मां का स्थान ईश्वर से भी ऊपर है आशा गुप्ता
![]()
संभल। संभल में हिंदू जागृति महिला मंच के तत्वावधान में मातृ दिवस के अवसर पर बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।नगर के मोहल्ला दुर्गा कॉलोनी में प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता गुप्ता के आवास पर सर्वप्रथम भारत माता के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पण एवं दीप प्रज्वलन किया गया।
सुनीता यादव ने मां की महिमा का वर्णन करते हुए भजन प्रस्तुत किया, जिसका सभी ने सामूहिक रूप से अनुसरण किया।इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी आशा गुप्ता ने कहा कि मां का स्थान ईश्वर से भी ऊपर है। हमारी पुराणों-ग्रंथों में मां के रूप को विशेष स्थान दिया गया है। मां एक बच्चे के जीवन में मार्गदर्शक, सहेली और प्रेरणास्त्रोत की भूमिका निभाती है। इतना ही नहीं मां अपने बच्चे के लिए भोजन-पानी, नींद, आराम और खुशी तक छोड़ सकती है। चाहे हम कितने ही बड़े क्यों न हो जाए जब डर लगता है, मन उदास हो या कोई तकलीफ होती है, तो मां की गोद में ही सुकून मिलता है।
मां की ममता ऐसी होती है, जो बिना किसी अपेक्षा के सिर्फ देना जानती है। वह हर परिस्थिति में अपने बच्चों के लिए ढाल बनकर खड़ी रहती है।
प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता गुप्ता ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम अपने माता-पिता के साथ समय नहीं बिता पाते। मातृ दिवस एक ऐसा अवसर है, जब हम अपनी मां को धन्यवाद कह सकते हैं। यह दिन हमें यह याद दिलाता है कि हमारी जिंदगी में जो भी सुख-सुविधाएं हैं, उनमें मां का त्याग और परिश्रम छिपा है। मातृ दिवस केवल एक दिन मां को सम्मान देने का दिन नहीं है, बल्कि यह हमें यह सोचने पर मजबूर करता है कि हम साल के बाकी दिनों में मां के लिए क्या कर सकते हैं और कैसे इतनी व्यस्तता के बीच उनके लिए समय निकाल सकते हैं।सुमन शर्मा, निधि दीक्षित, प्रिया रस्तौगी, सुनीता यादव, पुष्टि वार्ष्णेय, वैष्णवी दिवाकर, चारु यादव, निशा शर्मा, ज्योति गुप्ता, नीरू चाहल आदि ने विचार रखे।कार्यक्रम की अध्यक्षता हिंदू जागृति महिला मंच की प्रदेश अध्यक्ष नेहा मलय ने किया और संचालन सरिता गुप्ता ने किया।
May 11 2025, 18:47