*डीपीएस सोनभद्र में वन विभाग ने "एक पेड़ माँ के नाम" स्लोगन के साथ आयोजित की संगोष्ठी और वृक्षारोपण*

विकास कुमार अग्रहरी
सोनभद्र: शनिवार को दिल्ली पब्लिक स्कूल रॉबर्ट्सगंज में पर्यावरण, वन, ऊर्जा एवं जल संरक्षण हेतु जन जागरूकता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपप्रभागीय वनाधिकारी (चुर्क) विनीत कुमार सिंह और उपप्रभागीय वनाधिकारी (रामगढ़) शत्रुघ्न त्रिपाठी के द्वारा किया गया।
विनीत सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री द्वारा लॉन्च किए गए मिशन लाइफ के उद्देश्यों को पूरा करने के लिए दैनिक जीवन में पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
शत्रुघ्न त्रिपाठी ने बताया कि पर्यावरण को बचाने के लिए वैश्विक स्तर पर मुहिम चलाई जा रही है और मिशन लाइफ (LIFE FOR ENVIRONMENT) को परिभाषित करते हुए इसके महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए सात महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की।
जिला परियोजना अधिकारी महेंद्र गौतम ने मिशन लाइफ के सात बिंदुओं का विस्तारपूर्वक वर्णन किया, जिसमें ऊर्जा संरक्षण, जल संरक्षण, सिंगल यूज प्लास्टिक को ना इस्तेमाल करना, कचरे को कम करना, स्वस्थ जीवन शैली अपनाना, इलेक्ट्रॉनिक वेस्ट को कम करना और सतत खाद्य प्रणाली को अपनाना शामिल है।
डीपीएस के डायरेक्टर संतोष वर्मा ने सभी को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। इसके बाद रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर अनामिका गौतम ने "एक पेड़ माँ के नाम" स्लोगन के तहत विद्यालय परिसर में छात्रों के साथ वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर संतोष वर्मा, एसडीओ चुर्क,एसडीओ रामगढ़ और डीपीओ (नमामि गंगे) ने भी वृक्षारोपण में भाग लिया। इस कार्यक्रम में डीपीएस के सभी स्टाफ, वन विभाग सोनभद्र के अधिकारी और गंगा वालंटियर्स उपस्थित थे।

Jul 31 2024, 20:01