मुख्य विकास अधिकारी ने क्रॉप कटिंग करा कर जांची उत्पादकता
इटियाथोक,गोंडा। मुख्य विकास अधिकारी एम अरुण मोली ने मंगलवार को विकासखंड इटियाथोक के ग्राम तेलियानी कानूनगो में धान की फसल पर किए जा रहे क्रॉप कटिंग प्रयोग का निरीक्षण किया।
राजस्व विभाग ने काश्तकार बाबू व लालता प्रसाद के धान के खेत में 01डिस्मिल का प्लाट बनाकर नियमानुसार क्रॉप कटिंग का प्रयोग किया।निर्धारित आकार के प्लांट में धान की उपज 26.300 किलोग्राम का उत्पादन प्राप्त हुआ।इस दौरान सीडीओ ने भू-अभिलेखों की जांच करते हुए काश्तकारों को खेती से संबंधित नई तकनीक के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने क्रॉप कटिंग के दौरान किसानों से अपने धान की उपज को सरकारी धान क्रय केंद्र पर ही बेचने की अपील की। इसके साथ ही किसानों से पराली न जलाने की अपील करते हुए कहा,कि गौ-आश्रय स्थलों में संरक्षित निराश्रित पशुओं के लिए पराली दान करें।सीडीओ ने किसानों से कृषि एवं अन्य आवश्यक संसाधनों से संबंधित समस्याओं एवं चुनौतियां की जानकारी प्राप्त करते हुए उनके समाधान हेतु सुझाव भी दिए।मौके पर खंड विकास अधिकारी इंद्रावती वर्मा,सहायक विकास अधिकारी कृषि मजहर हुसैन,हल्का लेखपाल राम बहादुर यादव,ग्राम प्रधान मुन्ना लाल यादव,माधव आदि मौजूद रहे।
Nov 09 2023, 16:43