चुनाव का बहिष्कार नहीं करूंगा', शिकागो में बोले राहुल गांधी, चुनावी प्रक्रिया पर उठाए सवाल

#rahulgandhisaysoppositionwillnotboycotttheelection

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अमेरिका के दौरे पर हैं। अपनी अमेरिका की यात्रा के दौरान राहुल गांधी भारत की चुनावी प्रक्रिया और चुनाव आयोग पर लगातार निशाना साध रहे हैं। इस बीच राहुल गांधी ने शिकागो यूनिवर्सिटी में बड़ा बयान दिया है। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया में तमाम तरह की अनियमितताओं और नुकसान के बावजूद चुनाव का बहिष्कार नहीं करने का दावा किया। राहुल गांधी ने कहा कि, ऐसा करने से लोकतांत्रिक ढांचा पूरी तरह खत्म हो जाएगा।

क्यों चुनाव का बहिष्कार नहीं करेगा विपक्ष?

शिकागो विश्वविद्यालय के एक संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए राहुल गांधी ने एक बार फिर विदेशी धरती से भारत में चुनाव प्रक्रिया और वोट चोरी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा है कि खुद चुनाव आयोग के भीतर के वरिष्ठ अधिकारी अब दबाव से तंग आ चुके हैं और विपक्ष को अंदरूनी जानकारियां दे रहे हैं। शिकागो यूनिवर्सिटी में पॉलिटिकल साइंस के प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ बातचीत में राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि तमाम अनियमितताओं और नुकसान के बावजूद विपक्ष चुनाव का बहिष्कार नहीं करेगा, क्योंकि ऐसा करने से लोकतांत्रिक ढांचा पूरी तरह खत्म हो जाएगा।

राहुल बोले- कांग्रेस चुनावी ढांचे को खत्म नहीं करना चाहती

राहुल गांधी ने यह भी कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक चुनावी ढांचे को खत्म नहीं करना चाहती बल्कि उसके भीतर रहकर ही मौजूदा व्यवस्था की सच्चाई सामने लाना चाहती है। राहुल ने दावा किया कि 2024 के चुनाव में फर्जी मतदाताओं के जरिए वोटिंग हुई थी। उन्होंने एक ब्राजीलियाई महिला का उदाहरण देते हुए कहा कि वह कभी भारत नहीं आई लेकिन एक राज्य के चुनाव में उसके नाम पर 23 बार वोट डाले गए।

2014 के लोकसभा चुनाव से ही गड़बड़ी के संदेह

राहुल गांधी ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस को 2014 के लोकसभा चुनाव के समय से ही संदेह था। उन्होंने दावा किया कि उस चुनाव में कुछ सीटों पर जीत-हार का अंतर राजनीतिक रूप से समझ से परे था। उन्होंने कहा कि कथित अनियमितताओं के सबूत मिलने के बाद उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के सामने भी यह मुद्दा रखा था। हालांकि, नेताओं ने उन्हें सार्वजनिक रूप से ऐसे आरोप लगाने से बचने की सलाह दी थी। राहुल के मुताबिक, उनके लिए भारतीय लोकतंत्र बेहद महत्वपूर्ण है और बिना पुख्ता सबूत के इस तरह की बात कहना आसान नहीं था।

चुनावी ढांचे को तोड़ने वाला कदम नहीं उठाएंगे-राहुल

कांग्रेस सांसद ने आगे बताया कि कांग्रेस और विपक्ष चुनावों का बहिष्कार क्यों नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर विपक्षी दल अपने कार्यकर्ताओं से कह दें कि वे चुनाव नहीं लड़ेंगे तो लोकतंत्र उसी पल खत्म हो जाएगा। इससे देश के लोगों के मन में पूरी चुनावी प्रक्रिया को लेकर अवैध होने का संदेश जाएगा। राहुल ने कहा कि विपक्ष ऐसा नहीं चाहता। उनकी रणनीति व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों को सामने लाने और जनता को इसकी जानकारी देने की है। उन्होंने माना कि इस लड़ाई के कारण कांग्रेस और पूरे विपक्ष को काफी तकलीफ उठानी पड़ रही है। इसके बावजूद वे चुनावी ढांचे को तोड़ने वाला कदम नहीं उठाएंगे।

