आल्हा-उदल की धरती महोबा बनेगा नया टूरिज्म हब
* स्वदेश दर्शन 2.0 से बुंदेलखंड की बदलेगी तस्वीर, 24.98 करोड़ की परियोजना से पर्यटन को मिलेगी नई पहचान
लखनऊ/महोबा। चंदेलकालीन विरासत और आल्हा-उदल की वीरगाथाओं से जुड़ा महोबा अब उत्तर प्रदेश के प्रमुख कल्चरल और एजुकेशनल टूरिज्म हब के रूप में उभरने जा रहा है। भारत सरकार की स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के तहत महोबा में 24.98 करोड़ रुपये की लागत से इंटीग्रेटेड टूरिज्म डेवलपमेंट प्रोजेक्ट पर तेजी से काम किया जा रहा है, जिससे बुंदेलखंड क्षेत्र की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बुंदेलखंड के ऐतिहासिक स्थलों को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में महोबा में करीब 28 लाख पर्यटक पहुंचे, जो जिले की बढ़ती लोकप्रियता का प्रमाण है। स्वदेश दर्शन 2.0 के अंतर्गत चल रही यह परियोजना पर्यटकों की सुविधाओं को और बेहतर बनाएगी।
इस परियोजना का प्रमुख आकर्षण सन इंटरप्रिटेशन सेंटर होगा, जिसे 4,210 वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है। यह केंद्र भारतीय परंपरा में सूर्य के वैज्ञानिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत करेगा। केंद्र की छत को दिन के आठ प्रहरों के प्रतीक रूप में डिज़ाइन किया गया है, जबकि परिसर में विशेष सनडायल (सूर्यघड़ी) भी स्थापित की जाएगी।
सेंटर में इंटरैक्टिव गैलरियों के माध्यम से हेलिओस से लेकर कोणार्क और मार्तंड सूर्य मंदिर तक की यात्रा को चित्रों, मूर्तियों, आर्किटेक्चरल मॉडल, 3D प्रोजेक्शन और साउंड इफेक्ट्स के जरिए जीवंत रूप में दिखाया जाएगा। साथ ही सोलर पैनल, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग और वेस्ट मैनेजमेंट जैसी सुविधाओं के माध्यम से ग्रीन और सस्टेनेबल टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाएगा।
परियोजना के अंतर्गत शिवतांडव रोड पर एक भव्य त्रिकोणीय गार्डन भी विकसित किया जा रहा है, जहां सात घोड़ों के रथ पर सवार सूर्य देव की विशाल प्रतिमा स्थापित होगी। इसके साथ ही महोबा में तीन भव्य प्रवेश द्वार बनाए जा रहे हैं, जो जिले की नई हेरिटेज पहचान बनेंगे।
अपर मुख्य सचिव पर्यटन अमृत अभिजात ने कहा कि यह परियोजना केवल पर्यटन विकास नहीं, बल्कि छात्रों और युवाओं के लिए इतिहास, विज्ञान और संस्कृति को जोड़ने वाला एक एजुकेशनल टूरिज्म मॉडल है। स्वदेश दर्शन 2.0 के माध्यम से महोबा को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में यह एक ऐतिहासिक पहल है।
2 hours and 32 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.3k