मऊ: कोतवाली के मालखाने से 25 लाख की शराब नष्ट, 3540 लीटर अंग्रेजी और देसी शराब का कराया गया निस्तारण
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। स्थानीय कोतवाली परिसर स्थित मालखाने में लंबे समय से रखी करीब 25 लाख रुपये मूल्य की 3540 लीटर अंग्रेजी और देसी शराब को बृहस्पतिवार को नियमानुसार नष्ट कराया गया। यह कार्रवाई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुई।

शराब नष्ट कराने के दौरान उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री, क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह, तहसीलदार सुधांशु शेखर और कोतवाली प्रभारी केके वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

जानकारी के अनुसार, विभिन्न आपराधिक मामलों में पुलिस द्वारा बरामद की गई अंग्रेजी और देसी शराब को जब्त कर कोतवाली के मालखाने में सुरक्षित रखा गया था। लंबे समय से जमा शराब की मात्रा अधिक होने के चलते उसके निस्तारण की प्रक्रिया शुरू की गई।

सक्षम अधिकारियों के निर्देश पर संबंधित अभिलेखों और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद अधिकारियों की निगरानी में करीब 3540 लीटर शराब नष्ट कराई गई।

इस कार्रवाई से मालखाने में लंबे समय से रखी जब्त शराब का नियमानुसार निस्तारण हो गया और काफी जगह भी खाली हुई।
मऊ: प्लास्टिक कबाड़ के गोदाम में भीषण आग, ई-रिक्शा और मैजिक समेत 15 लाख का सामान जलकर राख
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जमीन बरामदपुर में बुधवार की देर रात प्लास्टिक कबाड़ के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात करीब दो बजे एक अहाते में स्थित प्लास्टिक कबाड़ के गोदाम में अज्ञात कारणों से आग लग गई।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखा सामान जलने लगा। आग की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने फायर सर्विस को जानकारी दी।

मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक गोदाम में रखा ई-रिक्शा, मैजिक वाहन और बड़ी मात्रा में प्लास्टिक का कबाड़ जलकर राख हो चुका था।

पीड़ित अभय जायसवाल पुत्र लवकुश जायसवाल के मुताबिक, इस अग्निकांड में करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।

इस घटना से पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है।
मऊ: पल्स पोलियो अभियान और स्व-जनगणना की तैयारियों की समीक्षा, एसडीएम ने अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। आगामी पल्स पोलियो अभियान एवं स्व-जनगणना (Self Enumeration) कार्यक्रम की प्रगति को लेकर बृहस्पतिवार को उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री की अध्यक्षता में तहसील स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में दोनों महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक सर्वेश कुमार सिंह ने पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों, बूथ कवरेज, माइक्रोप्लान और घर-घर भ्रमण सहित अभियान के सफल संचालन की विस्तृत जानकारी दी।

अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि 22 नवंबर 2026 को पल्स पोलियो बूथ के रूप में चिह्नित सभी विद्यालय खुले रहेंगे, जिससे बूथ दिवस का संचालन सुचारु रूप से हो सके।

वहीं, जिन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ड्यूटी बीएलओ कार्य और पल्स पोलियो अभियान दोनों में लगी है, उनके स्थान पर संबंधित सीडीपीओ द्वारा आंगनबाड़ी सहायिका अथवा अन्य कार्यकर्ता की ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि पोलियो बूथ पर कर्मचारियों की उपलब्धता बनी रहे।

इसके साथ ही एसडीएम अर्चना अग्निहोत्री और तहसीलदार सुधांशु शेखर ने स्व-जनगणना कार्यक्रम की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि स्व-जनगणना की प्रगति का प्रतिदिन फॉलोअप किया जाए।

प्रत्येक दिन कितने परिवारों ने स्व-जनगणना पूरी की है, इसकी जानकारी लेकर शाम को प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा सुनिश्चित की जाए।
एसडीएम ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर दोनों कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए।