तूफान अकवान के आंध्र-ओडिशा के तट से टकराने की आशंका, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 2 लाख लोग होंगे शिफ्ट

#cycloneakvanodisharedalert100kmphwind2lakhevacuation

बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात अकवान 12 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि तूफान शुक्रवार यानी 20 नवंबर को उत्तर आंध्र प्रदेश, यानम और दक्षिण ओडिशा के तटों के आसपास गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में पहुंचेगा।

नरसापुर और पुरी के बीच लैंडफॉल की आशंका

चक्रवात अकवान उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके 20 नवंबर को दोपहर तक नरसापुर और पुरी के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिण ओडिशा के तटों से टकराने की आशंका है। इस दौरान तूफान के गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में पहुंचने का अनुमान है। इसकी अधिकतम निरंतर हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है जबकि झोंकों की रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

देशभर के 14 राज्यों में बारिश का अलर्ट

आईएमडी के मुताबिक तूफान अकवान नरसापुर से 440 किमी, कलिंगपट्टनम से 440 किमी, चेन्नई से 580 किमी, गोपालपुर से 530 किमी और पुरी से 590 किमी दूर है। इसके कल दोपहर तक नरसापुर और पुरी के बीच, गोपालपुर के पास तट को पार करने की संभावना है। उत्तरी आंध्र प्रदेश के जिलों में आज और कल मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। वहीं, अगले दो से तीन दिनों के दौरान गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की आशंका जताई है। इन इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अगले दो दिनों तक गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। दूसरी ओर दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में रविवार तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

ओडिशा में 50,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया

आंध्र प्रदेश के नरसपुर और ओडिशा के पुरी के बीच भीषण चक्रवाती तूफान 'अकवान' के टकराने की संभावना को देखते हुए, अब तक लगभग 50,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। बुधवार को राज्य सरकार की तैयारियों को लेकर आयोजित एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि सबसे अधिक लोगों को गंजाम जिले से निकाला जा रहा है और यह प्रक्रिया अभी जारी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि गंजाम, गजपति, कंधमाल, रायगडा, कोरापुट और मलकानगिरी जिलों के कई गांवों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है। सीएम ने बताया कि राज्य सरकार ने 3,000 चक्रवात आश्रय स्थल (साइक्लोन शेल्टर) बनाए हैं, जिनमें से 448 पहले से ही काम कर रहे हैं। ओडिशा सरकार ने राहत और बचाव कार्यों के लिए 15 जिलों को 20 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।

चक्रवात अकवान के चलते तीन ट्रेनें रीशेड्यूल

चक्रवात अकवान के मद्देनजर रेलवे ने गुरुवार 19 नवंबर को चलने वाली तीन ट्रेनों के समय में बदलाव किया है। चार्लापल्ली-शालीमार ईस्ट कोस्ट एक्सप्रेस (18046) अब सुबह 8:40 बजे की जगह दोपहर 3:40 बजे रवाना होगी। वहीं सिकंदराबाद-हावड़ा फलकनुमा एक्सप्रेस (12704) शाम 3:55 बजे के बजाय 5:55 बजे चलेगी। इसके अलावा SMVT बेंगलुरु-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस (15227) को रात 12:30 बजे की जगह सुबह 8:30 बजे रवाना किया जाएगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि सफर शुरू करने से पहले ट्रेन का संशोधित समय जरूर जांच लें।

गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलेगा 'अकवान', आंध्र प्रदेश और ओडिशा तटों पर अलर्ट, 3 दिनों तक रहेगा असर

#cycloneakvanlikelytointensifyintoaseverestormbywednesday

चक्रवाती तूफान अर्नब, मुरासू के कहर के बाद नई मौसमी आफत की आमद है। एक महीन में दो तूफानों के बाद अब तीसरा चक्रवाती तूफान अकवान आ रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने इस तूफान के 'गंभीर चक्रवाती तूफान' में बदलने की संभावना है।चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ अब दक्षिण भारत के कई राज्यों के लिए खतरा बनता जा रहा है। 'अकवान' के विकराल रूप के मद्देनजर आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिण ओडिशा तटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

