मतदाता जागरूकता अभियान का जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने किया शुभारम्भ
लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता की सहभागिता जरूरी, युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करने पर दिया बल
एक-एक मत देश और समाज के भविष्य की दिशा निर्धारित करने में निभाता है महत्वपूर्ण भूमिका -पवन कुमार गंगवार
मतदाता जागरूकता का उद्देश्य केवल मतदान प्रतिशत बढ़ाना ही नहीं, बल्कि नागरिकों में लोकतांत्रिक चेतना, जिम्मेदारी एवं निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति विश्वास को मजबूत भी है करना -जिलाधिकारी
मीरजापुर, 17 नवम्बर 2026- जनपद में मतदाता जागरूकता को व्यापक स्वरूप प्रदान करने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिकाधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह ने पीएम श्री राजकीय इण्टर कॉलेज, महुवरिया के सभागार में दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर मतदाता जागरूकता अभियान का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक मतदाता और उसकी सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। मतदान केवल संवैधानिक अधिकार ही नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है।
जिलाधिकारी ने अपने सम्बोधन में कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को अधिकाधिक सहभागी, निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने के लिए आवश्यक है कि प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार के प्रति जागरूक हो और निर्धारित समय पर अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत का अपना महत्व है। एक-एक मत देश और समाज के भविष्य की दिशा निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने अथवा मतदान करने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि मतदाता जागरूकता का उद्देश्य केवल मतदान प्रतिशत बढ़ाना ही नहीं, बल्कि नागरिकों में लोकतांत्रिक चेतना, जिम्मेदारी एवं निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति विश्वास को मजबूत करना भी है।
जिलाधिकारी ने विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों से कहा कि वे विद्यालयों में मतदाता जागरूकता से संबंधित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करें तथा विद्यार्थियों को लोकतंत्र, संविधान, निर्वाचन प्रक्रिया एवं मताधिकार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दें। शिक्षक समाज निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके माध्यम से जागरूकता का संदेश प्रत्येक परिवार तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, निबंध, भाषण, वाद-विवाद, पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को इस अभियान से सक्रिय रूप से जोड़ा जाए, जिससे मतदाता जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचे।
छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि युवा किसी भी देश की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। आज के विद्यार्थी कल के जिम्मेदार नागरिक और लोकतंत्र के सजग प्रहरी बनेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने परिवार, अभिभावकों, रिश्तेदारों एवं आस-पड़ोस के लोगों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करें। जिन युवाओं की आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, वे अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं तथा अन्य पात्र लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि मतदान के समय किसी भी प्रकार के प्रलोभन, दबाव अथवा भेदभाव से प्रभावित हुए बिना स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से अपने विवेक का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी बी0एल0ओ0 अपने बूथ पर फार्म 6, 7 एवं 8 के साथ उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि मतदाता जागरूकता अभियान को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे जनभागीदारी से जुड़ा व्यापक अभियान बनाया जाए। इसके लिए विद्यालयों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की सामूहिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक विद्यालय मतदाता जागरूकता का एक प्रभावी केंद्र बने, जहां से निकलने वाला संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे।
मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि लोकतंत्र की सफलता जागरूक, जिम्मेदार एवं सक्रिय मतदाताओं पर आधारित है। मतदाता जागरूकता अभियान में शिक्षण संस्थानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों से अपेक्षा की कि वे विद्यार्थियों के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश प्रत्येक घर तक पहुंचाएं तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और निर्वाचन में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों से मतदाता जागरूकता अभियान को सफल बनाने, लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने तथा समाज के प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर मतदाता जागरूकता से सम्बन्धित शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर परियोजना निदेशक डी0आर0डी0ए0 धर्मजीत सिंह, प्राचार्य पीएमश्री राजकीय इण्टर कालेज सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।
33 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.3k