बैठक में डॉ. फैयाज अहमद, अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद गोहना, डॉ. अशोक चौहान, अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानीपुर, प्रवीण यादव (एआरओ), रंजू मौर्य, पोलियो सुपरवाइजर, सीडीपीओ रानीपुर एवं सीडीपीओ मुहम्मदाबाद गोहना सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

संकल्प: पोलियो मुक्त भारत, हर बच्चे को पोलियो की दो बूंद।
फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम का शुभारंभ पालिका परिषद अध्यक्ष हाजी जावेद अहमद एवं अधीक्षक डॉक्टर अरविंद वाजपेई ने स्वयं दवा खाकर किया

कमलेश मेहरोत्रा लहरपुर (सीतापुर) । स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बृहस्पतिवार को फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम का शुभारंभ पालिका परिषद अध्यक्ष हाजी जावेद अहमद एवं अधीक्षक डॉक्टर अरविंद वाजपेई ने स्वयं दवा खाकर किया। इस मौके पर बी.सी पीएम मनोज वर्मा व स्वास्थ्य कर्मियों ने  भी फाइलेरिया की दवा का सेवन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक डॉक्टर अरविंद वाजपेई ने फाइलेरिया रोग को लेकर लोगों को जागरुक करते हुए बताया कि, बृहस्पतिवार से आगामी 7 दिसंबर तक फाइलेरिया उन्मूलन अभियान का संचालन किया जा रहा है जिसमें 0 से 2 वर्ष उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं व गंभीर बीमारी से ग्रसित रोगियों को छोड़कर अन्य सभी को स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर फाइलेरिया की दवा का सेवन करायेंगे। इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष हाजी जावेद अहमद ने लोगों से अपील की कि फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा दी जाने वाली दवा का सेवन अवश्य करें। उन्होंने बताया कि फाइलेरिया एक गंभीर बीमारी है, जिससे बचाव के लिए समय-समय पर दी जाने वाली दवा का सेवन करना बेहद जरूरी है।कार्यक्रम में डब्ल्यूएचओ के अंबुज सिंह एवं पीसीआई के एसएमसी सुमित कुमार शुक्ला ने भी  फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के उद्देश्यों, दवा सेवन के महत्व तथा जनसमुदाय को जागरूक करने के संबंध में जानकारी दी।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे और सभी ने मिलकर क्षेत्र को फाइलेरिया मुक्त बनाने तथा अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।इस मौके पर अधीक्षक डॉक्टर अरविंद वाजपेई ने बताया कि नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में फाइलेरिया अभियान को सफल बनाने के लिए 225 टीमें कार्य कर रही है व अभियान को सफल बनाने के लिए 40 पर्यवेक्षकों की भी नियुक्त की गई है और मेरे द्वारा स्वयं भी निरीक्षण कर अभियान की निगरानी की जा रही है।
कांग्रेसियों ने संकल्प दिवस के रूप में मनाई इंदिरा गांधी की जयंती
जौनपुर। भारत की पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमला प्रसाद तिवारी की अध्यक्षता में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संकल्प दिवस के रूप में मनाते हुए स्थानीय चौक पर स्थापित श्रीमती इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान कांग्रेस पार्टी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रामचन्द्र मिश्र ने कहा कि इंदिरा गांधी शक्तिशाली नेता थी उनके कार्यकाल में भारत विश्व के शक्तिशाली देशों में गिना जाता था, वे एकमात्र जनता की विश्वसनीय नेता थी।कांग्रेस पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी राकेश मिश्रा ने कहा कि श्रीमती इंदिरा गांधी जी अदम्य साहस और शौर्य की प्रतीक थी, पाकिस्तान के दो टुकड़े कर बंग्लादेश का निर्माण करके इंदिरा गांधी जी ने पूरे विश्व को चौंका दिया था। कांग्रेस नेता राकेश मिश्रा ने आगे कहा कि देश के विकास में श्रीमती इंदिरा गांधी जी का बीस सूत्रीय कार्यक्रम, बैंकों का राष्ट्रीय करण ने भारत को बुलंदियों पर पहुंचाया। इस मौके पर ब्लाक कांग्रेस कमेटी बदलापुर के अध्यक्ष महात्मा प्रसाद शुक्ला, दूधनाथ तिवारी, बाबूराम यादव, अमन शुक्ला, सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
ग्राम अक्सीबड़हरा में भीषण सड़क हादसा, पांच युवकों की दर्दनाक मौत, दो गंभीर रूप से घायल
उतरौला, बलरामपुर।उतरौला-बलरामपुर मार्ग पर ग्राम अक्सीबड़हरा के पास दो मोटरसाइकिलों के आमने-सामने टक्कर में भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सरकारी अस्पताल) उतरौला पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने उपचार के दौरान पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो लोगों की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
हादसे में मृतकों के नाम इस प्रकार हैं—
मोहम्मद फारूक पुत्र हैदर अली, उम्र 17 वर्ष, निवासी गौरिहवन डीह, उतरौला।
सलीम पुत्र मोहम्मद रईस, उम्र 17 वर्ष निवासी गौरिहवन डीह, उतरौला।
गुफरान पुत्र नूर मोहम्मद, उम्र 18 वर्ष, निवासी बरदही बाजार, उतरौला।
तौफीक पुत्र मोइनुद्दीन, उम्र 19 वर्ष, निवासी चपरतलवा, सादुल्लानगर।
फजल मोहम्मद पुत्र नजर मोहम्मद, उम्र 23 वर्ष, निवासी चंददापुर चिताही।
गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों के नाम—
नाहिद रजा, उम्र 18 वर्ष, निवासी बड़हरा कोट।
मुजम्मिल पुत्र सिकंदर अली, उम्र 22 वर्ष, निवासी बड़हरा कोट।
इस दर्दनाक हादसे की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही हादसे में पांच लोगों की मौत से इलाके में मातम पसरा हुआ है।
फिलहाल हादसे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि तथा दुर्घटना से जुड़ी अन्य जानकारी की प्रतीक्षा है।
बिजली विभाग की रात में छापेमारी के विरोध में भाकियू का धरना-प्रदर्शन
**घर में घुसकर वीडियो बनाने पर भड़के किसान, बोले- निजता का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं होगा; कार्रवाई नहीं हुई तो करेंगे अनिश्चितकालीन आंदोलन**