145 किलोमीटर की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि बुधवार को पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर इसके 'गंभीर चक्रवाती तूफान' में तब्दील होने की प्रबल संभावना है। आंध्र प्रदेश के तट पर इसके बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में टकराने की आशंका है, जहां 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और मूसलाधार बारिश तबाही मचा सकती है।

धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ रहा

बुधवार रात 2.30 बजे जारी बुलेटिन के अनुसार, दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवाती तूफान 'अकवान' पिछले 6 घंटों के दौरान 3 किमी प्रति घंटे की गति से धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ा है। मंगलवार रात 11.30 बजे यह उसी क्षेत्र में 12.5° उत्तरी अक्षांश और 85.6° पूर्वी देशांतर के पास स्थित था। यह चेन्नई (तमिलनाडु) से लगभग 590 किमी पूर्व, त्रिंकोमाली (श्रीलंका) से 640 किमी उत्तर-पूर्व, मछलीपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से 630 किमी दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) से 630 किमी दक्षिण व दक्षिण-पूर्व और गोपालपुर (ओडिशा) से 760 किमी दक्षिण में था।

20 नवंबर तक नेल्लोर तट से टकराने की आशंका

एपीएसडीएमए के प्रबंध निदेशक और रियल-टाइम गवर्नेंस सोसायटी (आरटीजीएस) के सीईओ प्रखर जैन ने बताया कि चक्रवात के उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते रहने और 19 नवंबर शाम तक एक बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने का अनुमान है। तट से टकराते समय 120–130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है, जो अधिकतम 145 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।

कब तक होगी भारी बारिश?

इस चक्रवात के असर से 19 और 20 नवंबर को कुछ तटीय जिलों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है, जबकि कई अन्य इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है। तमिलनाडु, तेलंगाना, पुडुचेरी और दक्षिण भारत के अन्य राज्यों में भी अकवान का असर दिखने लगा है। तूफान के खतरे को देखते हुए आंध्र प्रदेश में NDRF और SDRF की टीमें तैनात कर दी गई हैं, जबकि ओडिशा में 2 लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी है।

मुठभेड़ में मारा गया लश्कर कमांडर लतीफ भट, सुरक्षाबलों ने कुलगाम हमले के आरोपी को किया ढेर

#jammukashmirmajoroperationagainstlateefbhatinkulgam

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर कमांडर लतीफ भट को मार गिराया है। ये मुठभेड़ कुलगाम जिले के जंगलपोरा में हुई। लतीफ भट का मारा जाना लश्कर-ए-तैयबा के लिए एक बड़ा झटका साबित हुआ है, क्योंकि वह कश्मीर घाटी का आखिरी सक्रिय टॉप कमांडर था।

लतीफ भट ने सरेंडर करने से किया इनकार

सूत्रों के अनुसार, सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी लतीफ भट को सरेंडर करने का मौका दिया, लेकिन उसने हथियार डालने से इनकार कर दिया। बुधवार सुबह सुरक्षा बलों ने आतंकी लतीफ भट को वीडियो कॉल भी किया था, अफसरों ने आतंकी लतीफ से सरेंडर करने के लिए कहा था।सामने आए वीडियो में एक अधिकारी को भट से यह कहते हुए सुना गया, "हम तुम्हारे साथ हैं।" हालांकि, उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया और कहा, "मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है। मैं बहुत खुश हूं।" इसके बाद सुरक्षाबल और आतंकी के बीच एनकाउंटर शुरू हो गया। कुलगाम जिले में सुबह-सुबह हुई इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने आतंकी लतीफ भट मारा गिराया।

घाटी में कई हमलों में था शामिल

लतीफ भट कुलगाम हमले का मुख्य साजिशकर्ता था। हाल ही में कुलगाम में सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले का मास्टरमाइंड लतीफ भट ही था। कुलगाम में सीआरपीएफ की टीम पर हमला हुआ था। इस हमले में 3 जवान घायल हुए थे। सुरक्षा बलों ने 11 नवंबर को कुलगाम में हुए हमले के बाद आतंकियों को खोजने के लिए घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया था। लतीफ भट कश्मीर घाटी में कई हमलों में शामिल रहा है, जिसमें जुलाई में प्रवासी मजदूरों की हत्या का मामला भी शामिल है।

