*पूरे तीन घंटे तक रणक्षेत्र बना राजधानी पटना का यह इलाका, प्रशांत किशोर और दो पूर्व आईपीएस समेत 700 अज्ञात पर एफआईआर
डेस्क : 70वीं संयुक्त परीक्षा को रद्द कराने की मांग को लेकर पिछले कई दिनों से बीपीएससी अभ्यर्थी पटना में डटे हुए हैं। पुलिस द्वारा लाठीचार्ज करने के बावजूद छात्रों का मनोबल नहीं टूटा और अभ्यर्थी लगातार अपना विरोध जता रहे हैं। बीपीएससी अभ्यर्थियों के इस आंदोलन में प्रदेश के विपक्षी दलों का पूरा समर्थन मिल रहा है। वहीं बीते रविवार को इन अभ्यर्थियों के प्रदर्शन को लेकर राजधानी पटना का जेपी गोलंबर पूरे तीन घंटे तक रणक्षेत्र बना रहा।
गांधी मैदान इलाके में बीपीएससी अभ्यर्थी 9 घंटे तक डटे रहे। दिन के करीब 11 बजे के आसपास अभ्यर्थियों का जमावड़ा गांधी मैदान में शुरू हो गया। इसके बाद रात आठ बजे तक आसपास के इलाके में गहमागहमी बनी रही। इस दौरान तीन घंटे तक जेपी गोलंबर रणक्षेत्र में तब्दील रहा।
मार्च को लेकर अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच कई बार धक्का-मुक्की हुई। कभी छात्र आग बढ़ रहे थे तो कभी पुलिस उन्हें पीछे धकेल रही थी। गांधी मैदान स्थित गांधी मूर्ति के पास 11 बजे से अभ्यर्थियों का जुटान शुरू होने लगा था। देखते-देखते यह संख्या हजारों में तब्दील हो गई। सभी पीटी को रद्द करने को लेकर नारेबाजी करते रहे। उनके हाथों में तख्तियां और पोस्टर लिए हुए थे। दोपहर 1.30 बजे प्रशांत किशोर भी वहां पहुंचे। उनके आने के बाद गांधी मैदान का दस नंबर गेट खोला गया। ताकि वहां लगे मेले में आने-जाने वाले लोगों को कोई परेशानी नहीं हो। इसके बाद छात्र संसद की शुरुआत हुई। छात्रों का कहना था कि पेपर लीक हुआ है और इसे रद्द किया जाए। इस पर प्रशांत किशोर ने कहा कि यह आंदोलन छात्रों का है और आप जो निर्णय लेंगे हम उसके साथ रहेंगे। जब छात्रों ने मार्च करने का निर्णय लिया तो प्रशांत किशोर भी उनके साथ हो गए। उन्होंने मार्च का नेतृत्व भी किया। वहीं जिला और पुलिस प्रशासन सुबह से ही चौकस रहा।
जिला प्रशासन के अधिकारी वहां किसी प्रकार का धरना-प्रदर्शन करने से छात्रों को रोकते रहे। उनका कहना था कि धरना- प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी गई है। आपलोग इस स्थान को खाली कर दें। सुबह दस बजे से ही गांधी मूर्ति के पास सदर एसडीएम, गांधी मैदान के डीएसपी, सिटी मजिस्ट्रेट सहित अन्य अधिकारी और पुलिस के अधिकारी जमे हुए थे। गांधी मैदान के बाहर भी सुरक्षाकर्मियों की तैनाती थी।
वहीं इस मामले को लेकर जिला प्रशासन के मुताबिक, गांधी मैदान में बीपीएससी अभ्यर्थियों के साथ छात्र संसद आयोजित करने के आरोप में प्रशांत किशोर, पूर्व डीजी आर के मिश्रा और पूर्व आईपीएस आनंद मिश्रा समेत 21 नामजद और 700 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।








डेस्क : बिहार के नये राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान आज सोमवार को अपराह्न तीन बजे एयर इंडिया के विमान से पटना आयेंगे। एयरपोर्ट से वह सीधे राजभवन जाएंगे। जबकि पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति के विनोद चंद्रण उन्हें दो जनवरी को शपथ दिलाएंगे। इसके लिए राजभवन में दो जनवरी को शपथ ग्रहण समारोह होगा। बता दें कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन को लेकर बिहार में भी 7 दिनों का राजकीय शोक है। जो एक जनवरी को खत्म होगा। इसको देखते हुए दो जनवरी को शपथ ग्रहण समारोह के लिए 2 जनवरी तिथि तय की गयी है। गौरतलब है कि आरिफ मोहम्मद खान अभी केरल के राज्यपाल हैं। 24 दिसंबर को केन्द्र सरकार ने उन्हें बिहार का राज्यपाल बनाने का पत्र जारी किया था। वहीं, बिहार के राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर केरल के राज्यपाल बनाये गये हैं। मिली जानकारी के अनुसार श्री आर्लेकर 31 दिसंबर को पटना से जाएंगे। वह करीब 22 महीने तक बिहार के राज्यपाल के पद पर रहे।
डेस्क : पटना में हर साल दिसंबर के आखिरी हफ्ते में घना कोहरा और पछुआ के प्रभाव से शीत दिवस की स्थिति बनने लगती थी। अबतक राज्य के छह से सात जिलों में कोल्ड वेव या कोल्ड वेव जैसे हालात बन जाते थे। लेकिन इसबार न्यूनतम और अधिकतम तापमान की स्थिति सामान्य से ऊपर बनी हुई है। इसी बीच राजधानी समेत प्रदेश के मौसम में सोमवार से बदलाव के आसार है। हालांकि, यह बदलाव दो-तीन दिन ही दिखेगा। मौसम विभाग के अनुसार पटना जिला का तापमान दो दिनों में चार डिग्री तक नीचे आ सकता है। प्रदेश के दक्षिण पश्चिमी भागों में पछुआ के प्रभाव में ठंड में तेजी से बढ़ोतरी दिखेगी। तीन चार दिनों के बाद एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन की स्थित बनने से फिर से तापमान में बढ़ोतरी आएगी। इस लिहाज से अगले एक हफ्ते तक पटना सहित राज्यभर में तापमान के उतार-चढ़ाव की स्थिति बने रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल बारिश का कोई सिस्टम नहीं है। हवा का पैटर्न अगले एक दो दिनों तक तापमान को नीचे लाएगा फिर से तापमान ऊपर चढ़ेगा। राज्य में एक हफ्ते बाद ठंड में फिर से बढ़ोतरी की स्थिति बनेगी। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार वाल्मीकि नगर, बक्सर व अगवानपुर के न्यूनतम तापमान में गिरावट आने के साथ पटना सहित शेष जिलों के न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। पटना का न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस जबकि 8.3 डिग्री सेल्सियस के साथ अगवानपुर (सहरसा) में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। पटना का अधिकतम पारा 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में आंशिक बादलों की आवाजाही बनी रही। 29.2 डिग्री सेल्सियस के साथ मधुबनी में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। रविवार को पटना सहित आसपास इलाकों में सुबह के समय हल्के कोहरे का प्रभाव रहा। दिन में धूप निकलने के कारण मौसम सामान्य बना रहा।




Dec 30 2024, 11:03
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
35.9k