**बहसूमा, मेरठ।** कस्बे में बिजली विभाग की टीम द्वारा रात के अंधेरे में आम लोगों और किसानों के घरों में घुसकर छापेमारी करने तथा वीडियो बनाने के विरोध में गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग उठाई गई।

धरने का नेतृत्व जिलाध्यक्ष कालू प्रधान और तहसील अध्यक्ष नीरज राठी ने किया। इस दौरान यूनियन के पदाधिकारियों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर कड़ा रोष जताते हुए कहा कि रात के समय बिना पूर्व सूचना और महिला पुलिस बल के ग्रामीणों तथा कस्बेवासियों के घरों में घुसना और उनकी वीडियो बनाना निजता के अधिकार का उल्लंघन है। इस तरह की कार्रवाई से आम लोगों, विशेषकर महिलाओं में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा हो रहा है।

किसान नेताओं ने मांग की कि रात के अंधेरे में घरों में घुसकर की जाने वाली छापेमारी पर तत्काल रोक लगाई जाए। बिना अनुमति महिलाओं और आम नागरिकों की वीडियो बनाने वाले संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही चेकिंग के नाम पर किसानों और गरीब उपभोक्ताओं का मानसिक एवं आर्थिक उत्पीड़न बंद किया जाए।

यूनियन पदाधिकारियों ने प्रशासन और बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति हुई और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन बड़ा आंदोलन करने के साथ अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेगा। इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

इस मौके पर सुरेंद्र चौहान, पवन कौल, विनोद प्रधान, शहनाज, अरुण, राजू राठी, कालू राठी, शुभम, संदीप नागर, लोकेश, कामेंद्र, अनुप, अंजुल, हिमांशु, इकपाल और बबली कौल सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
कठिन परिस्थितियों का सामना करने के लिए तैयार रहें विद्यार्थी : डॉ रमाकांत क्षितिज