15 लाख रुपये का इनाम घोषित था

लतीफ भट पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लतीफ भट जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग इलाकों में छोटे हमले करता था और उसके बाद स्थानीय लोगों के बीच आसानी से घुल-मिल जाता था। आम लोगों के बीच लतीफ भट को ढूंढना मुश्किल हो रहा था।

2020 में लश्कर-ए-तैयबा में हुआ था शामिल

लतीफ भट जम्मू-कश्मीर के कुलगाम का ही रहनेवाला था। उसने नवंबर 2020 में अपना घर छोड़ दिया था। उसके बाद वह लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हो गया। पिछले एक साल में वह लश्कर-ए-तैयबा के लिए एक बहुत ही अहम मोहरा बन गया था। लश्कर-ए-तैयबा अपने प्रॉक्सी संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (टीआरएफ) के नाम से हमले करता है। उसे पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं से निर्देश मिलते थे। आईएसआई लतीफ भट की मदद से कश्मीर में अपना स्थानीय नेटवर्क और मजबूत करना चाहती थी।

अमेरिका में राहुल गांधी ने ऐसा क्या कहा मच गया बवाल? बीजेपी ने किया पलटवार, कहा- 'मीर जाफर'

#rahulgandhistatementbjpcounterattack

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अमेरिका के दौरे पर हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी विदेश दौरे पर कोई ना कोई ऐसी बात कह देते हैं कि भारत का सियासी पारा चढ़ जाता है। अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर राहुल गांधी ने ऐया बयान दिया है, जिससे भारतीय जनता पार्टी भड़क गई है। बीजेपी ने उन्हें भारत-विरोधी करार दिया है।

कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी ने क्या कहा?

राहुल गांधी ने कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान भारत की अर्थव्यवस्था, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई थी। छात्रों से बातचीत के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा- युवाओं को अपना भविष्य नजर नहीं आ रहा है। राहुल गांधी ने अमेरिका में भारत की अर्थव्यवस्था और रोजगार के हालात पर टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि भारत एक बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है। देश में बेरोजगारी की समस्या व्यापक है और शिक्षा व्यवस्था में भी कई बुनियादी चुनौतियां मौजूद हैं। राहुल गांधी ने कहा कि इन समस्याओं को नजरअंदाज करने से हालात नहीं बदलेंगे।

राहुल गांधी 17 नवंबर को न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया यूनिवर्सिटी पहुंचे थे। यहां छात्रों और शिक्षाविदों के साथ संवाद के दौरान उन्होंने भारत के युवाओं की स्थिति पर अपनी बात रखी। उनसे मॉडरेटर लिडिया पोलग्रीन ने भारतीय युवाओं में बढ़ती निराशा और असंतोष को लेकर सवाल किया था।

बीजेपी बोली-देश का हर नागरिक शर्मसार

भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर दिए गए राहुल गांधी के बयान पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी विदेशी यात्रा पर कोलंबिया की यूनिवर्सिटी में एक साजिश के तहत भारत को बदनाम करने के लिए अनर्गल बयान, झूठे वक्तव्य और बेबुनियाद बातें कहते हैं, जिससे देश का हर नागरिक आज शर्मसार है।

भारत के मीर जाफर- गौरव भाटिया

बीजेपी नेता ने कहा कि अराजकता के प्रतीक, अपरिपक्व, भारत से नफरत करने वाले राहुल गांधी जब भी विदेशी धरती पर जाते हैं, तो झूठे बयान देते हैं। उनकी मंशा भारत की प्रगति को ठेस पहुंचाना और भारत की मजबूत अंतरराष्ट्रीय छवि को कमजोर करना है। राहुल गांधी अपरिपक्व हैं, यह हर कोई जानता है। लेकिन जब नेता प्रतिपक्ष होते हुए वे विदेशी धरती पर ऐसे जहरीले बोल बोलते हैं, तो पता चलता है कि वे भारत विरोधी हैं, एक शातिर व्यक्ति हैं और भारत के मीर जाफर हैं।

