीन प्रमुख मांगें भी रखीं। पहली, मामले की उच्च न्यायालय के सिटिंग जज की निगरानी में समयबद्ध न्यायिक जांच कराई जाए। दूसरी, वर्तमान मंदिर ट्रस्ट को भंग किया जाए। तीसरी, मंदिर प्रबंधन की जिम्मेदारी चारों पीठों के शंकराचार्यों एवं संबंधित महंतों को सौंपी जाए।
पदयात्रा के समापन पर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजमंगल यादव ने भाजपा सरकार और मंदिर ट्रस्ट पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर के नाम पर लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ हुआ है और इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर आंदोलन जारी रखेगी और जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रहेगा।
कार्यक्रम में ओमप्रकाश ठाकुर, उदयप्रताप राय, कैलाश चौहान, मनोज गिहार, शिवाजी कन्नौजिया, हफीजुर्रहमान, प्रमोद सिंह, महेंद्र सोनकर, अमन गिहार, फहद कादिर, वंदना पांडेय, महक पांडेय, जावेद खान, प्रेम शीला, शैदूर्रहमान पहलवान, गुलशन कुमार, राजू फारूकी, संजय साहू, संचिता नंद, सुरेश राजभर, रामविलास मौर्य सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
9 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1