सुल्तानपुर। शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं होती, बल्कि जीवन को समझने, स्वयं को पहचानने और चुनौतियों से लड़ने की क्षमता विकसित करना भी इसका महत्वपूर्ण उद्देश्य है। इसी सोच को साकार करते हुए हनुमत इंटर कॉलेज सुल्तानपुर में विद्यार्थियों के मानसिक, शैक्षिक एवं आध्यात्मिक विकास के लिए प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुंबई से आए प्रख्यात दार्शनिक चिंतक, प्रेरक वक्ता एवं लेखक डॉ. रमाकांत तिवारी ‘क्षितिज’ ने छात्र-छात्राओं को जीवन में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और एकाग्रता का महत्व समझाया।कार्यक्रम में डॉ. क्षितिज ने विद्यार्थियों को किशोरावस्था में आने वाले मानसिक, भावनात्मक और शैक्षिक उतार-चढ़ाव के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि जीवन में आने वाली समस्याएं असफलता का संकेत नहीं, बल्कि स्वयं को बेहतर बनाने का अवसर होती हैं। मन को मजबूत बनाकर और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाकर कठिन परिस्थितियों का भी सामना किया जा सकता है। उन्होंने सात चक्रों की साधना, योग और ध्यान की विभिन्न विधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वयं से जुड़ने का संदेश दिया। उनके मार्गदर्शन में संगीत और ध्यान का अनूठा समन्वय देखने को मिला। संगीत की मधुर धुनों के बीच विद्यार्थियों को मानसिक शांति, आत्मचिंतन और आध्यात्मिक अनुभूति कराने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर जीवन की वास्तविक चुनौतियों के लिए भी तैयार करना रहा।
प्रधानाचार्य धर्मेन्द्र कुमार उपाध्याय ने डॉ. रमाकांत क्षितिज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले विद्यालय के शिक्षकों, सहयोगियों एवं छात्र-छात्राओं की सराहना की। गौरतलब है कि मुंबई में निवास करने वाले डॉ. रमाकांत तिवारी ‘क्षितिज’ जब भी अमेठी आते हैं, बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों के बीच सांस्कृतिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से समाज को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास करते हैं। शिक्षा, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना से जुड़े उनके आयोजन क्षेत्र में विशेष चर्चा का विषय बनते हैं। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष नंदकुमार सिंह, प्रबंधक सुरेन्द्र सिंह, प्रधानाचार्य धर्मेन्द्र कुमार उपाध्याय, सुरेश सिंह, जितेन्द्र सिंह, कैलाशनाथ सिंह, कमलाकर तिवारी, हरिश्चंद्र सिंह, पीयूष राय तथा पत्रकार शशिकांत तिवारी, श्रीकांत तिवारी, यश तिवारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
यूपी में प्रधानों का कार्यकाल छह महीने बढ़ा, योगी कैबिनेट ने 30 प्रस्तावों पर लगाई मुहर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच योगी सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए ग्राम प्रधानों और पंचायतों में प्रशासक के रूप में कार्यरत प्रतिनिधियों का कार्यकाल छह महीने और बढ़ाने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में बुधवार को मुख्यमंत्री आवास पर हुई कैबिनेट बैठक में उत्तर प्रदेश पंचायत राज (संशोधन) अध्यादेश-2026 को मंजूरी दे दी गई। इसके साथ ही पंचायत चुनाव फिलहाल आगे बढ़ गए हैं। 

सरकार ने यह फैसला समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट लंबित होने के मद्देनजर लिया है। आयोग की रिपोर्ट आने तक या अगले छह महीने तक, जो भी पहले हो, मौजूदा व्यवस्था जारी रहेगी। संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कैबिनेट बैठक के बाद बताया कि बैठक में कुल 31 प्रस्ताव पेश किए गए थे, जिनमें से 30 को मंजूरी मिली है, जबकि एक प्रस्ताव को ड्रॉप कर दिया गया। बैठक में पंचायत चुनाव के अलावा पर्यटन, जैव ऊर्जा, महिला सुरक्षा, सहकारिता, नागरिक उड्डयन, शिक्षा, खेल और औद्योगिक विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