राहुल गांधी 'भारत-विरोधी प्रचार' के नेता- प्रदीप भंडारी

वहीं, बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने एक्स पोस्ट में कहा कि राहुल गांधी 'भारत-विरोधी प्रचार' के नेता हैं! जब भी वे विदेश जाते हैं, तो भारतीय लोकतंत्र और भारतीय अर्थव्यवस्था के खिलाफ बोलते हैं! राहुल गांधी ने खुद माना है कि वे भारतीय व्यवस्था के खिलाफ हैं! हर बार जब वे विदेश जाते हैं, तो वे इसे साबित कर देते हैं

एसआईआर को लेकर सुप्रीम कोर्ट पहुंचे राहुल गांधी, चुनाव आयोग से पूछे 48 सवाल

#petitionfiledinscagainstform6sirandcecgyaneshkumarindia_bloc

चुनाव में कथित धांधली और वोट चोरी मामले और सीईसी ज्ञानेश कुमार की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही है। सीईसी ज्ञानेश कुमार खिलाफ इंडिया गठबंधन ने सुप्रीम कोर्ट में नया आवेदन दिया है। राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के अन्य नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर निर्वाचन आयोग को प्रश्नावली भेजने की अनुमति मांगी है।

48 लिखित सवाल भेजने की अनुमति मांगी

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट में नई अर्जी दाखिल कर चुनाव आयोग को 48 लिखित सवाल भेजने की अनुमति मांगी गई है। सुप्रीम कोर्ट में दाखिल आवेदन में मुख्य चुनाव आयुक्त समेत तीनों चुनाव आयुक्तों से जानकारीभी मांगी गई है। सीईसी और दो अन्य चुनाव आयुक्तों से हलफनामे के जरिए जवाब देने की मांग की गई है।

एसआईआर के दौरान एकतरफा फैसले लेने के आरोप

याचिका में आरोप लगाया गया है कि देशभर में एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान एकतरफा फैसले लिए गए, मतदाताओं के नाम हटाए गए और चुनाव आयोग के ऑनलाइन पोर्टल में बिना उचित मंजूरी के बदलाव किए गए। विपक्षी नेताओं ने इन सभी मामलों पर चुनाव आयोग से स्पष्ट जानकारी मांगी है। कांग्रेस ने पूछा है कि कितने फैसलों पर दोनों चुनाव आयुक्त मुख्य चुनाव आयुक्त की राय से असहमत थे? इसके अलावा, देशभर में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कराने का फैसला किसने लिया था?

डिजिटल रिकॉर्ड को लेकर पूछे सवाल

दाखिल की गई अर्जी में चुनाव आयोग के ECINET और ERONET सिस्टम को लेकर भी कई सवाल पूछे गए हैं। याचिकाकर्ताओं ने जानना चाहा है कि इस सिस्टम को तैयार करने और इसमें बदलाव करने की मंजूरी किसने दी थी। इसके अलावा यह भी पूछा गया है कि वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने, हटाने या बदलने की सुविधा किन अधिकारियों के पास है? क्या किसी निजी कंपनी, ठेकेदार या सर्विस देने वाली एजेंसी के कर्मचारी को भी वोटर लिस्ट के डेटा में बदलाव करने की अनुमति थी? याचिकाकर्ताओं ने यह भी पूछा है कि वोटर लिस्ट में होने वाले हर बदलाव का डिजिटल रिकॉर्ड रखा जाता है या नहीं। अगर किसी मतदाता का नाम हटाया जाता है या दोबारा जोड़ा जाता है तो उसकी जानकारी सिस्टम में सुरक्षित रहती है या नहीं?

