जिले में महिला संवाद कार्यक्रमों में 4 लाख से अधिक महिलाओं की भागीदारी, बच्चियों को शिक्षा के अवसर देने पर विशेष जोर दिया गया
गया जी: जिले में महिला संवाद कार्यक्रम के माध्यम से लाखों महिलाओं ने अपनी आवाज़ बुलंद की। कार्यक्रमों के दौरान, बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और बच्चियों को शिक्षा के अवसर देने पर विशेष जोर दिया गया। बाराचट्टी में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने इस विषय पर अन्य महिलाओं को प्रेरित किया और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया। इसी तरह, जिले के अन्य ग्राम संगठनों की दीदियों ने भी बाल विवाह रोकने और शिक्षा को बढ़ावा देने की बात रखी।
महिलाओं ने इन संवाद सत्रों में अपनी स्थानीय समस्याओं को उजागर किया और उन्हें संवाद एप पर दर्ज कराया। जिले के विभिन्न प्रखंडों, जैसे बाराचट्टी, बाँकेबाज़ार, गुरुआ, गुरारू, शेरघाटी, आमस, चंदौती, मानपुर और बोधगया सहित कुल 21 प्रखंडों के 54 स्थानों पर महिला संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कभी घरों तक सीमित रहने वाली महिलाएं अब सामुदायिक बैठकों में सक्रिय रूप से भाग ले रही हैं और अपने क्षेत्र के विकास में योगदान दे रही हैं। वे बाल विवाह रोकने और लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए संकल्प ले रही हैं, साथ ही अपनी आकांक्षाओं को लिखवा रही हैं।
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के लिए ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जिले के सभी पंचायतों में स्थित ग्राम संगठनों के माध्यम से महिला संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। अब तक 2200 से अधिक ग्राम संगठनों के सहयोग से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है।
इन कार्यक्रमों में 3167 ग्राम संगठनों के माध्यम से महिलाओं तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुँचाई जा रही है। ग्रामीणों में इन योजनाओं को लेकर उत्सुकता देखी गई, और महिलाओं ने सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। हजारों महिलाओं ने एप के माध्यम से अपनी आकांक्षाओं का पंजीकरण कराया।
यह संवाद दो पालियों में जीविका ग्राम संगठनों के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। महिलाओं को योजनाओं की व्यापक जानकारी देने के लिए डिजिटल स्क्रीन युक्त वाहनों के माध्यम से वीडियो फिल्मों का प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, वर्चुअल संचार उपकरण, सेल्फी पॉइंट्स और स्टैंडी का भी उपयोग किया जा रहा है। योजनाओं से संबंधित लीफलेट्स और मुख्यमंत्री संदेश वितरित किए जा रहे हैं, जिससे 31 से अधिक योजनाओं की जानकारी महिलाओं तक पहुँचाई जा सके।
यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और सामुदायिक विकास को गति देने के उद्देश्य से की जा रही है। इसके माध्यम से, महिलाएं अपनी समस्याओं के समाधान स्वयं तलाश सकेंगी और प्रशासन तक अपनी बात प्रभावी ढंग से पहुँचा सकेंगी। महिला संवाद कार्यक्रम न केवल जागरूकता फैलाने का एक सशक्त मंच है, बल्कि यह उन्हें उनके अधिकारों और उपलब्ध संसाधनों के प्रति सतर्क करने का प्रभावी प्रयास भी है। इससे वे अपने समुदाय के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने में सक्षम होंगी।
May 31 2025, 20:04