सुरेश खन्ना ने बताया कि उत्तर प्रदेश पंचायत राज अधिनियम-1947 की धारा 12 (3क) में संशोधन के लिए अध्यादेश लाया गया है। मौजूदा व्यवस्था के तहत ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद उन्हें अधिकतम छह महीने के लिए प्रशासक नियुक्त किया गया था। यह अवधि 26 नवंबर को पूरी हो रही है। वहीं, उत्तर प्रदेश समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। ऐसे में पिछड़ेपन की मौजूदा स्थिति का आकलन और रिपोर्ट मिलने के बाद ही पंचायत चुनाव कराए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकेगी। इसी को देखते हुए सरकार ने अध्यादेश के जरिए प्रशासकों का कार्यकाल छह महीने और बढ़ाने का फैसला किया है।

कैबिनेट ने आईआईटी कानपुर के नोएडा परिसर में डीप हब के निर्माण के लिए 281.03 करोड़ रुपए खर्च करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इस परियोजना के लिए चालू वित्त वर्ष में 100 करोड़ रुपए का बजट उपलब्ध कराया जाएगा। परियोजना का निर्माण 24 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस पर होने वाले खर्च में केंद्र सरकार की कोई हिस्सेदारी नहीं होगी। सरकार का मानना है कि इस परियोजना से प्रदेश में नवाचार, स्टार्टअप और नए रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।

नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने बताया कि प्रदेश की जैव ऊर्जा नीति-2022 में संशोधन को मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा कि बायोगैस उत्पादन में उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है। प्रदेश में वर्तमान में कंप्रेस्ड बायोगैस के 42 प्लांट संचालित हैं, जिनसे प्रतिदिन करीब 350 टन उत्पादन हो रहा है। यह देश के कुल उत्पादन का लगभग पांचवां हिस्सा है।

उन्होंने बताया कि पहले नीति में प्रत्येक तहसील में एक बायोगैस प्लांट लगाने का प्रावधान था, लेकिन कुछ तहसीलों में छोटे प्लांट स्थापित होने के कारण अतिरिक्त प्लांट लगाने में दिक्कत आ रही थी। अब प्लांट की संख्या के बजाय उनकी उत्पादन क्षमता को आधार बनाया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक जिले की संभावित उत्पादन क्षमता का आकलन किया गया है। प्रदेश में बायोगैस की संभावित उत्पादन क्षमता 2,250 टन प्रतिदिन और बायोकोल की क्षमता 8,000 टन प्रतिदिन आंकी गई है। नए संशोधनों से जिलों की क्षमता के अनुसार प्लांट स्थापित करने का रास्ता साफ होगा।

कैबिनेट ने उत्तर प्रदेश पर्यटन नीति-2022 में संशोधन के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। सुरेश खन्ना ने बताया कि संशोधनों का उद्देश्य प्रदेश में पर्यटन निवेश बढ़ाने के साथ रोजगार और आय के नए अवसर पैदा करना है। नई व्यवस्था में ग्रामीण और शहरी होम स्टे, ब्रेड एंड ब्रेकफास्ट, फार्म स्टे, रूरल होम स्टे और वन डिस्ट्रिक्ट वन ओडीओसी जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे पर्यटन उद्योग को और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी। महिला सशक्तिकरण की दिशा में कैबिनेट ने रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष नियमावली-2026 को मंजूरी दी है। इसके तहत गंभीर अपराधों की पीड़ित महिलाओं को तत्काल सामाजिक, आर्थिक और कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