फॉर्म-6 में बदलाव पर सवाल

याचिका में ऑनलाइन फॉर्म-6 में नया घोषणा-पत्र जोड़ने के फैसले पर भी सवाल उठाए गए हैं। याचिकाकर्ताओं ने पूछा है कि इस बदलाव को किस अधिकारी ने मंजूरी दी थी। ये भी पूछा गया है कि चुनाव आयोग से इसकी मंजूरी कब मिली थी? इसके साथ ही अलग-अलग राज्यों में ड्राफ्ट और अंतिम मतदाता सूची से हटाए गए मतदाताओं की संख्या का पूरा ब्योरा मांगा गया है। अर्जी में यह भी पूछा गया है कि क्या चुनाव आयोग से जरूरी मंजूरी लेने के लिए व्हाट्सऐप या निजी ईमेल का इस्तेमाल किया गया था।

लगातार दूसरी बार आईसीसी के अध्यक्ष बने जय शाह, निर्विरोध हुआ चयन

#jayshahreappointedasthechairpersonoficcforsecondterm

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी आईसीसी ने भारत के जय शाह को एक बार फिर अपना चेयरमैन चुन लिया है। यह उनका लगातार दूसरा कार्यकाल होगा। बाली में हुई बैठक में सभी डायरेक्टर्स ने मिलकर उनके नाम का प्रस्ताव रखा था, जिसके बाद उनके सामने कोई और उम्मीदवार नहीं होने के कारण उन्हें बिना किसी विरोध के दोबारा इस पद की जिम्मेदारी सौंप दी गई।

आईसीसी ने एक्स हैंडल पर दी जानकारी

जय शाह को दोबारा चेयरमैन चुने जाने की जानकारी देते हुए आईसीसी ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल बोर्ड को यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि बाली में हुई बोर्ड और कमिटी की बैठक में सभी डायरेक्टर्स के प्रस्ताव के बाद, जय शाह को बिना किसी विरोध के दूसरे कार्यकाल के लिए फिर से आईसीसी चेयरमैन चुन लिया गया है। यह फैसला उनके नेतृत्व पर बोर्ड के भरोसे को दिखाता है। क्रिकेट के इस बेहद अहम दौर में यह कदम बेहद जरूरी है, ताकि दुनिया भर में इस खेल का विस्तार हो सके, फैंस की संख्या बढ़े और भविष्य की योजनाओं के तहत इसकी कमाई के नए रास्ते भी खुल सकें।

दोबारा जिम्मेदारी मिलने पर क्या बोले जय शाह?

दोबारा बार आईसीसी अध्यक्ष चुने जाने पर जय शाह ने कहा, आईसीसी बोर्ड का आभार जताया। उन्होंने कहा, आईसीसी के चेयरमैन के रूप में काम करना मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। मैं दुनिया भर में क्रिकेट के हितों को आगे बढ़ाने के लिए सभी सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हूं। हम अपने खेल के इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण और रोमांचक दौर में प्रवेश कर रहे हैं। लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी हमारे खेल को नए दर्शकों तक पहुंचाने और खिलाड़ियों तथा प्रशंसकों की नई पीढ़ी को प्रेरित करने का असाधारण अवसर है।

2024 में पहली बार भी निर्विरोध चुने गए थे

जय शाह पहली बार 2024 में आईसीसी चेयरमैन चुने गए थे। तब भी उनका निर्विरोध ही चुनाव हुआ था। उन्होंने ग्रेग बार्कले की जगह यह जिम्मेदारी संभाली थी। बार्कले ने तीसरे कार्यकाल के लिए चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया था। जय शाह ने 2024 में आईसीसी की कमान संभालकर इतिहास रचा था। वह इस वैश्विक क्रिकेट संस्था के सबसे युवा चेयरमैन बने थे।

बंगाल की खाड़ी में एक और चक्रवाती तूफान तबाही मचाने को तैयार, तमिलनाडु से ओडिशा तक अलर्ट

#cyclonethreatinbayofbengalrainalertissued

चक्रवाती तूफान अर्नब और मुरासु के बाद एक और चक्रवाती तूफान तबाही मचाने के लिए पहुंचने वाला है। बंगाल की खाड़ी में तूफान अक्वान तेजी से ताकतवर हो रहा है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक यहां बना डिप्रेशन 16 नवंबर को चक्रवाती तूफान और 17 नवंबर को भीषण चक्रवात में बदल सकता है। इसके बाद आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ने का अनुमान है। ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी बारिश हो सकती है।

तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश के अनुमान

मौसम विभाग के मुताबिक, 17 और 20 नवंबर को उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 18 और 19 नवंबर को कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इससे तमिलनाडु के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश में 18 नवंबर को हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। वहीं, 19 और 20 नवंबर को उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश (21 सेंटीमीटर से अधिक) हो सकती है।

ओडिशा में तूफान को लेकर तैयारियां तेज

मौसम विभाग का अनुमान है कि तूफान उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा और फिर उत्तर-पश्चिम की ओर मुड़कर आंध्र प्रदेश तट की तरफ जाएगा। तूफान के संभावित रास्ते को देखते हुए ओडिशा में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया कि कई टीमें तैनात की गई हैं। सभी जिलों में 24 घंटे काम करने वाले कंट्रोल रूम बनाए जा रहे हैं। एनडीआरएफ और ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ODRAF) के साथ अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं को भी तैयार रखा गया है। मौसम विभाग ने गुरुवार को गजपति, गंजाम और पुरी में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई है। शुक्रवार को रायगढ़ा, कोरापुट, मलकानगिरी, गजपति और गंजाम में तेज बारिश हो सकती है। शनिवार को सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा और बरगढ़ में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। निचले इलाकों में जलभराव और संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन का खतरा भी हो सकता है।

ईरान ने दिया तूफान का नाम अक्वान

बता दें कि कि हाल ही में आंध्र प्रदेश, ओडिशा और अन्य तटीय राज्यों में चक्रवात 'अर्नब' और 'मुरसु' आए थे। अक्वान इस क्षेत्र में पिछले तीन हफ्तों के दौरान बनने वाला तीसरा चक्रवाती तूफान होगा। तूफान का नाम अक्वान ईरान ने दिया है। इसका अर्थ ‘बुरी मानसिकता’ या ‘दुष्ट मन’ बताया गया है।

एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग को देना पड़ा इस्तीफ़ा, एक और अफेयर का खुलासा

#jensenhuangthirdaffairsurfacesafterresignfromnvidia_ceo

अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनी एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग ने इस्तीफ़ा दे दिया है। एनवीडिया के बोर्ड ने हुआंग के इस्तीफ़े की घोषणा की है। एलिस हुआंग और एनवीडिया की हेल्थकेयर वाइस प्रेसिडेंट किम्बर्ली पॉवेल के साथ उनके कथित विवाहेतर संबंधों की खबरों के बाद जेनसन हुआंग ने गुरुवार को कंपनी से इस्तीफा दे दिया। इस बीच जेनसन हुआंग के निजी रिश्तों को लेकर एक और खुलासा हुआ है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, हुआंग का कंपनी की एक अन्य कर्मचारी के साथ भी अंतरंग संबंध था। मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक जेनसेन का ये तीसरा अफेयर है।

अफेयर्स के कारण बढ़ा था इस्तीफा का दबाव

टेक दिग्गज कंपनी एनवीडिया के सीईओ और को-फाउंडर जेनसन हुआंग ने कंपनी के सीईओ सहित सभी पदों से इस्‍तीफा दे दिया है। ऐलिस हुआंग नाम की महिला से अफेयर के कारण उन्‍हें ये कदम उठाना पड़ा है। ऐलिस सिंगापुर की कंपनी मेगस्पीड में वरिष्ठ पद पर काम करती हैं और शक है कि वे चीन की खुफिया एजेंसी से जुड़ी हैं। ऐलिस हुआंग से विवाहेतर संबंधों की ख़बर के बीच एनवीडिया की हेल्थकेयर वाइस प्रेसिडेंट किम्बर्ली पॉवेल के साथ भी अफेयर की खबरे सामने आई थी। जेनसेन हुआंग के विवाहेतर संबंधों की खबरों के बाद उन पर इस्तीफा देने का दबाव बढ़ गया था। इसके बाद उन्होंने कंपनी छोड़ने का फैसला किया।

