चुनाव का बहिष्कार नहीं करूंगा', शिकागो में बोले राहुल गांधी, चुनावी प्रक्रिया पर उठाए सवाल
#rahulgandhisaysoppositionwillnotboycotttheelection
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अमेरिका के दौरे पर हैं। अपनी अमेरिका की यात्रा के दौरान राहुल गांधी भारत की चुनावी प्रक्रिया और चुनाव आयोग पर लगातार निशाना साध रहे हैं। इस बीच राहुल गांधी ने शिकागो यूनिवर्सिटी में बड़ा बयान दिया है। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया में तमाम तरह की अनियमितताओं और नुकसान के बावजूद चुनाव का बहिष्कार नहीं करने का दावा किया। राहुल गांधी ने कहा कि, ऐसा करने से लोकतांत्रिक ढांचा पूरी तरह खत्म हो जाएगा।
![]()
क्यों चुनाव का बहिष्कार नहीं करेगा विपक्ष?
शिकागो विश्वविद्यालय के एक संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए राहुल गांधी ने एक बार फिर विदेशी धरती से भारत में चुनाव प्रक्रिया और वोट चोरी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा है कि खुद चुनाव आयोग के भीतर के वरिष्ठ अधिकारी अब दबाव से तंग आ चुके हैं और विपक्ष को अंदरूनी जानकारियां दे रहे हैं। शिकागो यूनिवर्सिटी में पॉलिटिकल साइंस के प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ बातचीत में राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि तमाम अनियमितताओं और नुकसान के बावजूद विपक्ष चुनाव का बहिष्कार नहीं करेगा, क्योंकि ऐसा करने से लोकतांत्रिक ढांचा पूरी तरह खत्म हो जाएगा।
राहुल बोले- कांग्रेस चुनावी ढांचे को खत्म नहीं करना चाहती
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक चुनावी ढांचे को खत्म नहीं करना चाहती बल्कि उसके भीतर रहकर ही मौजूदा व्यवस्था की सच्चाई सामने लाना चाहती है। राहुल ने दावा किया कि 2024 के चुनाव में फर्जी मतदाताओं के जरिए वोटिंग हुई थी। उन्होंने एक ब्राजीलियाई महिला का उदाहरण देते हुए कहा कि वह कभी भारत नहीं आई लेकिन एक राज्य के चुनाव में उसके नाम पर 23 बार वोट डाले गए।
2014 के लोकसभा चुनाव से ही गड़बड़ी के संदेह
राहुल गांधी ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस को 2014 के लोकसभा चुनाव के समय से ही संदेह था। उन्होंने दावा किया कि उस चुनाव में कुछ सीटों पर जीत-हार का अंतर राजनीतिक रूप से समझ से परे था। उन्होंने कहा कि कथित अनियमितताओं के सबूत मिलने के बाद उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के सामने भी यह मुद्दा रखा था। हालांकि, नेताओं ने उन्हें सार्वजनिक रूप से ऐसे आरोप लगाने से बचने की सलाह दी थी। राहुल के मुताबिक, उनके लिए भारतीय लोकतंत्र बेहद महत्वपूर्ण है और बिना पुख्ता सबूत के इस तरह की बात कहना आसान नहीं था।
चुनावी ढांचे को तोड़ने वाला कदम नहीं उठाएंगे-राहुल
कांग्रेस सांसद ने आगे बताया कि कांग्रेस और विपक्ष चुनावों का बहिष्कार क्यों नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर विपक्षी दल अपने कार्यकर्ताओं से कह दें कि वे चुनाव नहीं लड़ेंगे तो लोकतंत्र उसी पल खत्म हो जाएगा। इससे देश के लोगों के मन में पूरी चुनावी प्रक्रिया को लेकर अवैध होने का संदेश जाएगा। राहुल ने कहा कि विपक्ष ऐसा नहीं चाहता। उनकी रणनीति व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों को सामने लाने और जनता को इसकी जानकारी देने की है। उन्होंने माना कि इस लड़ाई के कारण कांग्रेस और पूरे विपक्ष को काफी तकलीफ उठानी पड़ रही है। इसके बावजूद वे चुनावी ढांचे को तोड़ने वाला कदम नहीं उठाएंगे।






2 hours and 15 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1.1k