नई नियमावली में सामूहिक दुष्कर्म, दुष्कर्म, गर्भपात, प्रजनन क्षमता की हानि, तेजाब हमला और नाबालिग से दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों को शामिल किया गया है। इन मामलों में पीड़ितों को अपराध की प्रकृति के अनुसार एक लाख से 15 लाख रुपये तक की सहायता राशि देने का प्रावधान किया गया है। कैबिनेट ने लखनऊ के रहमानखेड़ा में राज्य सहकारी महाविद्यालय की स्थापना के लिए 4.51 हेक्टेयर भूमि सहकारिता विभाग को आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। यहां सहकारिता क्षेत्र में शोध, अनुसंधान और प्रशिक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा। संस्थान में आधुनिक पाठ्यक्रमों के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़े पाठ्यक्रम भी संचालित होंगे। परिसर में छात्र और छात्राओं के लिए अलग-अलग छात्रावास तथा एक हजार लोगों की क्षमता वाला बहुउद्देशीय सभागार भी बनाया जाएगा।

कैबिनेट ने क्षेत्रीय संपर्क योजना (रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम) के तहत केंद्र सरकार के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इसके तहत हवाई अड्डों पर सुविधाओं के विकास और विस्तार के लिए केंद्र सरकार 80 प्रतिशत तथा राज्य सरकार 20 प्रतिशत धनराशि वहन करेगी। कैबिनेट ने आगरा की बाह विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत उगनपुरा में स्टेडियम निर्माण के लिए युवा कल्याण विभाग के नाम दर्ज 2.476 हेक्टेयर भूमि खेल विभाग को निशुल्क हस्तांतरित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इससे क्षेत्र के उभरते खिलाड़ियों को खेल सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके अलावा वक्फ संपत्तियों से अवैध कब्जे हटाने और उनके बेहतर प्रबंधन के लिए उत्तर प्रदेश एकीकृत वक्फ प्रबंधन एवं दक्षता और विकास नियमावली को भी मंजूरी दी गई है।

कैबिनेट ने 102 नेशनल एंबुलेंस सर्विस और 108 इमरजेंसी मेडिकल ट्रांसपोर्ट सेवा के तीसरे चरण के संचालन के लिए ऑपरेटर चयन संबंधी प्रस्ताव को भी हरी झंडी दी। बैठक में आईटी, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास, वित्त, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति, श्रम, रेशम विकास, भूतत्व एवं खनिकर्म, सहकारिता, स्टांप, ऊर्जा, महिला कल्याण और नागरिक उड्डयन विभागों से जुड़े प्रस्तावों पर भी मुहर लगाई गई।
विद्यार्थियों में आत्मविश्वास भरती है अभिनय कला - प्रशांत*
*18, 19 और 20 दिसंबर को आयोजित होगा तीन दिवसीय सुलतानपुर महोत्सव*

सुलतानपुर। अभिनय कला विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ उनमें आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित करती है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ नाट्यकला के विभिन्न आयामों से भी जुड़ना चाहिए। यह बातें प्रख्यात नाट्यकर्मी प्रशांत ने कहीं। वह राणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सुलतानपुर के बी एड विभाग द्वारा आयोजित संगोष्ठी को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित कर रहे थे।संगोष्ठी की विशिष्ट वक्ता जबलपुर की कवयित्री आकांक्षा सिंह ने बताया कि सुलतानपुर में पहली बार सुलतानपुर महोत्सव के आयोजन की योजना बनाई गई है। तीन दिवसीय यह महोत्सव 18, 19 एवं 20 दिसंबर को क्षत्रिय सभागार परिसर में आयोजित होगा। महोत्सव में सुलतानपुर के विद्यार्थियों द्वारा नाटक का मंचन किया जाएगा। नाट्यकला में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को प्रख्यात नाट्यकर्मी प्रशांत द्वारा निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. इंद्रमणि कुमार ने भारतीय रंगमंच की शुरुआत एवं विकास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी में आधुनिक और रोचक नाटकों की शुरुआत का श्रेय भारतेंदु हरिश्चंद्र को जाता है।कार्यक्रम का संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर ज्ञानेंद्र विक्रम सिंह रवि ने किया तथा आभार ज्ञापन डॉ. सीमा सिंह ने व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. संतोष अंश, सुनील सिंह सहित बी एड संकाय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।