जेनसेन का तीसरा अफेयर भी सामने आया

जेनसेन हुआंग के कंपनी छोड़ने के बाद अब एक और बड़ा खुलासा हुआ है। कंपनी के ही एक अन्य कर्मचारी के साथ संबंध रखने का आरोप लगा है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक जेनसेन का ये तीसरा अफेयर है। हाल ही में सामने आए रिश्ते में शामिल कर्मचारी की पहचान नहीं बताई गई। यह नया खुलासा, पूर्व एनवीडिया बॉस से जुड़े दो अन्य एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर की खबरों के बाद सामने आया है।

स्वीकार की थी पत्नी से बेवफाई की बात

जेनसन हुआंग ने 8 नवंबर को जारी एक बयान में विवाहेतर संबंध होने की बात स्वीकार की थी। यह बयान एलिस हुआंग के साथ उनके कथित रिश्ते की खबरें सामने आने के बाद आया था। हालांकि, उन्होंने अपने बयान में एलिस का नाम नहीं लिया था।

कोलेट क्रेस बनी कंपनी की अंतरिम सीईओ

जेनसन हुआंग के इस्तीफे के बाद एनवीडिया के बोर्ड ने कंपनी की वित्त प्रमुख कोलेट क्रेस को अंतरिम सीईओ नियुक्त किया है। कोलेट क्रेस सितंबर 2013 में एनवीडिया से जुड़ी थीं। इसके बाद क्रेस कंपनी की एग्ज़ीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (सीएफओ) बनीं। कंपनी के बोर्ड के मुताबिक़, उन्होंने कंपनी के वित्तीय संगठन का नेतृत्व किया है और "एनवीडिया के विकास और बदलाव में अहम भूमिका निभाई है।"

दिल्ली के पूर्व सीएम को किसने दी जान से मारने की धमकी, मांगी 7 करोड़ रंगदारी

#threattoarvindkejriwallawrencebishnoigang

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी देने का मामला सामने आया है। केजरीवाल को जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले ने 7 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। इस मामले में पंजाब के मोहाली स्थित साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कराया गया है।

विधायक जरनैल सिंह को फोन कर दी धमकी

ये धमकी दिल्ली के तिलक नगर से विधायक जरनैल सिंह को फोन कर दी गई है। आरोपी ने व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर भी सात करोड़ रुपये मांगे। विधायक ने पुलिस को बताया कि उन्हें माध्यम बनाकर केजरीवाल तक फिरौती की मांग और हत्या की धमकी पहुंचाने की कोशिश की गई। रुपये न देने पर केजरीवाल और उनकी बेटी की हत्या करने की धमकी दी गई। विधायक की शिकायत पर मोहाली के साइबर क्राइम थाने में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

आरोपी ने खुद को बताया लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य

विधायक जरनैल सिंह ने 6 नवंबर को मोहाली के एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि उनके निजी मोबाइल नंबर पर आरोपित का फोन आया था। इसके बाद उसी नंबर से व्हाट्सएप पर धमकी भरा संदेश भी भेजा गया। बताया जा रहा है कि आरोपी के व्हाट्सएप प्रोफाइल पर ‘एच’ नाम दिखाई दे रहा था। फोन करने वाले ने खुद को लारेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए कहा कि केजरीवाल को सात करोड़ रुपये देने के लिए कह दो, नहीं तो उन्हें और उनकी बेटी को जान से मार दिया जाएगा।

पुलिस कर रही मामले की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए मोहाली के साइबर क्राइम थाने में शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी देने वाला कौन है और उसका लॉरेंस बिश्नोई गैंग से वास्तव में कोई संबंध है या नहीं। धमकी देने के लिए इस्तेमाल किए गए माध्यम और आरोपी की पहचान का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच करेगी कि रंगदारी मांगने के पीछे कौन लोग शामिल हैं और उनका मकसद क्या है।

लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर पहले भी मांगी गई रंगदारी

लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेकर रंगदारी मांगने और धमकी देने के कई मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। पंजाब और चंडीगढ़ में कारोबारियों के अलावा मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों को भी इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं।